Ladli Behna Yojana : भोपाल। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने लाड़ली बहनों के लिए बड़ी खुशखबरी दी है। इस महीने यानी अक्टूबर में लाड़ली बहना योजना की महिलाओं को एक बार फिर पैसा मिलने वाला है। सरकार ने भाई दूज के मौके पर 250 रुपये का अतिरिक्त शगुन बोनस देने का ऐलान किया है।
अक्टूबर की 1250 रुपये की किस्त पहले ही महिलाओं के खातों में आ चुकी है। अब भाई दूज (23 अक्टूबर) को उनके खाते में 250 रुपये और भेजे जाएंगे। इस तरह अक्टूबर की कुल राशि 1500 रुपये हो जाएगी।
नवंबर से हर महीने मिलेंगे 1500 रुपये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहले ही घोषणा की थी कि अब नवंबर से हर महीने 1500 रुपये की किस्त दी जाएगी। यानी अब से महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये मिलेंगे।
सरकार का कहना है कि त्योहारों के समय महिलाओं को अतिरिक्त मदद दी जाती है ताकि वे खुशियों के साथ त्योहार मना सकें। रक्षाबंधन पर भी महिलाओं को 250 रुपये का बोनस दिया गया था ।
बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि सरकार ने अपने वादे पूरे किए हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि यह योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का बड़ा कदम है। उनका कहना है कि “बहनों के हाथों से एक पैसा भी बर्बाद नहीं होता, यह राशि परिवार की भलाई में लगती है।”
1 करोड़ 27 लाख से ज्यादा महिलाओं को लाभ
लाड़ली बहना योजना के तहत अब तक 1 करोड़ 27 लाख से अधिक महिलाएं फायदा उठा रही हैं। सरकार ने इसके लिए एक अलग पोर्टल भी बनाया है, जहां लाभार्थी अपने भुगतान की स्थिति देख सकती हैं।
भविष्य में बढ़ सकती है राशि
मुख्यमंत्री ने संकेत दिए हैं कि आगे चलकर इस योजना की राशि 3000 रुपये प्रति माह तक बढ़ाई जा सकती है। साथ ही इसे रोजगार और स्वास्थ्य योजनाओं से भी जोड़ा जाएगा।