MP Ladli Behna Yojana Update: मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। भाई दूज के मौके पर सीएम ने 1.26 करोड़ बहनों के बैंक खातों में 250 रुपए की किस्त ट्रांसफर की और कहा कि अब बहनों को हर महीने 1500 रुपए मिलेंगे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि 1.26 करोड़ बहनों का भाई होना मामूली बात नहीं है। आपका आशीर्वाद हमेशा बना रहे। बहनें दो परिवारों (मायका और ससुराल) को संभालती हैं।
सीएम मोहन यादव ने कहा कि आने वाले समय में यह संख्या और बढ़ेगी। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने बहनों के लिए कोई योजना शुरू नहीं की, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। जो लोग कहते हैं कि बहनें इस राशि का गलत इस्तेमाल करती हैं, उन्हें अपने शब्दों पर शर्म आनी चाहिए। लोकतंत्र तब मजबूत होता है जब भाई-बहन का रिश्ता मजबूत हो।
यह कार्यक्रम भोपाल स्थित मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित किया गया। इसमें मंत्री निर्मला भूरिया, कृष्णा गौर, राकेश शुक्ला, विधायक रामेश्वर शर्मा, भगवान दास सबनानी, विष्णु खत्री, महापौर मालती राय और नगर निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी मौजूद रहे।
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अब तक लाड़ली बहना योजना के तहत 44,917.92 करोड़ रुपए सीधे बहनों के खातों में भेजे जा चुके हैं। नवंबर से नई राशि के रूप में हर पात्र बहन को एक साथ 1500 रुपए ट्रांसफर किए जाएंगे, जिस पर 300 करोड़ रुपए से अधिक का खर्च आएगा।
READ MORE: किसानों को 0% ब्याज पर 3 लाख तक ऋण, अस्पतालों में बढ़ेंगे बेड…