Chambalkichugli.com

Bhind News: भिंड में किन्नर सिकंदर मौसी के घर फायरिंग, जानिए क्या है विवाद की वजह

Bhind News

Bhind News: भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड शहर में शनिवार रात बीटीआई संतोष नगर इलाके में किन्नर सिकंदर मौसी के घर पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर दी। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। मौके से पुलिस ने कारतूस का एक खोखा बरामद किया है। फायरिंग की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें आरोपी भागते हुए नजर आ रहा है।

घर के शीशे पर मिले गोली के निशान

सिकंदर मौसी ने बताया कि देर रात अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। पहले लगा कि कोई पटाखा फूटा है, लेकिन खिड़की के शीशे टूटे देख उन्हें शक हुआ। जांच करने पर दीवार और शीशे पर गोली के निशान मिले। उस वक्त घर में उनकी साथिनें नायरा और बिजली भी मौजूद थीं।

गद्दी विवाद को बताया कारण

सिकंदर मौसी ने आरोप लगाया कि इस फायरिंग के पीछे एक अन्य किन्नर का हाथ है, जिसके साथ पिछले सात साल से गद्दी को लेकर विवाद चल रहा है। उन्होंने कहा कि इसी रंजिश के चलते यह हमला करवाया गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, किन्नर समाज में गद्दी के अधिकार को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही है। यह मामला पहले भी कई बार थाने तक पहुंच चुका है, लेकिन अब तक इसका समाधान नहीं हुआ।

पुलिस ने शुरू की जांच

टीआई मुकेश शाक्य ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से कारतूस का खोखा जब्त कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल आरोपियों की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

READ MORE: जानिए डूबते सूर्य को अर्घ्य देने की सही विधि, शुभ योग और महत्व

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *