MP Crime News : ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में नोटरी शादी के बाद दुष्कर्म का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुरार खुरैरी इलाके में एक 32 वर्षीय महिला ने 6 साल तक शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि आरोपी ने नोटरी पर शादी कर उसे पत्नी की तरह अपने साथ रखा, लेकिन अब शादी से इनकार कर भाग गया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
ऐसे शुरू हुई कहानी
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया कि पीड़िता ने मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि साल 2019 में वह मालनपुर की एक फैक्ट्री में काम करती थी, वहीं उसकी मुलाकात मुरैना के किशनपुर माता बसैया निवासी चंद्रपाल यादव से हुई। बातचीत के बाद दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और चंद्रपाल ने शादी का वादा किया। उसने नोटरी पर शादी भी कर ली और महिला को अपने साथ रख लिया।
6 साल तक साथ रख किया शारीरिक शोषण
महिला ने बताया कि आरोपी ने 6 साल तक उसे अपने साथ रखकर संबंध बनाए। इस दौरान उसके तीन बच्चे भी हुए। 2025 में आरोपी का व्यवहार अचानक बदल गया। उसने दूरी बनानी शुरू कर दी और बाद में शादी से ही इनकार कर दिया।
दस्तावेजों की जांच
महिला की शिकायत पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद्रपाल को गिरफ्तार कर लिया। एएसपी ने बताया कि नोटरी दस्तावेजों की जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शादी कानूनी रूप से वैध थी या नहीं।
पीड़िता ने कहा कि उसे प्यार और शादी के झांसे में फंसाया गया, अब वह अपने तीन बच्चों के साथ न्याय की उम्मीद कर रही है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए सभी कानूनी कदम उठाए जाएंगे।
READ MORE: दतिया में किसान पर एफआईआर, प्रशासन ने दिखाई सख्ती