Chambalkichugli.com

Shivpuri News: मक्का के घटे दाम पर किसानों का फूटा गुस्सा, NH-46 पर लगा चक्काजाम

(Shivpuri News) 

Shivpuri News: शिवपुरी जिले के कोलारस क्षेत्र में मंगलवार को मक्का के कम दाम मिलने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। लुकवासा कृषि उपज मंडी में व्यापारियों द्वारा उचित मूल्य न देने के विरोध में किसानों ने दो बार नेशनल हाईवे 46 पर चक्काजाम कर दिया, जिसके कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसानों को समझाइश दी और जाम खुलवाया।

दोपहर में पहली बार जाम

दोपहर करीब 2 बजे गुस्साए किसानों ने फसल की कम कीमत पर नाराजगी जताते हुए NH-46 को रोक दिया। प्रशासन ने बातचीत कर जाम खुलवाया और मंडी में तौल शुरू कराई। कुछ देर बाद फिर विवाद बढ़ा और करीब 3:45 बजे किसानों ने एक बार फिर सड़क पर जाम लगा दिया।

Read More: मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ा, भोपाल का 84 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा

समझाइश और चेतावनी देकर खुलवाया जाम

दूसरी बार जाम लगने पर एसडीएम अनूप श्रीवास्तव, एसडीओपी संजय मिश्रा, टीआई गब्बर सिंह गुर्जर, तहसीलदार सचिन भार्गव और लुकवासा चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों से बातचीत कर समझाया और मनमानी पर उतरे लोगों को चेतावनी भी दी। इसके बाद किसानों ने जाम खोल दिया।

हजारों वाहन फंसे

घंटों तक लगे जाम के कारण हाईवे पर हजारों वाहनों की कतार लग गई। ट्रैफिक देर रात तक रेंगते हुए ही चलता रहा। किसानों का यह गुस्सा नया नहीं है—इसी महीने 3 नवंबर को भी किसानों ने कम दाम के विरोध में हाईवे जाम किया था जो करीब पांच घंटे तक चला था।

READ MORE: छठे सिंहस्थ की तैयारी में जुटा उज्जैन, 65 साल पुराना ज्योति नगर सबस्टेशन होगा हाई-टेक

किसानों ने व्यापारियों पर लगाए मनमानी के आरोप

किसानों का आरोप है कि व्यापारी गीला और सूखा मक्का एक ही रेट पर खरीद रहे हैं। इसके अलावा दागदार मक्का और नई फसल का दाम भी समान दिया जा रहा है।
लुकवासा मंडी में मक्का 800 से 1200 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदा जा रहा है जबकि अन्य मंडियों में यह दाम काफी ज्यादा मिल रहे हैं। किसानों का कहना है कि इतने कम दाम पर फसल की लागत भी नहीं निकल रही।

एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि मंडी में मंगलवार को मक्का का न्यूनतम भाव 1200 और अधिकतम भाव 1750 रुपये रहा।

उन्होंने कहा कि चक्काजाम कुछ उपद्रवी किसानों द्वारा भड़काकर करवाया गया। ऐसे चेहरों की पहचान कर ली गई है और आगे कार्रवाई की जाएगी। (Shivpuri News)

READ MORE: इंदौर में चार नए सार्वजनिक शौचालयों की शुरुआत

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *