मृतक की पहचान देहदेह गांव निवासी 25 वर्षीय नेतराम आदिवासी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार नेतराम मंगलवार को अपनी मां से बुआ के घर जाखनौद जाने की बात कहकर निकला था और रात में अपनी बुआ कारी आदिवासी के घर पहुंचा था। परिवार को किसी अनहोनी की आशंका नहीं थी।
बुधवार सुबह गांव की महिलाएं रोज की तरह पानी भरने जा रही थीं। इसी दौरान उन्होंने गांव के खरंजे पर एक युवक को बेसुध अवस्था में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर युवक में कोई हलचल नहीं थी। महिलाओं ने तत्काल इसकी सूचना नेतराम की बुआ कारी आदिवासी को दी।
सूचना मिलते ही कारी आदिवासी अपने दामाद के साथ मौके पर पहुंचीं। उन्होंने युवक की पहचान अपने भतीजे नेतराम के रूप में की। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई।
पोहरी थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।