Chambalkichugli.com

DR. MOHAN YADAV:: मुंबई क्लाइमेट वीक-2026 में बुधवार को मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे विशेष सत्र की अध्यक्षता

DR. MOHAN YADAV:

भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार 17 से 19 फरवरी 2026 तक आयोजित मुंबई क्लाइमेट वीक 2026 में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराएगी। 18 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव विशेष सत्र की अध्यक्षता करेंगे, जिसमें राज्य की सतत, स्केलेबल और निवेश-अनुकूल नवकरणीय ऊर्जा तथा ऊर्जा भंडारण से जुड़े नवाचारों का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

जनसम्पर्क अधिकारी क्रांतिदीप अलूने के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. यादव बुधवार शाम 6:30 बजे से 8:10 बजे तक मुंबई के बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) स्थित होटल सोफिटेल में आयोजित विशेष कार्यक्रम में प्रदेश के ग्रीन एनर्जी रोडमैप को प्रस्तुत करेंगे। इस दौरान राज्य की नीतिगत पहलों, ऊर्जा अवसंरचना के विस्तार और ऊर्जा भंडारण क्षमता बढ़ाने की रणनीतियों पर प्रकाश डाला जाएगा।

मध्य प्रदेश सरकार का उद्देश्य यह दर्शाना है कि प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा की सुलभता, विश्वसनीयता और निवेश प्रतिस्पर्धा के साथ सतत विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यक्रम में यह भी बताया जाएगा कि किस प्रकार राज्य निवेशकों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर रहा है और ऊर्जा क्षेत्र में दीर्घकालिक साझेदारी के अवसर उपलब्ध करा रहा है।

मुंबई क्लाइमेट वीक 2026 को भारत में जलवायु कार्रवाई को गति देने के लिए एक राष्ट्रीय मंच के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इस मंच पर विभिन्न राज्यों द्वारा जलवायु नवाचार, स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन और पर्यावरणीय स्थिरता से जुड़े मॉडल प्रस्तुत किए जाएंगे। देश-विदेश के नीति-निर्माता, अंतर्राष्ट्रीय विशेषज्ञ, निवेशक और क्लाइमेट क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ इसमें भाग लेंगे।

यह आयोजन मध्य प्रदेश को हरित ऊर्जा निवेश के लिए एक आकर्षक और विश्वसनीय गंतव्य के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *