Chambalkichugli.com

पांढुर्णा में डकैतों का आतंक: 5 वारदातों में लाखों की लूट, 12 नकाबपोश हथियारों के बल पर फरार


पांढुर्णा । पांढुर्णा में बीती रात डकैती की एक-दो नहीं बल्कि पांच सनसनीखेज वारदातों ने शहर को दहला दिया। करीब एक दर्जन नकाबपोश और हथियारधारी बदमाशों ने अलग-अलग इलाकों में मकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार बदमाशों ने देर रात घरों में घुसकर पहले मकान मालिकों के साथ मारपीट की और फिर कीमती सामान लेकर फरार हो गए। संतोषी माता वार्ड और साई धाम कॉलोनी सहित कई इलाकों में डकैतों ने एक ही रात में पांच वारदातों को अंजाम दिया। पीड़ितों के मुताबिक हमलावरों की संख्या 10 से 12 के बीच थी और सभी ने चेहरे ढक रखे थे।

संतोषी माता वार्ड में वन विभाग कर्मचारी सुनील यदुवंशी ने बताया कि बदमाशों ने घर में घुसते ही लोहे की रॉड से उनके पैर पर हमला कर दिया। वहीं कंचन कौशिक ने बताया कि आरोपियों ने उनके गले पर लोहे की रॉड रखकर जान से मारने की धमकी दी और सोने का मंगलसूत्र व कान के झुमके छीन लिए। साई धाम कॉलोनी निवासी अमित डोंगरे ने बताया कि उनके घर की खिड़की पर पत्थरों से हमला कर अंदर घुसने की कोशिश की गई और नकदी व जेवरात लेकर आरोपी फरार हो गए।

पीड़ित परिवारों का कहना है कि बदमाश बेहद संगठित तरीके से वारदात को अंजाम दे रहे थे। कुछ ही मिनटों में वे घरों से कीमती सामान समेटकर भाग निकले। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपये का नुकसान हुआ है हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक तौर पर लूटी गई रकम का खुलासा नहीं किया है।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी की गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

लगातार हुई इन पांच डकैतियों से शहरवासियों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग की है। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कानून के हवाले किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *