भिंड में दर्दनाक हादसा: स्कूल बस की चपेट में आने से 11 साल की बच्ची की मौत, चालक गिरफ्तार
भिंड के गोहद क्षेत्र के बिरखड़ी गांव में स्कूल बस की चपेट में आने से 11 साल की बच्ची की मौत हो गई।

Bhind News: भिंड के गोहद क्षेत्र में बुधवार सुबह स्कूल बस की चपेट में आने से 11 साल की छात्रा की मौत हो गई। बच्ची सड़क किनारे स्कूल जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चालक ने बस पीछे की, जिससे वह पिछले टायर की चपेट में आ गई। हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली है।
बस पीछे करते समय हुआ हादसा
घटना बुधवार सुबह गोहद क्षेत्र के बिरखड़ी गांव के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, बिरखड़ी निवासी परिवार की 11 वर्षीय बेटी दीप्ति शर्मा सनग्लो स्कूल में पढ़ती थी। वह सुबह सड़क किनारे स्कूल बस का इंतजार कर रही थी।
इसी दौरान सनराइज स्कूल लिखी बस वहां पहुंची। चालक ने बस को पीछे करना शुरू किया, लेकिन पीछे खड़ी बच्ची पर उसकी नजर नहीं पड़ी। बस का पिछला टायर बच्ची की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गुस्साए परिजनों ने हाईवे पर लगाया जाम
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बच्ची की मौत से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने बस चालक को पकड़ लिया। इसके बाद भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे-719 पर चक्काजाम कर दिया। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई।
ग्रामीणों ने स्कूल बसों की सुरक्षा व्यवस्था और चालक की लापरवाही पर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि बच्चों को लाने-ले जाने वाले वाहनों में सुरक्षा नियमों का पालन होना चाहिए।
पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त की
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी विकास सिंह तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। समझाइश के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर उसका मेडिकल परीक्षण कराया और हादसे में शामिल बस जब्त कर ली। बच्ची के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोहद ले जाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
स्कूल बसों की फिटनेस पर उठे सवाल
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक निजी स्कूलों की बसें निर्धारित सुरक्षा मानकों के मुताबिक संचालित नहीं हो रही हैं। उनका दावा है कि कई बसें जर्जर हालत में हैं।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने स्कूल वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा इंतजामों की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि बसों की नियमित जांच होनी चाहिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा से जुड़े नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। थाना प्रभारी विकास सिंह तोमर के मुताबिक, चालक को गिरफ्तार कर बस जब्त कर ली गई है। बस के दस्तावेजों का भी नियमानुसार परीक्षण कराया जाएगा।


