मुरैना में कॉलेज की बस पर हमला, बाइक सवार बदमाशों ने की तोड़फोड़; चालक समेत 3 छात्र घायल
मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर श्रीराम कॉलेज के छात्रों से भरी बस को बाइक सवार बदमाशों ने रोककर हमला किया।

Morena College Bus Attack: मुरैना में कॉलेज के छात्रों से भरी बस को बाइक सवार बदमाशों ने रोककर हमला कर दिया। आरोपियों ने पहले बाइक लगाकर बस का रास्ता रोका, फिर उसमें सवार छात्रों के साथ मारपीट की और बस में तोड़फोड़ भी की। घटना में बस चालक समेत तीन लोग घायल हुए हैं। हमले के बाद सभी छात्र बस लेकर कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत की।
बस को रोककर किया हमला
जानकारी के मुताबिक, घटना कोतवाली थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-44 पर हुई। बस में बनमोर स्थित श्रीराम कॉलेज के छात्र सवार थे। इसी दौरान आधा दर्जन से अधिक बाइक सवार बदमाशों ने बस के आगे बाइक लगाकर उसे रोक लिया। बस रुकते ही आरोपियों ने छात्रों पर हमला कर दिया। बदमाशों ने बस में भी तोड़फोड़ की। अचानक हुए हमले से बस में सवार छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
चालक समेत तीन छात्र घायल
हमले में बस चालक सहित तीन छात्र घायल हुए हैं। घटना के बाद छात्र बस लेकर सीधे कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी।
पुलिस ने तीन आरोपियों की बाइक जब्त की
छात्रों की शिकायत के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों की बाइक जब्त की हैं। पुलिस अब हमले में शामिल लोगों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी है।


-1.jpg&w=3840&q=75)
