ग्वालियर में घर के बाहर कार में लगाई आग, बेटे से पुरानी रंजिश; जानिए कैसे हुई आरोपी की पहचान
ग्वालियर में पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़ी कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप है। घटना CCTV में कैद हुई, आरोपी की तलाश जारी है।
ग्वालियर के विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव स्थित सरस्वती नगर में आपसी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़ी कार में पेट्रोल डालकर आग लगाने का मामला सामने आया है। आरोपी बाल्टी में पेट्रोल लेकर पहुंचा और कार पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी तलाश कर रही है।
14 सितंबर की शाम कार में लगी आग
सरस्वती नगर निवासी रेलवे कर्मचारी रामकुमार सिंह कुशवाह की ईको स्पोर्ट कार में 14 सितंबर की शाम अचानक आग लग गई। कार से लपटें उठती देख परिजन ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कार में अचानक आग लगने से मामला संदिग्ध लगा, जिसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई।
बाल्टी में पेट्रोल लेकर पहुंचा आरोपी
CCTV फुटेज में एक युवक हाथ में बाल्टी लेकर कार के पास आता दिखाई दिया। पुलिस के अनुसार बाल्टी में पेट्रोल था। युवक ने कार पर पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगाने के बाद मौके से भाग गया। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान डी-17 साइट नंबर-1 निवासी सिद्धांत पुत्र विवेक सिंह घुरैया के रूप में की।
बेटे से पुरानी रंजिश का आरोप
पुलिस की जांच में सामने आया कि सिद्धांत की रामकुमार सिंह के बेटे आर्यवर्द्धन से पुरानी रंजिश चल रही थी। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते आरोपी ने कार में आग लगाने की वारदात को अंजाम दिया। आग से कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
झांसी भेजी गई कार, आरोपी की तलाश जारी
कार मालिक मरम्मत के लिए वाहन को स्थानीय सर्विस सेंटर लेकर पहुंचे, लेकिन डीलर ने सुधार कार्य करने से मना कर दिया। इसके बाद कार को मरम्मत के लिए झांसी भेजा गया है। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी रवीन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।


.jpg&w=3840&q=75)