‘पैसा डबल’ स्कीम पड़ गई भारी! दोस्त ने रकम दोगुनी करने का दिया था झांसा, बाद में बोला- शेयर मार्केट डूब गया
ग्वालियर के मुरार में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 1.74 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी दोस्त ने एक साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया था। जब एक साल बाद पीड़ित ने अपनी रकम और मुनाफा मांगा, तो आरोपी दोस्त ने कहा कि तुम्हारे शेयर डूब गए।

Gwalior Share Market Fraud: ग्वालियर में शेयर मार्केट में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का सपना दिखाकर एक शख्स से 1.74 लाख रुपए से ज्यादा की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी कोई अनजान व्यक्ति नहीं, बल्कि पीड़ित का दोस्त ही है। उसने एक साल में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाकर अलग-अलग बैंक खातों और UPI के जरिए पैसे ट्रांसफर कराए। जब एक साल बाद पीड़ित ने अपनी रकम और मुनाफा मांगा, तो आरोपी दोस्त ने जवाब दिया- तुम्हारे शेयर डूब गए हैं।
मामला मुरार थाना क्षेत्र के हाथीखाना रोड का है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दोस्ती पर भरोसा कर शेयर मार्केट में लगाए पैसे
हाथीखाना रोड निवासी रामअवतार कुशवाहा (42) ने पुलिस को बताया कि दतिया निवासी भगवानदास कुशवाहा उसका परिचित है, जो फिलहाल मुरार के बंशीपुरा में रहता है। भगवानदास ने उसे शेयर मार्केट में निवेश करने की सलाह दी थी।
आरोपी ने दावा किया था कि शेयर बाजार में निवेश करने से अच्छा मुनाफा मिल सकता है। उसने रामअवतार को एक साल के भीतर रकम दोगुनी करके देने का भरोसा भी दिलाया। रामअवतार को शेयर मार्केट की जानकारी नहीं थी, इसलिए उसने खुद निवेश करने के बजाय भगवानदास को पैसे देने का फैसला किया।
अलग-अलग खातों से ट्रांसफर कराए 1.74 लाख रुपए
भगवानदास के भरोसे में आकर रामअवतार ने सितंबर 2025 में अलग-अलग तारीखों पर रकम ट्रांसफर की। इसके लिए उसके दोस्त गजराज कुशवाहा के पंजाब नेशनल बैंक खाते से UPI के जरिए करीब 1.74 लाख रुपए भेजे गए।
इसके अलावा रामअवतार ने अपने बैंक खाते और एक अन्य दोस्त वासुदेव कुशवाहा के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से भी आरोपी को रकम ट्रांसफर की थी। इस तरह शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर आरोपी ने अलग-अलग माध्यमों से पैसे हासिल किए।
पैसे वापस मांगे तो बोला- शेयर डूब गए
करीब एक साल बाद जब रामअवतार ने भगवानदास से अपनी रकम और मुनाफे के बारे में पूछा, तो आरोपी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि जिस शेयर में रकम लगाई गई थी, उसमें पैसा डूब गया है।
आरोपी के इस जवाब के बाद रामअवतार को अपने साथ धोखाधड़ी होने का संदेह हुआ। उसने आरोपी से रकम वापस मांगी, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
मुरार थाना पुलिस ने दर्ज किया केस
धोखाधड़ी का अहसास होने पर रामअवतार ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत की। मामला सामने आने के बाद मुरार थाना पुलिस ने पीड़ित को बुलाकर लेनदेन से जुड़ी जानकारी और सबूत जुटाए। इसके बाद भगवानदास कुशवाहा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
डीएसपी क्राइम मनीष यादव ने लोगों को निवेश के नाम पर मिलने वाले लालच से सावधान रहने की सलाह दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

