Income Tax Action: जबलपुर में तीन चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर-ऑफिस पर IT की दबिश, जानें क्या है पूरा मामला ?
जबलपुर में इनकम टैक्स टीम ने तीन चार्टर्ड अकाउंटेंट के घर-ऑफिस पर कार्रवाई कर विदेशी लेनदेन, संदिग्ध संस्थाओं, फर्जी ट्रस्ट और वित्तीय दस्तावेजों की जांच की।

Income Tax Action: जबलपुर में इनकम टैक्स विभाग की टीम ने तीन चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) से जुड़े ठिकानों पर कार्रवाई की है। नेपियर टाउन और विजय नगर इलाके में घरों और कार्यालयों पर पहुंची टीम ने दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच शुरू की है। कार्रवाई का फोकस विदेशों में भेजी गई बड़ी रकम, विदेशी मुद्रा से जुड़े लेनदेन और संदिग्ध संस्थाओं के जरिए हुए वित्तीय ट्रांजैक्शन पर बताया जा रहा है।
तीन साल के लेनदेन की पड़ताल
सूत्रों के मुताबिक, इनकम टैक्स विभाग पिछले करीब तीन वर्षों के दौरान संदिग्ध संस्थाओं के माध्यम से विदेश भेजे गए धन की जानकारी खंगाल रहा है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि विदेश भेजी गई रकम का वास्तविक उद्देश्य क्या था और संबंधित लेनदेन के पीछे कौन-कौन सी संस्थाएं और लोग जुड़े हुए हैं।
फर्जी धर्मार्थ ट्रस्टों के जरिए एंट्री का शक
साथ ही जांच में कथित तौर पर कुछ धर्मार्थ ट्रस्टों और संस्थाओं के माध्यम से Accommodation Entries दिए जाने की आशंका भी सामने आई है। दान और अंशदान के नाम पर किए गए लेनदेन की वास्तविकता की जांच की जा रही है। विभाग यह भी देख रहा है कि जिन संस्थाओं के जरिए कारोबार या वित्तीय लेनदेन दिखाए गए, उनका वास्तविक अस्तित्व और गतिविधियां क्या थीं।
टर्नओवर और विदेशी रकम के बीच कनेक्शन की जांच
वहीं इनकम टैक्स टीम फर्जी या संदिग्ध संस्थाओं के बताए गए टर्नओवर और विदेश भेजी गई रकम के बीच संभावित संबंधों की पड़ताल कर रही है। इसके साथ ही फ्रेट भुगतान, सॉफ्टवेयर आयात और कंसल्टिंग सेवाओं से जुड़े लेनदेन के दस्तावेज भी खंगाले जा रहे हैं।
घर और ऑफिस से मिले दस्तावेजों की जांच
बता दें कार्रवाई के दौरान घरों और कार्यालयों से मिले दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड और अन्य संबंधित कागजात की जांच की जा रही है। फिलहाल विभाग की ओर से कार्रवाई के अंतिम निष्कर्ष या किसी व्यक्ति के खिलाफ आरोपों की आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

.jpg)

.webp)
