इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर धमकी का साया, ग्वालियर हाई कोर्ट को बम से उड़ाने ईमेल
दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले ग्वालियर हाई कोर्ट को धमकी भरा ईमेल मिला। क्राइम ब्रांच और एटीएस जांच में जुटी हैं।

पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में होने वाले कॉन्सर्ट से पहले धमकियों का सिलसिला बढ़ता नजर आ रहा है। अब ग्वालियर हाई कोर्ट और एक न्यायाधीश को धमकी भरा ईमेल भेजे जाने का मामला सामने आया है। ईमेल में 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 मैदान में प्रस्तावित कॉन्सर्ट के दौरान बम धमाके की धमकी दी गई है।
'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजा गया ईमेल
जानकारी के मुताबिक, दीपावली से पहले 'खालिस्तानी नेशनल आर्मी' के नाम से भेजे गए ईमेल में कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की धमकी दी गई। इसमें माता-पिता से अपने बच्चों को कार्यक्रम में नहीं भेजने की अपील भी की गई है।
इससे पहले इंदौर महापौर कार्यालय और शहर के तीन स्कूलों को भी कॉन्सर्ट के संबंध में धमकी भरे संदेश मिल चुके हैं। ऐसे में कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर पुलिस और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
हाई कोर्ट और न्यायाधीशों की सुरक्षा बढ़ाई गई
ग्वालियर की प्रभारी एसपी श्रुतकीर्ति सोमवंशी के अनुसार, धमकी मिलने के बाद हाई कोर्ट परिसर और न्यायाधीशों की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। न्यायालय मार्ग पर वाहनों की जांच के साथ परिसर में आने वाले सामान की भी सघन तलाशी ली जाएगी।
मामले की जांच ग्वालियर क्राइम ब्रांच और एटीएस कर रही हैं। शुरुआती जानकारी में ईमेल के आईपी एड्रेस फ्रांस और दक्षिण कोरिया से जुड़े बताए गए हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों को आशंका है कि ईमेल भारत से भी भेजा गया हो सकता है।
मुंबई के कॉन्सर्ट को लेकर भी सुरक्षा की तैयारी
दिलजीत दोसांझ का 27 नवंबर को मुंबई के महालक्ष्मी रेसकोर्स में भी कॉन्सर्ट प्रस्तावित है। इससे पहले बॉम्बे हाई कोर्ट, बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज, महालक्ष्मी रेसकोर्स और अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले 'जलसा' को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल भी सामने आया था।
लगातार मिल रही धमकियों के बीच मुंबई पुलिस और कार्यक्रम के आयोजक सुरक्षा इंतजाम मजबूत कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर 1,500 से 2,000 निजी सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की तैयारी है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दिलजीत दोसांझ ने कॉन्सर्ट रद्द नहीं करने का फैसला किया है।

