पत्नी की हत्या के बाद 26 दिन तक फरार रहा पति, झांसी में पकड़ा तो सामने आई ये वजह
झांसी में पत्नी की हत्या के आरोपी पति को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, वह 26 दिन से फरार था।
झांसी में दतिया की 27 वर्षीय शिवानी की हत्या के मामले में फरार चल रहे उसके पति यश ठाकुर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार देर रात सिमरधा गांव के पास घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। यश पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित था।
पुलिस पर फायरिंग के बाद हुई कार्रवाई
एसपी सिटी प्रीति सिंह के मुताबिक, सीपरी बाजार पुलिस को रात करीब 1 बजे सूचना मिली थी कि यश स्कूटी से झांसी आया है। इसके बाद पुलिस टीमों ने सिमरधा गांव के पास घेराबंदी की। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पैर में गोली लगने के बाद उसे पकड़ लिया गया और इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
30 अगस्त को कमरे में मिली थी शिवानी की लाश
शिवानी का शव 30 अगस्त को झांसी के आवास विकास इलाके में किराए के कमरे से मिला था। पोस्टमॉर्टम में उसकी मौत गला घोंटने से होने की बात सामने आई थी। पुलिस के अनुसार हत्या के बाद यश कमरे को बाहर से लॉक कर फरार हो गया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पूछताछ में साथ शराब पीने की बात बताई
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में यश ने शिवानी की हत्या की बात स्वीकार की है। उसके अनुसार 30 अगस्त की रात दोनों ने साथ में शराब पी और खाना खाया था। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसने शिवानी की हत्या कर दी। वारदात के बाद कमरे में बाहर से कुंडी लगाकर वह वहां से निकल गया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती, फिर की शादी
यश ने पुलिस को बताया कि करीब दो साल पहले इंस्टाग्राम पर शिवानी से उसकी बातचीत शुरू हुई थी। दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और करीब दो महीने बाद उन्होंने लव मैरिज कर ली। शिवानी की बहन मुस्कान के मुताबिक शादी के बाद दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिवार का आरोप है कि यश शिवानी के मोबाइल, इंस्टाग्राम इस्तेमाल करने और उसके पास पैसे होने को लेकर शक करता था।
तीन महीने से झांसी में रह रही थी शिवानी
शिवानी मूल रूप से दतिया के इंदरगढ़ की रहने वाली थी। शादी के बाद वह यश के साथ ग्वालियर में रहती थी। परिवार के मुताबिक विवादों के बाद करीब तीन महीने से वह झांसी में अपनी बहन मुस्कान और भाई अनिकेत के साथ किराए के कमरे में रह रही थी। यश भी उससे मिलने कभी-कभी झांसी आता था।
सुबह कमरे में मिली थी मृत
परिजनों के अनुसार 30 अगस्त की रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। रात करीब डेढ़ से दो बजे यश ने अपना सामान लिया और कमरे को बाहर से लॉक कर दिया। सुबह करीब 5 बजे मुस्कान ने शिवानी को कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। करीब 9 बजे अनिकेत के घर पहुंचने पर कमरा खोला गया तो शिवानी अंदर मृत मिली।
दहेज और मारपीट के भी लगाए थे आरोप
शिवानी के पिता संतराम वंशकार ने यश पर दहेज के लिए पैसे मांगने और बेटी से मारपीट करने के आरोप लगाए थे। परिजनों ने जातिगत अपशब्द कहने का आरोप भी लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या, एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस अब पूरे मामले की आगे जांच कर रही है।

