मातम में बदलीं त्योहार की खुशियां! मुरैना में नदी में नहाने गई 3 बच्चियों की मौत, NDRF ने बाहर निकाला शव
मुरैना के कैलारस में कार्तिक स्नान के दौरान कुंवारी नदी में डूबने से तीन बच्चियों की मौत हो गई। मृतकों में दो सगी बहनें शामिल हैं।

Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में तीन नाबालिग बच्चियों की जान चली गई। कैलारस क्षेत्र में कार्तिक स्नान के दौरान कुंवारी नदी में नहाने गईं तीनों बच्चियां गहरे पानी में डूब गईं। हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कैलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने नदी में रेस्क्यू अभियान चलाकर तीनों बच्चियों के शव बाहर निकाले।
कार्तिक स्नान के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह तीनों बच्चियां गांव के पास स्थित कुंवारी नदी में कार्तिक स्नान के लिए गई थीं। इसी दौरान वे नदी के गहरे पानी में चली गईं और डूब गईं। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।
दो सगी बहनों की भी गई जान
एसपी धर्मराज मीना के अनुसार, हादसे में जान गंवाने वाली बच्चियों की पहचान प्राची यादव (12), चंदा यादव (10) और निशि यादव (12) के रूप में हुई है। प्राची और चंदा सगी बहनें थीं।
पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने सर्चिंग अभियान चलाकर तीनों बच्चियों के शव नदी से बाहर निकाले। इसके बाद शवों को कैलारस अस्पताल ले जाया गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
हादसे के बाद गांव में पसरा मातम
एक साथ तीन बच्चियों की मौत से हरलाल गांव में शोक का माहौल है। इस हादसे ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है।

