मुरैना में संभागायुक्त की बड़ी कार्रवाई, स्वामित्व रजिस्ट्री योजना में लापरवाही पर नायब तहसीलदार निलंबित, तीन को नोटिस
मुरैना में स्वामित्व रजिस्ट्री योजना की धीमी प्रगति पर पोरसा के नायब तहसीलदार श्याम सुंदर सिंह को निलंबित किया गया।

Morena News: मध्यप्रदेश के मुरैना में स्वामित्व रजिस्ट्री योजना में धीमी प्रगति और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर संभागायुक्त ने सख्त कार्रवाई की है। पोरसा के नायब तहसीलदार श्याम सुंदर सिंह को निलंबित कर दिया गया है। वहीं, अम्बाह, जौरा और मुरैना ग्रामीण के तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
योजना में महज 22.48 प्रतिशत मिली थी प्रगति
जानकारी के मुताबिक, स्वामित्व रजिस्ट्री योजना में पोरसा तहसील की प्रगति महज 22.48 प्रतिशत पाई गई। यह आंकड़ा जिले के औसत 36.49 प्रतिशत और प्रदेश के औसत 51.07 प्रतिशत से काफी कम है। योजना के काम में अपेक्षित प्रगति नहीं होने और लापरवाही सामने आने पर संभागायुक्त मनोज खत्री ने नायब तहसीलदार श्याम सुंदर सिंह को निलंबित करने के निर्देश दिए।
तीन तहसीलदारों से 15 दिन में मांगा जवाब
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में कमजोर प्रदर्शन को लेकर भी संभागायुक्त ने नाराजगी जताई। अम्बाह, जौरा और मुरैना ग्रामीण तहसील के तहसीलदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।
संभागायुक्त मनोज खत्री ने तीनों अधिकारियों को 15 दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निर्धारित समय में जवाब नहीं देने पर एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
इस कार्रवाई के जरिए प्रशासन ने साफ संकेत दिया है कि शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर जवाबदेही तय की जाएगी।



