भिंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर! भोपाल के लिए चल सकती है सीधी ट्रेन, हफ्ते में 3 दिन ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी चलाने का प्रस्ताव
भिंड से भोपाल के लिए सीधी ट्रेन चलाने की तैयारी है। ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी को सप्ताह में तीन दिन भिंड से चलाने का प्रस्ताव रेलवे अधिकारियों के सामने रखा गया है।

Bhind News: भिंड के लोगों को भोपाल जाने के लिए अब ग्वालियर तक का सफर नहीं करना पड़ेगा। रेलवे अधिकारियों के सामने ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस को सप्ताह में तीन दिन भिंड से संचालित करने का प्रस्ताव रखा गया है। शुक्रवार को भिंड रेलवे स्टेशन का निरीक्षण करने पहुंचे झांसी मंडल के डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने इस प्रस्ताव की व्यवहारिकता जांचने का भरोसा दिया है। अगर प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो भिंड के यात्रियों को भोपाल के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
DRM ने किया स्टेशन का निरीक्षण
डीआरएम अनिरुद्ध कुमार बिना पूर्व सूचना स्पेशल निरीक्षण यान (परख) से भिंड पहुंचे। जुलाई में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत स्टेशन के लोकार्पण के बाद यह उनका पहला दौरा था। इस दौरान उन्होंने स्टेशन की यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, चंबल रेल पुल और गुड्स शेड का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश भी दिए।
सप्ताह में तीन दिन भिंड से चलाने का प्रस्ताव
फिलहाल ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस (12198) सुबह 6:20 बजे ग्वालियर से भोपाल के लिए रवाना होती है। प्रस्ताव दिया गया है कि इस ट्रेन को सप्ताह में तीन दिन ग्वालियर के बजाय भिंड से संचालित किया जाए। इसके लिए ट्रेन का मेंटेनेंस ग्वालियर में ही कराने का सुझाव रखा गया है।
डीआरएम ने प्रस्ताव की संभावनाओं और व्यवहारिकता की जांच करने की बात कही। हालांकि, भिंड स्टेशन पर ट्रेन के रखरखाव की पर्याप्त सुविधाएं नहीं होने के कारण शुरुआत में उन्होंने इस व्यवस्था को लेकर असमर्थता जताई थी।
20 जवानों के लिए बनेगी RPF बैरक
स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए रेलवे 20 बेड की आरपीएफ बैरक बनाने की तैयारी कर रहा है। डीआरएम ने अधिकारियों को इसके लिए उपयुक्त जमीन चिह्नित कर प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ट्रैक मशीनों पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुविधा के लिए रेस्ट हाउस भी तैयार किया जा रहा है।
गुड्स शेड से स्थानीय व्यापारियों को मिलेगा फायदा
निरीक्षण के दौरान भिंड स्टेशन के गुड्स शेड की उपयोगिता बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। यहां खाद, खाद्यान्न और अन्य सामान की लोडिंग-अनलोडिंग की सुविधा उपलब्ध है। इसके बावजूद कई स्थानीय व्यापारी अभी भी माल परिवहन के लिए ग्वालियर के गुड्स शेड पर निर्भर हैं।
रेलवे अब जिला आपूर्ति अधिकारी के माध्यम से प्रचार-प्रसार कर स्थानीय व्यापारियों को भिंड के गुड्स शेड से जोड़ने की तैयारी कर रहा है। इससे व्यापारियों को माल ढुलाई में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
सफाई और सुरक्षा व्यवस्था सुधारने के निर्देश
डीआरएम ने निरीक्षण के दौरान स्टेशन परिसर की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया। उन्होंने वाहन स्टैंड के पास सफाई कराने और शौचालयों की दिन में दो बार सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्य प्रवेश द्वार पर स्टील रेलिंग लगाने को कहा, ताकि मवेशी स्टेशन परिसर में प्रवेश न कर सकें।
अब भिंड से भोपाल के लिए सीधी ट्रेन चलाने के प्रस्ताव पर रेलवे के अगले कदम का इंतजार है। यदि इसे मंजूरी मिलती है तो जिले के यात्रियों को राजधानी तक पहुंचने में बड़ी राहत मिल सकती है।




