MP Monsoon Session: NEET पेपर लीक पर MP विधानसभा में हंगामा, कांग्रेस का वॉकआउट, CM कार्यालय के सामने धरना
MP Monsoon Session: NEET पेपर लीक और छात्रों के प्रदर्शन को लेकर MP विधानसभा में हंगामा हुआ। कांग्रेस ने वॉकआउट कर CM कार्यालय के सामने धरना दिया और काली पट्टी बांधकर विरोध जताया।
MP Monsoon Session: भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र एक बार फिर हंगामे की भेंट चढ़ गया। इस बार मुद्दा बना दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन और NEET पेपर लीक मामला। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने इस विषय पर सदन में चर्चा कराने की मांग की, लेकिन सरकार ने इसे स्वीकार नहीं किया।
संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि इस विषय पर विधानसभा में चर्चा की आवश्यकता नहीं है। सरकार के इस जवाब से नाराज कांग्रेस विधायकों ने सदन में जमकर नारेबाजी की और फिर वॉकआउट कर दिया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने धरना
इसके बाद नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार समेत सभी कांग्रेस विधायक विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए।
उमंग सिंघार ने कहा कि सरकार का रवैया छात्रों का अपमान है। उनका कहना था कि जब तक छात्रों के मुद्दे पर कोई ठोस समाधान नहीं निकलेगा, तब तक कांग्रेस अपना विरोध जारी रखेगी।
उन्होंने कहा, यह सिर्फ विपक्ष का नहीं, लाखों छात्रों के भविष्य का सवाल है। सरकार चर्चा से बच रही है, लेकिन हम छात्रों की आवाज उठाते रहेंगे।
बीजेपी पर साधा निशाना
विधानसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में उमंग सिंघार ने बीजेपी पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यालय का घेराव करने से जनता का कोई भला नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि बीजेपी को राजनीति छोड़कर युवाओं और किसानों की समस्याओं पर ध्यान देना चाहिए। उनके मुताबिक, प्रदेश की जनता बीजेपी की नीतियों से परेशान है और सरकार सिर्फ राजनीतिक बयानबाजी में व्यस्त है।
काली पट्टी बांधकर कांग्रेस का विरोध
NEET पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाया। पार्टी के सभी विधायक काली पट्टी बांधकर विधानसभा पहुंचे और सदन की कार्यवाही में भी काली पट्टी बांधकर शामिल हुए। कांग्रेस का कहना है कि यह छात्रों के साथ न्याय की मांग का प्रतीकात्मक विरोध है।
