Ashoknagar News: अशोकनगर | अशोकनगर जिले के चंदेरी थाना क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 30 वर्षीय युवती ने अपने मंगेतर पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सगाई के बाद बनाए संबंध
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि करीब एक साल पहले उसकी पहचान उसी मोहल्ले में रहने वाले युवक से हुई थी। बातचीत के सिलसिले में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी ने शादी का प्रस्ताव दिया, जिसके बाद दोनों परिवारों की सहमति से 3 फरवरी 2025 को मंदिर में रोका समारोह हुआ था।
पीड़िता का कहना है कि रोका होने के बाद आरोपी उसके घर आया और शादी का भरोसा दिलाकर शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद भी कई बार आरोपी ने शादी का वादा कर उसके साथ संबंध बनाए। 5 मई को दोनों की सगाई और गोद भराई का कार्यक्रम भी हुआ था।
अगस्त से बढ़ने लगी दूरियां
युवती ने बताया कि अगस्त महीने के बाद आरोपी ने उससे दूरी बनाना शुरू कर दी और फोन कॉल्स उठाना बंद कर दिए। जब पीड़िता ने समाज के लोगों और परिवार के माध्यम से बात कराने की कोशिश की, तो आरोपी पक्ष ने शादी से साफ इनकार कर दिया और लेन-देन की रकम वापस कर दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
चंदेरी थाना पुलिस ने युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है।
READ MORE: भोपाल से ISIS आतंकी गिरफ्तार, IED ब्लास्ट की थी प्लानिंग