Chambalkichugli.com

Asia Cup Trophy: एशिया कप की ट्रॉफी पर नया विवाद, BCCI ने ACC प्रमुख मोहसिन नकवी को दी सख्त चेतावनी

Asia Cup Trophy

Asia Cup Trophy: हैदराबाद। एशिया कप 2025 की ट्रॉफी को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच जारी विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने एशियाई क्रिकेट परिषद (ACC) के चेयरमैन मोहसिन नकवी को आधिकारिक ईमेल भेजकर ट्रॉफी भारत को वापस सौंपने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो यह मामला आईसीसी (ICC) तक पहुंचाया जाएगा।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, 28 सितंबर को दुबई में खेले गए एशिया कप 2025 के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से हराकर 9वीं बार खिताब अपने नाम किया था। फाइनल मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तान के गृहमंत्री मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद नकवी ट्रॉफी को अपने साथ लेकर चले गए, जिससे दोनों देशों के बीच नया विवाद खड़ा हो गया।

BCCI ने की आधिकारिक शिकायत

बीसीसीआई के सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि उन्होंने नकवी को ईमेल भेजकर एशिया कप की ट्रॉफी भारत को सौंपने की मांग की है। सैकिया ने कहा कि वे फिलहाल नकवी के जवाब का इंतजार कर रहे हैं, और यदि जवाब नहीं मिला तो यह मामला आधिकारिक रूप से आईसीसी के समक्ष रखा जाएगा।

पाकिस्तानी मीडिया का दावा

पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मोहसिन नकवी ने बीसीसीआई को जवाब भेज दिया है। नकवी ने कहा है कि अगर भारतीय टीम को ट्रॉफी चाहिए, तो वे एक औपचारिक समारोह आयोजित कर उसमें हिस्सा ले सकती है। बताया गया है कि एसीसी नवंबर के पहले सप्ताह में दुबई में यह समारोह आयोजित करने की योजना बना रही है। फिलहाल ट्रॉफी एसीसी के दुबई स्थित कार्यालय में रखी हुई है।

एसीसी बैठक में बढ़ा विवाद

30 सितंबर को हुई एसीसी की बैठक में भी यह मुद्दा उठा था। बीसीसीआई ने मोहसिन नकवी के रवैये की निंदा करते हुए कहा था कि एशिया कप एसीसी की संपत्ति है और इसे जीतने वाली टीम को जल्द से जल्द सौंपा जाना चाहिए। वहीं नकवी ने साफ कहा कि अगर भारत को ट्रॉफी चाहिए, तो उसके कप्तान को दुबई आकर स्वयं उसे प्राप्त करना होगा।

READ MORE : दलित युवक को पीटने और यूरिन पिलाने का आरोप, भीम आर्मी ने किया थाने का घेराव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *