Chambalkichugli.com

Ashoknagar News: अशोकनगर में बुजुर्ग दंपती को खाट से बांधा, आंख में पेचकस घोंपकर सोना और कैश लूटे

Ashoknagar News

Ashoknagar News: अशोकनगर जिले के शाढौरा थाना क्षेत्र के खैजन अटारी गांव में सोमवार देर रात बदमाशों ने पूर्व सरपंच महेंद्र सिंह के घर धावा बोला। छह से अधिक अपराधी कार में आए और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गए। बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती पर हमला करते हुए पेचकस से चेहरे और आंख पर वार किए। महेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हुए। नाक से खून बहने लगा। इसके बाद आरोपियों ने दंपती को पीटकर धमकाया। बता दें बदमाशों ने अलमारी व बक्सा तोड़कर करीब 25 तोला सोना और लगभग ढाई लाख रुपये कैश लूट ले गए। दंपती को खाट से बांधा महेंद्र सिंह और उनकी पत्नी उस समय घर में अकेले थे, क्योंकि उनके बच्चे नहीं हैं। घर गांव से थोड़ा दूर होने के कारण बदमाशों को आसानी से मौका मिल गया। वारदात के बाद अपराधी दंपती को खाट पर बांधकर फरार हो गए। कुछ देर बाद पीड़ितों ने खुद को छुड़ाया और परिजनों की मदद से पुलिस को सूचना दी। गैंग एक्टिविटी की आशंका (Ashoknagar News) घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि वारदात किसी संगठित गैंग द्वारा की गई प्रतीत होती है। SHO ने बताया कि संदिग्ध वाहनों की पहचान कर आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

MP News: मध्यप्रदेश के सरकारी शिक्षकों को झटका, E-Attendance सिस्टम पर हाईकोर्ट ने रोक से किया इंकार

E-Attendance

MP News: मध्यप्रदेश हाईकोर्ट ने सरकारी स्कूल शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस ( E-Attendance) सिस्टम लागू करने के सरकार के निर्णय को वैध ठहराया है। कोर्ट ने इस नीति के खिलाफ दायर जनहित याचिका को खारिज कर दिया। कोर्ट ने कहा हस्तक्षेप की जरूरत नहीं मुख्य न्यायाधीश संजीव सचदेवा और न्यायमूर्ति विनय सराफ की खंडपीठ ने साफ किया कि ई-अटेंडेंस सिस्टम राज्य सरकार का नीतिगत फैसला है। इसमें अदालत का हस्तक्षेप उचित नहीं है। सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ता ने स्वयं याचिका वापस ले ली। ग्रामीण स्कूलों में नेटवर्क की समस्या ( E-Attendance) यह याचिका अशोकनगर गेस्ट टीचर कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने दायर की थी। याचिकाकर्ता ने दावा किया कि ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और नेटवर्क कमजोर होने से कई शिक्षकों को उपस्थिति दर्ज कराने में दिक्कत आएगी। इसी आधार पर सरकार के आदेश को चुनौती दी गई थी। राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त महाधिवक्ता निलेश यादव ने कहा कि ई-अटेंडेंस सिस्टम शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने के लिए अनिवार्य है। उन्होंने जोर दिया कि कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद 1 जुलाई 2025 से लागू ई-अटेंडेंस सिस्टम जारी रहेगा। सरकारी स्कूलों में अब सभी शिक्षकों को मोबाइल ऐप या निर्धारित प्रणाली के माध्यम से उपस्थिति दर्ज करनी होगी। (MP News)

Morena Firing Case: पुरानी रंजिश में युवक के घर पर फायरिंग, CCTV में कैद आरोपी..

Yogi Gurjar Gang

Morena Firing Case: मुरैना। शहर कोतवाली थाना क्षेत्र के गोपालपुरा कॉलोनी में आधी रात पुरानी रंजिश के चलते दो युवकों ने एक युवक के घर पर फायरिंग कर दहशत फैला दी। घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। घर के बाहर गूंजी गोलियों की आवाज फरियादी नितेश उर्फ निक्की शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ सो रहा था। रात करीब 1:30 बजे गोलियों की आवाज सुनकर सभी की नींद टूट गई। जब सीसीटीवी फुटेज देखा गया तो आरोपी आदित्य सिकरवार और आकाश गुप्ता घर के बाहर हथियार से फायरिंग करते दिखाई दिए। वारदात के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। CCTV में कैद पूरी वारदात फायरिंग की पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की पुष्टि कर ली है। 8 दिन पहले भी हुआ था विवाद पीड़ित नितेश के अनुसार आठ दिन पहले भी आदित्य और आकाश से विवाद हुआ था। उस दौरान दोनों आरोपियों ने उसकी पिटाई की थी। इस संबंध में रिपोर्ट पहले ही थाने में दर्ज हो चुकी है। उसी रंजिश के चलते यह फायरिंग की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की तलाश कोतवाली टीआई अमित भदौरिया ने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते फायरिंग की गई है। आरोपियों की पहचान हो चुकी है। मामला दर्ज किया गया है और टीम आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

Gwalior Tragedy: कीटनाशक से फैली जहरीली गैस का कहर… पहले भाई की मौत, अब 13 साल की बहन भी नहीं बची

Gwalior Pesticide Gas Leak Tragedy

Gwalior Tragedy: ग्वालियर के प्रीतम विहार कॉलोनी में सोमवार को कीटनाशक से निकली जहरीली गैस ने एक ही परिवार की खुशियां उजाड़ दीं। जहरीली गैस से बीमार 13 वर्षीय छाया शर्मा ने मंगलवार सुबह रिम्स अस्पताल में दम तोड़ दिया। इससे पहले सोमवार को उसके 4 वर्षीय भाई वैभव की मौत हो चुकी है। माता-पिता की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। उन्हें न्यू जेएएच हॉस्पिटल में रेफर किया गया है। घुन से बचाने के लिए रखा गया था सल्फास घटना तब हुई जब मकान मालिक ने गेहूं को घुन से बचाने के लिए पोर्च में सल्फास से बने कीटनाशक का छिड़काव किया। इसके बाद घर के दरवाजे बंद कर सोने चले गए। उसी पोर्च के सामने निचली मंजिल पर किराए से रहने वाले सत्येंद्र शर्मा का परिवार इस जहरीली गैस की चपेट में आ गया। मकान मालिक फरार (Gwalior Tragedy) सोमवार दोपहर मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव नीचे उतरा तो तेज बदबू आ रही थी। दरवाजा खोलने पर उसने परिवार को बेहोश पाया । वहीं पड़ोसियों की मदद से अस्पताल पहुंचाया। घटना के बाद से मकान मालिक फरार बताया जा रहा है। मां-बाप की हालत गंभीर परिवार के करीबी बताते हैं कि छाया अस्पताल में बार-बार होश आने पर माता-पिता और भाई के बारे में पूछती थी। सोमवार रात से उसकी हालत बिगड़ती गई। मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। मन्नतों के बाद मिला था बेटा सत्येंद्र शर्मा भिंड जिले के मालनपुर टूडीला गांव के मूल निवासी हैं। ग्वालियर उद्योग क्षेत्र में फैक्ट्री में कार्यरत हैं। रिश्तेदारों ने बताया कि पाँच बेटियों के बाद कई मंदिरों में मन्नतें मांगीं, तब वैभव का जन्म हुआ था। परिवार पहले ही दो बेटियों को खो चुका है। मकान मालिक पर कार्रवाई की तैयारी पुलिस मामले की जांच कर रही है और मकान मालिक श्रीकृष्ण यादव की तलाश जारी है। सल्फास जैसे खतरनाक रसायन का रहवासी इलाके में उपयोग गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

Ticket Refund Rules 2025: एयर टिकट कैंसिलेशन में अब भारी चार्ज नहीं, मेडिकल इमरजेंसी और नाम सुधार पर भी राहत मिलने की तैयारी

Ticket Refund Rules 2025

Ticket Refund Rules 2025: फ्लाइट टिकट कैंसिलेशन को लेकर यात्रियों को जल्द बड़ी राहत मिलने वाली है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने एक नया प्रस्ताव जारी किया है, जिसके तहत यात्री टिकट बुक करने के 48 घंटे के भीतर बिना कोई अतिरिक्त शुल्क चुकाए टिकट कैंसिल या यात्रा की तारीख बदल सकेंगे। यानी अब बुकिंग के तुरंत बाद योजना बदल जाए तो भारी कैंसिलेशन चार्ज नहीं देना पड़ेगा। हालांकि, यह सुविधा उन फ्लाइट्स पर लागू नहीं होगी जिनकी यात्रा बुकिंग के 5 दिन के भीतर (घरेलू) या 15 दिन के भीतर (अंतरराष्ट्रीय) होनी है। किन टिकटों पर लागू नहीं होगा नियम नए नियम के तहत अगर टिकट MakeMyTrip, Yatra या किसी भी ट्रैवल एजेंट से बुक किया गया है, तब भी रिफंड की जिम्मेदारी सीधे एयरलाइन की होगी। DGCA ने स्पष्ट कहा है कि एजेंट एयरलाइन के अधिकृत प्रतिनिधि होते हैं, इसलिए रिफंड देने की जिम्मेदारी एयरलाइन ही निभाएगी। साथ ही, एयरलाइंस को टिकट कैंसिल होने के 21 कार्य दिवसों के भीतर रिफंड प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जिससे लंबे समय तक रिफंड का इंतजार खत्म होगा। यात्रियों के लिए मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में भी बड़ा फायदा प्रस्तावित है। यदि किसी यात्री को स्वास्थ्य कारणों से यात्रा रद्द करनी पड़े तो एयरलाइन पूरा रिफंड दे सकती है या क्रेडिट शेल जारी कर सकती है, जिसका उपयोग भविष्य की यात्रा में किया जा सकेगा। टिकट में नाम की गलती सुधारने पर नहीं लगेगा चार्ज इसके अलावा अगर टिकट बुक करते समय नाम की स्पेलिंग में गलती हो जाए । इसे 24 घंटे के भीतर एयरलाइन को बताया जाए, तो नाम सुधारने पर भी कोई शुल्क नहीं लगेगा। यह सुविधा केवल एयरलाइन की वेबसाइट से बुक किए गए टिकटों पर लागू होगी। DGCA ने इन नियमों का ड्राफ्ट जारी कर दिया है। 30 नवंबर तक सभी स्टेकहोल्डर्स से सुझाव मांगे हैं। माना जा रहा है कि अंतिम स्वीकृति के बाद यह नियम लागू हो जाएंगे। इस कदम से फ्लाइट यात्रा पहले की तुलना में अधिक पारदर्शी, किफायती और यात्रियों के लिए परेशानी-मुक्त बनने की उम्मीद है, क्योंकि वर्तमान में कैंसिलेशन चार्ज और रिफंड में देरी से यात्रियों को काफी परेशानी होती है।

Haq film : मां की कहानी पर बनाई फिल्म… बेटी पहुंची हाईकोर्ट, हक की रिलीज पर बड़ा विवाद

Haq film Shah Bano case

Haq film : मध्यप्रदेश में शाह बानो बेगम के परिवार ने आगामी फिल्म हक के खिलाफ कानूनी लड़ाई शुरू कर दी है। शाह बानो की बेटी सिद्दीका बेगम खान ने सोमवार को मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर बेंच में याचिका दायर कर फिल्म की रिलीज़ पर रोक लगाने की मांग की। उनका कहना है कि फिल्म निर्माताओं ने उनकी माँ की पहचान और निजी जीवन से जुड़े पहलुओं का उपयोग बिना अनुमति किया है। अब मामले की सुनवाई मंगलवार को जारी रहेगी। फिल्म हक सात नवंबर को रिलीज़ होनी है। यह अहमद खान बनाम शाह बानो बेगम केस और 1985 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले से प्रेरित बताई जा रही है। इस फैसले में कहा गया था कि सीआरपीसी की धारा 125 मुस्लिम महिलाओं पर भी लागू होती है । तलाक के बाद भी गुजारा भत्ता मिल सकता है। क्या है याचिकाकर्ता का आरोप याचिकाकर्ता की ओर से पेश वकील तौसीफ वारसी ने अदालत में दलील दी कि फिल्म का कंटेंट शाह बानो के निजी जीवन को आधार बनाकर तैयार किया गया है। उनकी दलील है कि शाह बानो के परिवार से लिखित अनुमति नहीं ली गई। फिल्मांकन से पहले कोई सहमति नहीं मांगी गई। वारसी ने कहा कि फिल्म में कुछ ऐसे निजी पल शामिल हैं जिनका सार्वजनिक खुलासा उचित नहीं है। वारसी ने ट्रेलर और टीज़र को अपमानजनक बताया। साथ ही कहा कि दिखाई गई घटनाएं वास्तविक नहीं हैं बल्कि काल्पनिक प्रस्तुति है। उन्होंने कहा कि पहचान वास्तविक है लेकिन घटनाएं काल्पनिक दिखाई गई हैं। फिल्म निर्माताओं का पक्ष सीबीएफसी के वकील ने कहा कि फिल्म को काल्पनिक मानते हुए प्रमाणित किया गया है। सार्वजनिक रिकॉर्ड से प्रेरित कंटेंट के लिए अनुमति लेना अनिवार्य नहीं है। वकील ने कहा कि टीज़र में फिल्म को बायोपिक नहीं बताया गया है बल्कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले से प्रेरित कहा गया है। निर्माता जंगली मूवीज के वकील ने बताया कि फिल्म में अस्वीकरण शामिल है। यह भारत की बेटी पुस्तक तथा सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर आधारित है। अदालत ने अस्वीकरण को रिकॉर्ड पर रखने के निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा कि मंगलवार को फिल्म के अस्वीकरण की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद ही आगे का निर्णय होगा।

Balaghat Naxal Surrender: 23 साल की महिला नक्सली ने डाले हथियार, बढ़ सकती है सरेंडर की संख्या

Balaghat Naxal Surrender:

Balaghat Naxal Surrender: मध्यप्रदेश में नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर (छत्तीसगढ़) की रहने वाली 23 वर्षीय नक्सली सुनीता ने 31 अक्टूबर को बालाघाट में हॉक फोर्स के सामने आत्मसमर्पण किया। यह कदम राज्य में नक्सल संगठनों के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों को आशा है कि आने वाले दिनों में चार से पाँच नक्सली आत्मसमर्पण कर सकते हैं। पहली बार महिला नक्सली का सरेंडर सुनीता पिछले 33 वर्षों में मध्यप्रदेश में आत्मसमर्पण करने वाली पहली महिला नक्सली बनी। इससे पहले वर्ष 1992 में नक्सली ने आत्मसमर्पण किया था। उस समय छत्तीसगढ़ अभी मध्यप्रदेश का हिस्सा था। एमपी में सीमित नक्सल प्रभाव राज्य विभाजन के बाद से मध्यप्रदेश में नक्सली नेटवर्क सीमित रहा है। विद्रोही संगठन बालाघाट, डिंडोरी और मंडला जिलों में सक्रिय थे। डिंडोरी को पहले ही नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है। वर्तमान में केंद्र सरकार की सूची में बालाघाट “चिंताजनक” और मंडला “अन्य” नक्सल प्रभावित जिला है। इंसास राइफल के साथ सरेंडर सुनीता ने एक इंसास राइफल और तीन मैगजीन के साथ सरेंडर किया। एमपी की नक्सली आत्मसमर्पण नीति के तहत उसे 35 लाख रुपये से अधिक का पुनर्वास पैकेज मिलेगा। इसमें उसके सिर पर घोषित 14 लाख रुपये का इनाम भी शामिल है। सरेंडर नीति बनी आकर्षण का केंद्र विशेष महानिदेशक (नक्सल विरोधी अभियान) पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि एमपी की आत्मसमर्पण नीति देश की सबसे उदार नीतियों में से एक है। इस नीति ने पड़ोसी राज्यों के नक्सलियों को भी आत्मसमर्पण करने के लिए प्रेरित किया है।

MP Cricketer Kranti Gaur: एमपी की बेटी क्रांति गौड़ ने रचा इतिहास, सरकार देगी 1 करोड़ रुपये

MP Cricketer Kranti Gaur:

MP Cricketer Kranti Gaur: मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले की तेज गेंदबाज क्रांति गौड़ के भारतीय महिला क्रिकेट टीम में चयन और टीम की ऐतिहासिक वर्ल्ड कप जीत के बाद उनके पैतृक गांव घुवारा में जश्न का माहौल है। गांव में इस सफलता को दिवाली की तरह सेलिब्रेट किया जा रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि क्रांति ने पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया है। मैच के दौरान घुवारा में टीवी स्क्रीन के सामने बड़ी संख्या में ग्रामीण और नगरवासी इकट्ठा हुए। जैसे ही भारतीय टीम ने चौके-छक्के लगाए, पटाखों की आवाज़ गूंज उठी। लोग ‘भारत माता की जय’ और ‘क्रांति गौड़ जिंदाबाद’ के नारे लगाते दिखे। महिलाएं ढोलक पर पारंपरिक गीत गाती रहीं और बच्चे भी जश्न में शामिल हुए। ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 जीतने वाली भारतीय टीम की तेज गेंदबाज और मध्यप्रदेश की स्टार क्रिकेटर क्रांति गौड़ को राज्य सरकार 1 करोड़ रुपये का पुरस्कार देगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को इसकी औपचारिक घोषणा करते हुए कहा कि क्रांति ने पूरे प्रदेश और देश का मान बढ़ाया है। परिवार की आंखों में गर्व क्रांति गौड़ के पिता और परिवारजन वर्ल्ड कप जीत के बाद भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि क्रांति बचपन से क्रिकेट के प्रति जुनूनी थी। आज उसका सपना पूरा हुआ। परिवार ने इसे न सिर्फ व्यक्तिगत गौरव, बल्कि पूरे जिले का सम्मान बताया। बहन ने साझा की खुशी क्रांति की बहन रोशनी ने कहा, “यह हमारे लिए बेहद गर्व का दिन है। भारत ने पहली बार महिला वर्ल्ड कप जीता और क्रांति भी टीम का हिस्सा बनीं। जब वह घर लौटेंगी तो हम उनका भव्य स्वागत करेंगे।” उन्होंने बताया कि भारतीय टीम में शामिल होना और विश्व कप खेलना क्रांति का बचपन का सपना था। युवा और महिलाएं ले रहीं प्रेरणा स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि क्रांति ने यह साबित किया है कि बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं रहतीं। गांव की लड़कियां और युवा अब खेल को एक बेहतर करियर विकल्प के रूप में देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी क्रांति की सराहना और बधाइयों की बाढ़ आ गई है।

Chambal River: चंबल नदी में बहा 18 साल का युवक, 20 घंटे से SDRF की तलाश जारी

Chambal River

Chambal River: मुरैना। चंबल नदी में स्नान करने उतरे 18 वर्षीय युवक को तेज बहाव बहा ले गया। हादसा मुरैना जिले के चिन्नोनी इलाके के कर्जन घाट पर हुआ। युवक राजस्थान के भरतपुर से बाबू महाराज धार्मिक स्थल पर अपने देवताओं को स्नान कराने आया था। घटना रविवार दोपहर की है। ग्रामीणों ने युवक को पानी (Chambal River) में बहते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद SDRF टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लेकिन करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है। कौन है युवक? डूबे युवक की पहचान भरतपुर निवासी निशांत पुरी (18) के रूप में हुई है। दर्शन करने के बाद वह चंबल नदी (Chambal River) में स्नान करने गया और अचानक तेज धारा में बह गया। पुलिस का बयान चिन्नोनी थाना प्रभारी शंभुदयाल बॉथम ने बताया कि “युवक निशांत पुरी राजस्थान का रहने वाला है। रविवार शाम से SDRF टीम नदी में तलाश कर रही है। अभी तक युवक का पता नहीं चला। रेस्क्यू जारी है।”

Women’s Cricket World Cup 2025 : बागेश्वर धाम के धीरेंद्र शास्त्री बोले – भारतीय बेटियों ने रचा इतिहास, ‘हमारी छोरियां भी छोरों से कम नहीं’

Women’s Cricket World Cup 2025

Women’s Cricket World Cup 2025: भारत ने 47 साल बाद पहली बार ICC महिला वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम किया। पूरे देश में जश्न का माहौल है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को बधाई दी । धीरेंद्र शास्त्री ने वीडियो मैसेज में दी बधाई धीरेंद्र शास्त्री ने बुंदेली भाषा में वीडियो मैसेज जारी किया। उन्होंने कहा कि भारत हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। महिला क्रिकेट टीम की यह जीत पूरे देश का सिर गर्व से ऊंचा कर रही है। भावुक स्वर में उन्होंने कहा कि भारत के तिरंगे ने चांद से लेकर क्रिकेट फील्ड तक अपना परचम लहराया है। भारत पहली बार बना महिला वर्ल्ड चैंपियन भारतीय टीम ने रविवार को फाइनल में साउथ अफ्रीका को 52 रन से हराकर इतिहास रचा। यह पहली बार है जब भारत ने महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया है। शास्त्री ने कहा कि यह जीत भारतीय महिला खिलाड़ियों के मेहनत का नतीजा है और आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। “हमारी छोरियां भी छोरों से कम नहीं” टीम की प्रशंसा करते हुए शास्त्री ने कहा, “हमारी छोरियां भी छोरों से कम नहीं हैं।” उन्होंने कहा कि यह जीत खेल इतिहास में नया अध्याय है और दिखाती है कि भारतीय बेटियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्होंने पूरे दल को आशीर्वाद दिया । धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि भारत खेल, विज्ञान, तकनीक, संस्कृति और एकता जैसे हर क्षेत्र में नई बुलंदियों को छू रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत आने वाले समय में बड़ी उपलब्धियां हासिल करेगा। अपने संदेश के अंत में शास्त्री ने देशभक्ति की भावना व्यक्त करते हुए कहा, “सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा।” उन्होंने इस ऐतिहासिक पल को भारत की बेटियों और देशवासियों के लिए गर्व का दिन बताया।