Balaghat Naxalite Surrender : 14 लाख की ईनामी महिला नक्सली सुनीता का सरेंडर, पूछताछ में खोले कई राज

Balaghat Naxalite Surrender : बालाघाट। मध्य प्रदेश के नक्सल प्रभावित क्षेत्र बालाघाट में सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। पहली बार किसी महिला नक्सली ने आत्मसमर्पण किया है। 22 वर्षीय सुनीता आयाम ने हॉक फोर्स कैंप पहुंचकर सरेंडर किया। सुनीता पर एमपी, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ में कुल 14 लाख रुपए का इनाम था। पुलिस ने इसे राज्य की बेस्ट सरेंडर पॉलिसी का बड़ा नतीजा बताया है। सुनीता ने 1 नवंबर की सुबह लांजी थाना क्षेत्र के चौरिया कैंप में आत्मसमर्पण किया। उसके पास से इंसास रायफल, तीन मैगजीन और अन्य सामग्री बरामद हुई है। सुनीता हथियार चलाने में माहिर थी और कई नक्सली गतिविधियों में शामिल रही। परिवार से मिला नक्सल का रास्ता सुनीता छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के वीरमन इंड्रावती क्षेत्र की रहने वाली है। उसके पिता भी नक्सली थे। सुनीता ने 2022 में संगठन जॉइन किया। तीन साल में सीनियर कैडर बन गई। उसे मलाजखंड-दर्रेकसा एरिया कमेटी मेंबर बनाया गया था । शोषण और बदनामी से टूट गई सुनीता पूछताछ में सुनीता ने खुलासा किया कि कमांडर रामदेर ने उसके चरित्र पर सवाल उठाकर बदनाम किया। संगठन में महिलाओं के सम्मान की जगह न होने से वह मानसिक रूप से टूट गई। इसके बाद आत्मसमर्पण का फैसला किया। तड़के जंगल से निकली 1 नवंबर की सुबह चार बजे सुनीता नक्सली वर्दी, हथियार और सामग्री लेकर जंगल से निकली। हथियार गड्ढे में छिपाए और चौरिया कैंप पहुंचकर आत्मसमर्पण की इच्छा जताई। सूचना पर एसपी आदित्य मिश्रा और अन्य अफसर पहुंचे। 18 सितंबर की हत्या का खुलासा पूछताछ में सुनीता ने बताया कि 18 सितंबर को चौरिया जंगल में देवेंद्र नाम के युवक की हत्या मुखबिरी के शक में की गई थी। इस वारदात में कई नक्सली शामिल थे। पुलिस को कई ठिकानों और नेटवर्क की जानकारी मिली है। 33 साल में पहली महिला नक्सली सरेंडर आईजी संजय कुमार ने कहा कि सुनीता का आत्मसमर्पण राज्य में लागू बेस्ट ऑफ बेस्ट सरेंडर पॉलिसी का परिणाम है। 1992 के बाद यह पहली महिला नक्सली है जिसने हथियार डाले हैं। सुनीता को पुनर्वास योजना के तहत 2.5 लाख रुपए, ट्रेनिंग और नौकरी का मौका दिया जाएगा। बालाघाट में नक्सलवाद का अंत करीब बालाघाट पिछले 40 साल से नक्सल प्रभावित क्षेत्र रहा है, लेकिन अब नक्सली गतिविधियां सीमित हो चुकी हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पुलिस को बधाई दी।
Madhya Pradesh Rape Case: नाबालिग पीड़िता ने नहीं कराया गर्भपात, कोर्ट ने माना व्यक्तिगत अधिकार

Madhya Pradesh Rape Case: मध्य प्रदेश हाई कोर्ट ने नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता के मामले में बेहद संवेदनशील और महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। पीड़िता ने गर्भपात से इनकार किया था, जिसके बाद कोर्ट ने प्रजनन स्वतंत्रता को मौलिक अधिकार मानते हुए गर्भावस्था जारी रखने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि प्रजनन व्यक्तिगत अधिकार है। इस पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है। पीड़िता और परिवार का निर्णय सर्वोपरि मामला पन्ना जिले से सामने आया। नाबालिग दुष्कर्म पीड़िता गर्भवती हुई और पन्ना जिला अदालत ने हाई कोर्ट को पत्र लिखकर मार्गदर्शन मांगा। हाई कोर्ट ने मेडिकल बोर्ड से रिपोर्ट मांगी। रिपोर्ट में बताया गया कि पीड़िता ने मेडिकल जांच कराने से इनकार कर दिया। बोर्ड ने गर्भपात और बच्चे को जन्म देने से जुड़े सभी पहलुओं की जानकारी दी, लेकिन इसके बावजूद पीड़िता और उसके माता-पिता ने गर्भावस्था जारी रखने का फैसला लिया। कोर्ट ने परिवार की इच्छा को सर्वोच्च मानते हुए आदेश जारी किया। अनुच्छेद 21 के तहत प्रजनन स्वतंत्रता जस्टिस विशाल मिश्रा ने आदेश में स्पष्ट किया कि गर्भधारण और गर्भपात का अधिकार निजता से जुड़ा विषय है। यह संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मौलिक अधिकार है। अदालत का कहना है कि गर्भवती की सहमति सर्वोपरि रखी जाएगी। बिना सहमति गर्भपात का आदेश नहीं दिया जा सकता। इस फैसले में सुप्रीम कोर्ट के पूर्व निर्णयों का हवाला भी दिया गया है। महिला अधिकारों की जीत माना गया फैसला वकीलों और महिला अधिकार कार्यकर्ताओं ने इस निर्णय को ऐतिहासिक बताया। उनका कहना है कि कई बार समाज और परिवार पीड़िता पर गर्भपात का दबाव डालते हैं, लेकिन इस आदेश ने साबित कर दिया कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता पर किसी भी प्रकार का दबाव स्वीकार नहीं है।
Gwalior News: ग्वालियर में रात में गोलियों की बरसात, 15 मिनट में 35 फायर, कारण सुनकर रह जाएंगे दंग

Gwalior News: ग्वालियर में देर रात खूनी गैंगवार से शहर दहल उठा। वर्चस्व और पांच लाख रुपये के विवाद में बदमाशों ने कार सवार दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमले में हवलदार का बेटा और उसका साथी घायल हुआ। वारदात के दौरान 15 मिनट में 35 से ज्यादा गोलियां चलाई गईं। घासमंडी से लौटते समय कार को रोका घटना घासमंडी, कोटेश्वर रोड पर रविवार रात से सोमवार तड़के के बीच हुई। शिवनगर घोसीपुरा निवासी विजय सिंह गौड़ का दोस्त बल्लू सरदार और हाकिम सिंह बघेल अपने साथी को छोड़कर लौट रहे थे। कोटेश्वर रोड पर अचानक रिंकू कमरिया और उसके साथियों ने कार को घेर लिया और फायरिंग शुरू कर दी। हवलदार का बेटा गंभीर लगातार फायरिंग में विजय गौड़ के पैर में तीन गोलियां लगीं और हाकिम सिंह को एक गोली लगी। दोनों को तुरंत हजीरा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। रिंकू कमरिया गैंग का नाम सामने हमले में रिंकू कमरिया, अन्नी कमरिया, छोटू कमरिया, कालू कमरिया और रमेश कमरिया शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार विवाद पांच लाख रुपये के लेनदेन और गैंग वर्चस्व से जुड़ा बताया जा रहा है। इलाके में दहशत लगातार गोलीबारी की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवकों को अस्पताल भेजा। हमलावर वारदात के बाद हथियार लहराते हुए फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम तैनात की गई है। सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर दबिशें दी जा रही हैं।
MP Weather Update: MP में बदला मौसम, भोपाल–इंदौर–ग्वालियर अलर्ट

MP Weather Update: मध्यप्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय हल्की गर्माहट रहेगी। अधिकतम तापमान 28 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रात के तापमान में गिरावट जारी रहेगी और न्यूनतम तापमान 13 से 17 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। नमी कम रहेगी और धुंधली धूप की स्थिति बन सकती है। भोपाल में धूप खिली राजधानी भोपाल में आसमान साफ़ रहेगा और धूप मिलेगी। अधिकतम तापमान 29 से 30 डिग्री और न्यूनतम 19 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। शाम और रात के समय हल्की ठंड महसूस होगी। इंदौर–उज्जैन में हल्की बारिश की संभावना पश्चिमी मध्यप्रदेश यानी इंदौर और उज्जैन में दिनभर धूप देखने को मिलेगी। हफ्ते की शुरुआत में दोपहर या शाम को हल्की बारिश या गरज के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। उसके बाद मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। ग्वालियर–चंबल में सूखा मौसम ग्वालियर और आसपास के जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस तक और न्यूनतम तापमान हल्की ठंड के साथ नीचे जाएगा। बाहरी गतिविधियों के लिए मौसम अनुकूल रहेगा। जबलपुर–सागर में सुबह हल्की बारिश संभव जबलपुर, सागर और आसपास के क्षेत्रों में दिन के समय तापमान 29 से 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा। रातें ठंडी होंगी और तापमान में गिरावट दिखेगी। सुबह के समय हल्की बारिश या फुहारें पड़ सकती हैं। सुबह का समय बेहतर दिनभर मौसम सुहावना रहने के कारण सुबह से दोपहर बाद तक बाहर निकलना उपयुक्त रहेगा। निचले इलाकों में सुबह कोहरा या धुंध छा सकती है। इसलिए वाहन चलते समय सावधानी बरतें। देर शाम से रात तक हल्की जैकेट की जरूरत पड़ेगी।
MP 70th Foundation Day: लाल परेड ग्राउंड में सम्राट विक्रमादित्य की गाथा जीवंत

MP 70th Foundation Day: भोपाल। मध्यप्रदेश के 70वें स्थापना दिवस समारोह अभ्युदय मध्यप्रदेश के दूसरे दिन शहर के लाल परेड ग्राउंड में सम्राट विक्रमादित्य की अमर गाथा मंचित की गई। भारतीय सांस्कृतिक वैभव, परंपरा और शौर्य की झलक दिखाती यह प्रस्तुति दर्शकों के लिए भावनात्मक और प्रेरक अनुभव रही। 150 कलाकारों ने सजाया ऐतिहासिक मंचन कार्यक्रम का निर्देशन संजीव मालवीय ने किया। पहली बार उज्जैन की विशाला सांस्कृतिक एवं लोकहित समिति के 150 कलाकारों ने इस भव्य नाटक को पेश किया। प्रस्तुति में सम्राट विक्रमादित्य के जीवन, आदर्शों और पराक्रम को विस्तार से दिखाया गया। घोड़े, ऊंट, हाथी और रथ के साथ भव्य दृश्य नाटक में 22 घोड़े, दो ऊंट, एक हाथी, शाही पालकी, युद्ध दृश्य और धमाकेदार आतिशबाजी का उपयोग किया गया। मंचन का आकर्षण महाकाल की भस्म आरती थी। मुख्यमंत्री मोहन यादव सहित बड़ी संख्या में मौजूद दर्शकों ने प्रस्तुति का आनंद लिया। तीन स्टेज, LED सेटअप और विजुअल ग्राफिक्स इस प्रस्तुति के लिए तीन अलग-अलग स्टेज तैयार किए गए थे। महाकाल मंदिर, आश्रम और जंगल के सीन को 20 फुट ऊंचे सेट के साथ दिखाया गया। हाई-टेक LED ग्राफिक्स वॉल ने हर दृश्य में जीवन भर दिया। युवा विक्रमादित्य का घोड़े पर सवार होकर दर्शकों के बीच प्रवेश सबसे रोमांचक क्षण रहा। विक्रमादित्य की जन्मगाथा से विक्रम संवत तक सफर दो घंटे की प्रस्तुति में विक्रमादित्य के जन्म से लेकर राज्याभिषेक और विक्रम संवत की शुरुआत तक का सफर दिखाया गया। विक्रम सिंह चौहान ने सम्राट की भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि वे नौ साल से यह किरदार कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने निभाई थी भूमिका प्रस्तुति में शंकर राव साठे ने राजा गर्दभिल्ला का किरदार निभाया। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव 2007 से 2017 तक सम्राट विक्रमादित्य की भूमिका निभा चुके हैं। नाटक का दूसरा शो सोमवार को भी होगा। हंसराज रघुवंशी का भक्ति संगीत कार्यक्रम कार्यक्रम में भजन गायक हंसराज रघुवंशी और उनके चंडीगढ़ स्थित संगीत दल ने प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों और लोक संगीत की धुनों ने दर्शकों को भावविभोर किया। अहिराई, गणगौर, बधाई और मटकी जैसे लोक नृत्य भी पेश किए गए। READ MORE: सायबर अपराधों का खतरा बढ़ा, डिजिटल सतर्कता समय की जरूरत – डॉ. वरुण कपूर
Electricity In Datia: दतिया में आज कई इलाकों में बिजली बंद, नयाखेड़ा और रिधारी सहित कई फीडर प्रभावित

Electricity In Datia: दतिया। शहर में सोमवार को पोस्ट-मानसून मेंटेनेंस कार्य की वजह से कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड ने जानकारी दी कि 33 केवी और 33/11 केवी सबस्टेशनों पर रिपेयर और तकनीकी सुधार कार्य किया जा रहा है, जिसके कारण अलग-अलग समय पर फीडरों में बिजली बंद रहेगी। कंपनी के अनुसार सुबह 10 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक अधिकांश इलाकों में सप्लाई बाधित रहेगी, जबकि कुछ क्षेत्रों में शाम 5 बजे तक बिजली नहीं मिलेगी। कहां-कहां बिजली रहेगी बंद 33 केवी नयाखेड़ा फीडर से जुड़े बसई सबस्टेशन क्षेत्र सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक पूर्ण रूप से सप्लाई बंद 11 केवी गंधरी आबादी फीडर क्षेत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित शास्त्री नगर, दुरसा, रिछार, पिपरआ कला, बेहरुका, खोदन और जिगना क्षेत्र सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक सप्लाई बंद 11 केवी रिधारी और मादीना फीडर क्षेत्र सुबह 11:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक बिजली बंद कंपनी का आग्रह वितरण कंपनी ने कहा कि बिजली बहाली का समय मेंटेनेंस प्रगति के अनुसार बदल सकता है। उपभोक्ताओं से अपील है कि निर्धारित समय में आवश्यक तैयारियां कर लें और असुविधा से बचने हेतु वैकल्पिक व्यवस्था रखें। READ MORE: रेप केस में डीएनए रिपोर्ट छिपाने पर हाईकोर्ट सख्त, पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश
ICC Women’s World Cup 2025: साउथ अफ्रीका को हराकर पहली बार वनडे वर्ल्ड कप जीता भारत , दीप्ति और शेफाली ने करायी फतह

ICC Women’s World Cup 2025: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 47 साल की प्रतीक्षा को खत्म करते हुए पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीत लिया। नवी मुंबई स्थित डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 52 रन से मात दी। इस जीत के साथ महिला क्रिकेट में भारत ने पहली ICC सीनियर ट्रॉफी हासिल कर इतिहास रच दिया। फाइनल में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट पर 298 रन बनाए। इंजरी रिप्लेसमेंट के रूप में मैदान पर उतरी युवा ओपनर शेफाली वर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया। उन्होंने 87 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दिलायी। इसके बाद दीप्ति शर्मा ने 58, स्मृति मंधाना ने 45 और ऋचा घोष ने 34 रन जोड़े। साउथ अफ्रीका की ओर से आयाबोंगा खाका ने 3 विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम 246 रन पर सिमट गई। कप्तान लौरा वोल्वार्ट ने शानदार शतक लगाया, पर टीम को जीत तक नहीं ले जा सकीं। भारत की तरफ से पार्ट टाइम ऑफ स्पिनर शेफाली वर्मा ने गेंदबाजी में भी कमाल किया और दो अहम विकेट लेकर मैच का मोमेंटम बदला। वहीं दीप्ति शर्मा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट चटकाए। उन्हें टूर्नामेंट की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। शेफाली वर्मा को प्लेयर ऑफ द फाइनल का पुरस्कार मिला। आखिरी विकेट गिरते ही स्टेडियम में जश्न का माहौल बन गया। भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर मैदान में खिलखिलाते हुए नजर आयीं। खिलाड़ियों ने तिरंगा ओढ़कर ग्राउंड का चक्कर लगाया और दर्शकों का अभिवादन स्वीकार किया। भारत का वर्ल्ड कप सफर महिला वनडे वर्ल्ड कप की शुरुआत 1973 में हुई थी। भारत ने पहली बार 1978 में हिस्सा लिया। 2005 और 2017 में भारत फाइनल में पहुंचा पर खिताब जीतने में सफल नहीं हुआ। 2025 में टीम ने सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराने के बाद इमोशनल कमबैक किया और फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर इतिहास रच दिया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया सात और इंग्लैंड चार बार चैंपियन रहे हैं। न्यूजीलैंड ने 2000 में खिताब जीता था। भारत 25 साल बाद नया वर्ल्ड चैंपियन बना है। READ MORE: सायबर अपराधों का खतरा बढ़ा, डिजिटल सतर्कता समय की जरूरत – डॉ. वरुण कपूर
Varun Kapoor Cyber Awareness: सायबर अपराधों का खतरा बढ़ा, डिजिटल सतर्कता समय की जरूरत – डॉ. वरुण कपूर

Varun Kapoor Cyber Awareness: भोपाल। जेल महानिदेशक डॉ. वरुण कपूर ने कहा कि वर्तमान डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा सबसे गंभीर चुनौती बनकर उभर रही है। साइबर अपराधी हर दिन नए तरीकों से लोगों को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में नागरिकों का तकनीकी रूप से जागरूक और सतर्क होना बेहद आवश्यक है। Black Ribbon Initiative का 825वां सत्र डॉ. वरुण कपूर, बुधवार को रीजनल इंस्टिट्यूट भोपाल में आयोजित Black Ribbon Initiative के 825वें सत्र में संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित किया गया था। इसमें प्रदेशभर से लगभग 300 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हुए। फिशिंग, बुलिंग और स्टॉकिंग जैसे अपराधों में आई तेजी डॉ. कपूर ने कहा कि फिशिंग, साइबर बुलिंग, स्टॉकिंग और ऑनलाइन गेमिंग संबंधी अपराधों में तेजी से वृद्धि हो रही है। उन्होंने नागरिकों से सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा न करने, किसी भी संदिग्ध लिंक या कॉल पर क्लिक न करने और साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करने की अपील की। युवाओं में गेमिंग की लत उन्होंने युवाओं में बढ़ रही ऑनलाइन गेमिंग की लत को मानसिक और आर्थिक नुकसान का कारण बताया साथ ही कहा कि डिजिटल युग में सुरक्षित रहने के लिए सोच में बदलाव जरूरी है। डॉ. कपूर को किया गया सम्मानित कार्यक्रम में मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने डॉ. कपूर को श्रीफल, शॉल, प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया। कार्यक्रम संचालन में सहायक जेल अधीक्षक शुभम मिश्रा और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। READ MORE: रेप केस में डीएनए रिपोर्ट छिपाने पर हाईकोर्ट सख्त, पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश
MP News: रेप केस में डीएनए रिपोर्ट छिपाने पर हाईकोर्ट सख्त, पुलिस अधिकारियों के खिलाफ जांच के आदेश

MP News: मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने दुष्कर्म के एक मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही पर सख्त रुख अपनाया है। जस्टिस विवेक अग्रवाल और जस्टिस ए.के. सिंह की पीठ ने कहा कि पुलिस ने डीएनए सैंपल लेकर भी रिपोर्ट कोर्ट में पेश नहीं की, जो न्यायिक प्रक्रिया में बड़ी चूक है। कोर्ट ने डीजीपी को आदेश दिया है कि नर्मदापुरम के तत्कालीन एसपी और महिला जांच अधिकारी की भूमिका की जांच कर 30 दिनों में रिपोर्ट दें। इसी आधार पर आरोपी को जमानत दी गई। क्या है पूरा मामला सिवनी मालवा निवासी राहुल कुछबंधिया को ट्रायल कोर्ट ने दुष्कर्म मामले में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। आरोपी ने हाईकोर्ट में अपील की और कहा कि उसका डीएनए सैंपल लिया गया था, लेकिन रिपोर्ट कभी पेश ही नहीं की गई। हाईकोर्ट ने इस तर्क को गंभीर माना और कहा कि ट्रायल कोर्ट ने भी इस कमी को दर्ज किया था। रिपोर्ट न आना न्याय को प्रभावित करता है। इसलिए आरोपी को राहत दी गई। जांच अधिकारी पर शक कोर्ट ने टिप्पणी की कि जांच अधिकारी वैशाली उइके ने किसी दबाव या साजिश के तहत रिपोर्ट को छिपाया। साथ ही तत्कालीन नर्मदापुरम एसपी पर भी सवाल उठाए गए कि उन्होंने डीएनए सैंपल भेजने से जुड़े दस्तावेजों की पर्याप्त जांच क्यों नहीं की। कोर्ट ने कहा कि चाहे अधिकारी अब कहीं भी तैनात हों, जांच अनिवार्य है। पहले भी पुलिस पर फटकार हाईकोर्ट ने इससे पहले भी कई मामलों में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। • कटनी में वीडियो क्लिप छुपाने पर अफसर की जांच के आदेश • नरसिंहपुर में डीएनए रिपोर्ट मेल न होने पर आरोपी को बरी सुप्रीम कोर्ट ने भी मंदसौर गैंगरेप मामले में कहा था कि केवल डीएनए पर्याप्त नहीं, विशेषज्ञ बयान भी जरूरी हैं। फॉरेंसिक लापरवाही पर चिंता विशेषज्ञों का कहना है कि फॉरेंसिक साक्ष्य अपराध सिद्ध करने की रीढ़ हैं। रिपोर्ट समय पर न आने से निर्दोष जेल में रह जाते हैं और दोषी बच सकते हैं। हाईकोर्ट ने कहा कि सबूतों से छेड़छाड़ न्याय व्यवस्था का अपमान है। आगे की कार्रवाई अब डीजीपी विशेष टीम बनाकर जांच करेंगे। नर्मदापुरम के पूर्व एसपी और वैशाली उइके पर विभागीय एक्शन या कोर्ट की अवमानना की कार्रवाई संभव है। आरोपी राहुल को जमानत दी गई है और उसे कोर्ट में नियमित हाजिर रहने की शर्त लगाई गई है। पीड़िता के वकील ने फैसले पर निराशा जताते हुए कहा कि सबूत छुपाना पीड़ितों के साथ अन्याय है। राज्य सरकार ने निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया है।
CM Dr. Mohan Yadav Exclusive: विक्रमादित्य महानाट्य से रामराज्य की संकल्पना तक, मुख्यमंत्री मोहन यादव से खास बातचीत

CM Dr. Mohan Yadav Exclusive: भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य भारतीय इतिहास में सुशासन, पराक्रम और न्याय के सर्वोच्च उदाहरण हैं और उन्हें जन-जन तक पहुंचाना उनकी व्यक्तिगत प्रतिबद्धता है। मध्य प्रदेश स्थापना दिवस पर भोपाल में 2 और 3 नवंबर को होने वाले विक्रमादित्य महानाट्य को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष बातचीत में यह बातें कहीं। यह महा नाट्य दिल्ली के लाल किले, हैदराबाद और ग्वालियर में सफल मंचन के बाद अब भोपाल में हो रहा है। विक्रमादित्य को जनमानस तक लाने का संकल्प मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य का चरित्र दानशीलता और न्यायप्रियता से भरा है। उनके शासन में रामराज्य की झलक मिलती है और देश-दुनिया में उनका व्यक्तित्व बेजोड़ है। इसलिए उन्हें व्यापक रूप से प्रचारित करना उनका संकल्प है। विक्रमादित्य के नेतृत्व को CM ने बताया प्रेरक महानाट्य के किस भाग से सर्वाधिक प्रभावित होते हैं। इस प्रश्न पर सीएम ने कहा कि विक्रमादित्य के सुशासन की नीति और जनता से जुड़ाव सबसे प्रेरक है। स्पष्ट नीति, उज्ज्वल चरित्र और विकास का दूरदर्शी मॉडल उनके शासन की पहचान रहा है। उज्जैन से भावनात्मक जुड़ाव डॉ. यादव ने कहा कि वे स्वयं उज्जैन के हैं जिसे विक्रमादित्य की राजधानी अवंतिका कहा जाता है। विक्रम संवत, कालिदास समारोह और पुरातात्विक विरासत के बीच पले-बढ़े हैं। इसी कारण उन्होंने 2005-06 में विक्रमादित्य शोधपीठ स्थापित कराई और फिर इस महानाट्य की अवधारणा विकसित की। अभिनय से आयोजन की भूमिका तक मुख्यमंत्री ने बताया कि शुरुआती समय में उन्होंने छोटे किरदार निभाए ताकि स्थानीय कलाकारों को मंच मिल सके। अब वे आयोजन में मार्गदर्शन की भूमिका निभा रहे हैं। इस प्रस्तुति में डॉक्टर, इंजीनियर और छात्र सहित 250 से अधिक कलाकार शामिल हैं। आगे कई शहरों में होगा आयोजन भोपाल के बाद अब इस नाट्य को जबलपुर, रीवा, इंदौर और अन्य राज्यों में ले जाया जाएगा। सीएम ने कहा कि यह केवल नाट्य नहीं बल्कि सांस्कृतिक अभियान है जिसका उद्देश्य विक्रमादित्य के जीवन और आदर्शों को समाज तक पहुंचाना है। डिजिटल युग में भी दर्शकों की भारी भीड़ का कारण बताते हुए सीएम ने कहा कि यह नाट्य फिल्म की तरह भव्य है। लाइव घोड़े, तलवारबाजी, धूल और आतिश प्रभाव दर्शकों को विक्रम काल में ले जाते हैं और यह अनुभव जीवनभर याद रहता है। युवा पीढ़ी के लिए संदेश सीएम ने कहा कि युवा पीढ़ी के लिए विक्रमादित्य की सबसे बड़ी सीख निडरता और सत्य-कर्तव्य के प्रति समर्पण है। विक्रम का अर्थ होता है विपरीत परिस्थिति को साध लेना। यही जीवन का आदर्श होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि 2 और 3 नवंबर को भोपाल में आयोजित इस महानाट्य में जनता जरूर शामिल हो। यह केवल अभिनय नहीं बल्कि भावनात्मक सांस्कृतिक पुनर्रचना है जिसमें समाज के विभिन्न वर्गों ने योगदान दिया है। पूरा इंटरव्यू देखने के लिए यहां क्लिक करें https://www.youtube.com/watch?v=BiIuNt2eJRo&feature=youtu.be