Chambalkichugli.com

माखनलाल विश्वविद्यालय के छात्र दिव्यांश चौकसे की मौत, इंस्टाग्राम पर चलाता था 5 लाख फॉलोअर्स वाला NCERT पेज

MCU Student Death

MCU Student Death: भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में गुरुवार को दर्दनाक हादसा सामने आया। जनसंचार विभाग का 22 वर्षीय छात्र दिव्यांश चौकसे तीसरी मंजिल की बालकनी से गिर गया। गंभीर चोटों के कारण हालत नाजुक रही और शुक्रवार रात करीब 10 बजे उसने अस्पताल में दम तोड़ दिया। दिव्यांश रायसेन जिले का निवासी था और मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MMC) के पहले सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहा था। सोशल मीडिया पर उसका ‘NCERT ज्ञान’ नाम से शैक्षणिक इंस्टाग्राम पेज था, जिस पर 5 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुड़े थे। छात्र समुदाय में दिव्यांश शिक्षा कंटेंट और गाइडेंस के लिए काफी लोकप्रिय था। बालकनी पर हुआ हादसा (MCU Student Death) घटना 30 अक्टूबर सुबह करीब 11:30 बजे हुई। क्लास ब्रेक में दिव्यांश बालकनी में गया। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया। जोरदार आवाज सुनते ही छात्र और स्टाफ नीचे पहुंचे। सिर, छाती और शरीर पर गंभीर चोटें थीं। उसे पहले गीतांजलि अस्पताल ले जाया गया, फिर हालत बिगड़ने पर सेज अपोलो में शिफ्ट किया गया। वेंटिलेटर सपोर्ट के बावजूद वह जिंदगी नहीं बचा सका। पुलिस जांच जारी (MCU Student Death) रातीबाड़ी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्राथमिक रूप से हादसा पैर फिसलने का माना जा रहा है लेकिन पुलिस सभी एंगल्स की जांच कर रही है। साथी छात्रों, स्टाफ और गवाहों से बयान लिए जा चुके हैं। विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। थाना प्रभारी रासबिहारी शर्मा ने कहा कि “कोई भी पहलू नजरअंदाज नहीं किया जाएगा”। साथ ही बालकनी की रेलिंग और फर्श की स्थिति भी जांच के दायरे में है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

MP DGP Kailash Makwana: कैलाश मकवाना का कार्यकाल बढ़ा, अब 2026 तक पद पर रहेंगे

MP DGP Kailash Makwana

MP DGP Kailash Makwana: मध्यप्रदेश के पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना का कार्यकाल एक साल के लिए बढ़ा दिया गया है। अब वे 1 दिसंबर 2026 तक डीजीपी पद पर कार्यरत रहेंगे। राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के दिशानिर्देशों के अनुसार यह निर्णय लिया और गृह विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए। पहले उनकी रिटायरमेंट 1 दिसंबर 2025 को निर्धारित थी। सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइन के आधार पर फैसला सुप्रीम कोर्ट के नियमों के अनुसार, डीजीपी को कम से कम दो साल का पूर्ण कार्यकाल मिलना अनिवार्य होता है। इसी प्रावधान के तहत मकवाना को अतिरिक्त एक वर्ष की सेवा प्रदान की गई। गृह विभाग के आदेश में बताया गया है कि इस वर्ष 60 वर्ष की आयु पूरी करने वाले 17 आईपीएस अधिकारियों की सूची में मकवाना का नाम 16वें स्थान पर था। 2024 में संभाला था पदभार कैलाश मकवाना ने 1 दिसंबर 2024 को डीजीपी का पदभार संभाला था। उनकी नियुक्ति का आदेश 23 नवंबर 2024 को जारी हुआ था। सुप्रीम कोर्ट की सिविल याचिका संख्या 310/1996 के प्रावधानों के अनुसार न्यूनतम दो वर्ष की सेवा सुनिश्चित करने के लिए उनकी रिटायरमेंट तिथि को आगे बढ़ाया गया है। नए आदेश के तहत मकवाना अब 1 दिसंबर 2026 को रिटायर होंगे। तब तक वे प्रदेश की कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन का नेतृत्व करते रहेंगे।  

Andhra Pradesh Temple Stampede: वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ से 9 लोगों की मौत, कई घायल

Andhra Pradesh Temple Stampede

Andhra Pradesh Temple Stampede: आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले में स्थित काशीबुग्गा वेंकटेश्वर मंदिर में शनिवार सुबह एकादशी के मौके पर बड़ी दुर्घटना हो गई। मंदिर परिसर में भारी भीड़ के बीच भगदड़ मच गई, जिसमें 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों के मुताबिक, अत्यधिक भीड़ के दबाव से मंदिर की रेलिंग टूट गई, जिसके बाद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। हादसे में मरने वालों में ज्यादातर महिलाएं शामिल हैं। घायल श्रद्धालुओं को नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि कुछ घायलों की हालत गंभीर है।

Bandhavgarh Tiger Reserve: बांधवगढ़ में मादा हाथियों पर लगेगा रेडियो कॉलर, मानव-हाथी संघर्ष रोकने के लिए कदम

Bandhavgarh Tiger Reserve:

Bandhavgarh Tiger Reserve: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में अब झुंडों की प्रमुख मादा हाथियों पर रेडियो कॉलर लगाए जाएंगे। इस पहल का उद्देश्य उनकी मूवमेंट ट्रैक करना और आसपास के गांवों को समय रहते अलर्ट देना है ताकि मानव-हाथी संघर्ष के मामलों में कमी लाई जा सके। रिजर्व में 60 से अधिक हाथी बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उप निदेशक प्रकाश कुमार वर्मा के अनुसार, क्षेत्र में लगभग 60 से 65 हाथी हैं। ये हाथी अलग-अलग झुंडों में रहते हैं और हर झुंड का नेतृत्व एक मादा हाथी करती है। प्रमुख मादा हाथी हमेशा अन्य हाथियों से घिरी रहती है, इसी कारण उसे कॉलर लगाना जोखिम भरा और चुनौतीपूर्ण माना जा रहा है। नर हाथियों पर पहले सफल ट्रायल रिजर्व प्रबंधन ने इससे पहले संघर्ष-प्रवण श्रेणी वाले तीन नर हाथियों पर सफलतापूर्वक रेडियो कॉलर लगाए थे। अब इस तकनीक का विस्तार करते हुए, दो पशु चिकित्सकों को असम और दक्षिण भारत भेजा जाएगा ताकि वे वहां इस्तेमाल की जा रही मादा हाथियों को टैग करने की विशेषज्ञ तकनीक सीख सकें। छत्तीसगढ़ से आए हाथियों की बड़ी संख्या बांधवगढ़ में फिलहाल सबसे बड़ी संख्या उन हाथियों की है, जो वर्षों पहले छत्तीसगढ़ क्षेत्र से आए थे और अब यहीं स्थायी रूप से रह रहे हैं। पिछले वर्ष बांधवगढ़ क्षेत्र में कोडू फसल में फफूंद लगने से ग्यारह हाथियों की मौत हो गई थी। इस बार वन विभाग पहले से सक्रिय मोड में है। फसल संक्रमण रोकने के लिए 25 टीमें बनाई गई हैं। कृषि और राजस्व विभाग के कर्मचारियों की मदद से यह टीमें आसपास के गांवों और खेतों का निरीक्षण कर रही हैं। अब तक किसी फसल में संक्रमण नहीं मिला है।

Gwalior News: ग्वालियर में प्रेमिका के अपहरण का मामला, चंबल में फिर लौट रहे डकैत?

Gwalior News

Gwalior News: ग्वालियर। चंबल के बीहड़ों में एक बार फिर डकैतों की सरगर्मी बढ़ गई है। सिरफिरा अपराधी योगेंद्र गुर्जर उर्फ योगी गुर्जर पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। 22 दिन पहले इसने फिल्मी अंदाज में अपनी प्रेग्नेंट प्रेमिका को तिघरा क्षेत्र के गुर्जा गांव से अगवा कर लिया था। अपहरण से पहले गांव में फायरिंग और मारपीट कर दहशत फैलाई गई थी। घटना के बाद पुलिस ने करीब एक दशक बाद दो आईपीएस अफसरों की निगरानी में एंटी-डकैत स्क्वॉड तैनात की है। यह टीम लगातार बीहड़ों में सर्च ऑपरेशन चला रही है, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। मायके और ससुराल वालों को मिल रही धमकियाँ सूत्रों के अनुसार, योगी लगातार प्रेमिका के मायके (श्योपुर) और ससुराल पक्ष को धमकी दे रहा है। पुलिस का दबाव बढ़ने के बाद भी वह गैंग के साथ इलाके में सक्रिय है और बार-बार लोकेशन बदल रहा है। इनपुट्स के मुताबिक योगी के साथ करीब 16 साथी हैं। गिरोह के पास देशी-विदेशी हथियार, पिस्टल, बंदूक और माउज़र हैं। गैंग फिलहाल ग्वालियर, मुरैना और धौलपुर के जंगलों में मूव कर रहा है। चंबल में फिर लौटे डकैतों के दिन? करीब 10 साल बाद चंबल के बीहड़ों में गैंग की ऐसी सक्रियता ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा, वहीं ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। READ MORE: पास्टर गॉडविन केरल से लेता था 60 हजार सैलरी, रिमांड में किए कई खुलासे

MP Foundation Day 2025: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, CM मोहन यादव करेंगे विज़न 2047 जारी

MP Foundation Day 2025

MP Foundation Day 2025: भोपाल। मध्य प्रदेश आज अपना 70वां स्थापना दिवस भव्य तरीके से मना रहा है। 1 से 3 नवंबर तक राज्यभर में सांस्कृतिक, तकनीकी और पर्यटन गतिविधियों का आयोजन होगा। लाल परेड ग्राउंड में मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव राज्य का ‘विज़न 2047’ दस्तावेज जारी करेंगे। केंद्रीय मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू और अर्जुन राम मेघवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। पहला दिन: कृष्ण लीला, ड्रोन शो और जुबिन नौटियाल का लाइव कॉन्सर्ट 1 नवंबर को शाम 6:30 बजे से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। भगवान कृष्ण के जीवन पर आधारित नृत्य-नाटिका में 500 कलाकार प्रस्तुति देंगे। इसके बाद 2,000 ड्रोन आसमान में अनोखा विजुअल शो प्रस्तुत करेंगे। मशहूर गायक जुबिन नौटियाल लाइव प्रदर्शन करेंगे। आदिवासी कलाकार भगोरिया, परधोनी, कर्मा और गणगौर नृत्य पेश करेंगे। समापन आतिशबाजी से होगा। दूसरा दिन: लोक संस्कृति का उत्सव और युवा कला 2 नवंबर को राज्य की संस्कृति और परंपराएं केंद्र में रहेंगी। प्रदेशभर के जनजातीय कलाकार मंच पर प्रस्तुति देंगे। युवा कलाकारों का टैलेंट शो, शिल्प मेला, हस्तशिल्प प्रदर्शन और खानपान स्टॉल दिनभर आकर्षण का केंद्र रहेंगे। तीसरा दिन: सम्राट विक्रमादित्य का महानाट्य और संगीत संध्या 3 नवंबर को उज्जैन की ‘विशाला सांस्कृतिक समिति’ 150 कलाकारों के साथ महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ प्रस्तुत करेगी। लाइव रथ, स्पेशल इफेक्ट्स, एलईडी ग्राफिक्स से ऐतिहासिक दृश्यों को जीवंत किया जाएगा। समापन गायिका स्नेहा शंकर के लाइव कॉन्सर्ट से होगा। MP में शुरू होगी हेलिकॉप्टर सेवा स्थापना दिवस पर प्रदेश को बड़ी सौगात मिलेगी। सरकार PM Shri हेलिकॉप्टर टूरिज्म सेवा लॉन्च करेगी। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भोपाल से उज्जैन तक पहली उड़ान भरेंगे। नियमित सेवा 20 नवंबर से शुरू होगी। READ MORE: पास्टर गॉडविन केरल से लेता था 60 हजार सैलरी, रिमांड में किए कई खुलासे

Ratlam Conversion Case: पास्टर गॉडविन केरल से लेता था 60 हजार सैलरी, रिमांड में किए कई खुलासे

Ratlam Conversion Case

Ratlam Conversion Case: रतलाम। इलाज के बहाने धर्मांतरण के आरोपों वाले रतलाम केस में पुलिस ने जांच तेजी कर दी है। एसपी अमित कुमार ने पूरे मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया है। झाबुआ से पकड़े गए पास्टर गॉडविन को दो दिन की रिमांड पूरी होने पर अदालत ने जेल भेज दिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि गॉडविन को केरल स्थित संस्था से हर महीने 60 हजार रुपए सैलरी मिलती थी। केरल से मिलती थी सैलरी रिमांड के दौरान खुलासा हुआ कि गॉडविन झाबुआ के मोहनपुरा में चर्च संचालित करता था और “चर्च ऑफ साउथ इंडिया” संस्था से जुड़ा था। यह संस्था त्रिवेंद्रम, केरल की है। गॉडविन चर्च प्रबंधन, प्रार्थना और धर्म प्रचार का काम करता था, जिसके एवज में हर महीने 60 हजार रुपए लेता था। मुख्य आरोपी को भेजता था पैसे पुलिस पूछताछ में पता चला कि गॉडविन हर महीने की सैलरी में से 4 से 5 हजार रुपए मुख्य आरोपी विक्रम के खाते में भेजता था। उसने दावा किया कि यह रकम “मदद” के नाम पर भेजता था, लेकिन पुलिस इस एंगल को लेकर संतुष्ट नहीं है और सभी पहलुओं की जांच कर रही है। CSP के नेतृत्व में SIT गठित धर्मांतरण रैकेट के तार केरल तक जुड़े होने की संभावना पर एसपी ने SIT बनाई है। SIT का नेतृत्व CSP सत्येंद्र घनघोरिया करेंगे। टीम में नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी और साइबर सेल सहित कुल 6 अधिकारी शामिल किए गए हैं। SIT जाएगी केरल SIT अब तक हुई कार्रवाई के सभी दस्तावेज, ट्रांजैक्शन और नेटवर्क की जांच करेगी। जरूरत पड़ने पर टीम केरल जाकर भी जांच करेगी। हिंदू जागरण मंच की शिकायत और इनपुट्स को भी जांच में शामिल किया गया है। 5 सितंबर का मामला यह मामला 5 सितंबर को सामने आया था, जब शिवशक्ति नगर में इलाज के नाम पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मिले थे। आरोप था कि उन्हें प्रार्थना और धार्मिक साहित्य के जरिए धर्म बदलवाने लाया गया था। बजरंग दल और हिंदू जागरण मंच की जानकारी पर पुलिस ने छापा मारकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया था, बाद में मुख्य आरोपी भी पकड़ा गया। पुलिस को मौके पर बाइबल, क्रॉस और इलाज के नाम पर प्रार्थना करवाने के वीडियो मिले थे। बैंक खाते की जांच में पास्टर गॉडविन का नाम जुड़ा मिला, जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। READ MORE: दबंग दिल्ली बनी दोबारा चैंपियन, फजल अतराचली ने छीना प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड

Pro Kabaddi League: दबंग दिल्ली बनी दोबारा चैंपियन, फजल अतराचली ने छीना प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट अवॉर्ड

Pro Kabaddi League

Pro Kabaddi League: दबंग दिल्ली ने प्रो कबड्डी लीग (PKL) के 12वें सीजन का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को थ्यागराज इंडोर स्टेडियम में खेले गए फाइनल में दिल्ली ने पुणेरी पलटन को 31-28 से हराकर चार साल में दूसरी बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। इससे पहले टीम ने 2022 में पटना पायरेट्स को हराकर पहला खिताब जीता था। दिल्ली की जीत में नीरज नरवाल ने सबसे ज्यादा 9 पॉइंट्स और अजिंक्य पवार ने 6 पॉइंट्स जुटाए। कप्तान आशु मलिक उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और केवल 2 पॉइंट्स ही ले पाए, लेकिन टीम का डिफेंस और सपोर्ट रेडिंग ने मैच दिल्ली की झोली में डाल दिया। फजल अतराचली बने प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट ईरानी डिफेंडर फजल अतराचली को उनकी शानदार डिफेंसिव परफॉर्मेंस के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। उन्होंने सीजन में कुल 52 टैकल पॉइंट्स हासिल किए। फाइनल में पुणे की ओर से आदित्य शिंदे ने 10 रेड पॉइंट्स लिए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला पाए। दूसरे हाफ में संभली दिल्ली पहले हाफ में दिल्ली ने 20-14 की बढ़त बनाई और पुणे को एक बार ऑलआउट किया। रेड में दिल्ली ने 13 पॉइंट्स और पुणे ने 7 पॉइंट्स लिए। दूसरे हाफ में पुणे ने वापसी की कोशिश करते हुए दिल्ली को ऑलआउट किया, लेकिन दिल्ली के मजबूत डिफेंस और टाइम मैनेजमेंट ने बाज़ी पलट दी। READ MORE: नॉमिनी जोड़ने का नया नियम लागू, पारिवारिक विवाद होंगे खत्म, जानें कैसे

New Bank Rules India 2025: नॉमिनी जोड़ने का नया नियम लागू, पारिवारिक विवाद होंगे खत्म, जानें कैसे

New Bank Rules India 2025

New Bank Rules India 2025: 1 नवंबर 2025 से बैंकिंग सेक्टर में नॉमिनेशन सिस्टम में बड़ा बदलाव लागू हो गया है। अब ग्राहक अपने बैंक खाते, लॉकर और डिपॉजिट स्कीम में एक की जगह चार नॉमिनी तक जोड़ सकते हैं। इससे संपत्ति बंटवारे को लेकर होने वाले विवाद रुक सकेंगे और परिवार को फाइनेंशियल प्रोटेक्शन मिलेगा। नॉमिनेशन सिस्टम में बदलाव से क्या बदला पहले केवल एक नॉमिनी जोड़ने की सुविधा थी, अब चार नाम जोड़ने की अनुमति मिलेगी। ग्राहक हर नॉमिनी की हिस्सेदारी पहले से तय कर सकेंगे, जिससे बाद में विवाद नहीं होंगे। क्यों जरूरी था यह बदलाव पहले नॉमिनी को पूरी रकम मिल जाती थी। कई मामलों में परिवार के दूसरे सदस्यों को पैसे के लिए लंबा कानूनी संघर्ष करना पड़ता था। नए नियम से हर लाभार्थी को उसके हिस्से के अनुसार धन मिलेगा। लॉकर और डिपॉजिट पर भी लागू व्यवस्था नया नियम सिर्फ बैंक अकाउंट नहीं बल्कि लॉकर और सभी बैंक डिपॉजिट स्कीम पर लागू है। यानी ग्राहक अपने लॉकर के लिए भी चार नॉमिनी चुन सकता है। अकाउंट होल्डर के निधन की स्थिति में नॉमिनी तुरंत बैंक से फंड क्लेम कर सकेगा। अगर पहला नॉमिनी उपलब्ध नहीं है तो तय क्रम में अगले नॉमिनी को अधिकार मिलेगा। कैसे खत्म होंगे पारिवारिक विवाद अब ग्राहक अपनी इच्छा के अनुसार हिस्सेदारी तय कर सकता है, जैसे पत्नी 50 प्रतिशत, बच्चों को 25-25 प्रतिशत। इससे परिवार में झगड़े और कोर्ट केस होने की संभावना कम होगी। अगर नॉमिनेशन नहीं कराया है तो तुरंत बैंक जाकर कराएं। नॉमिनेशन पहले से है तो अब जाकर चार नॉमिनी के नाम और उनकी हिस्सेदारी तय कर दें। READ MORE: मचाखुर्द गांव में बारिश के बीच अंतिम संस्कार, मुक्तिधाम न होने से ग्रामीण परेशान

Shivpuri News : मचाखुर्द गांव में बारिश के बीच अंतिम संस्कार, मुक्तिधाम न होने से ग्रामीण परेशान

बारिश के बीच अंतिम संस्का

Shivpuri News : शिवपुरी। जिले के मचाखुर्द गांव में शुक्रवार को भारी बारिश के बीच ग्रामीणों को अंतिम संस्कार करना पड़ा क्योंकि गांव में मुक्तिधाम की व्यवस्था नहीं है। पोहरी जनपद की ग्राम पंचायत उपसिल के अंतर्गत आने वाले इस गांव में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित है। मुक्तिधाम के अभाव से स्थिति और अधिक गंभीर हो गई। गांव के 65 वर्षीय चौथु परिहार का बीमारी से निधन होने पर परिजनों और ग्रामीणों को बरसते पानी में ही अंतिम यात्रा निकालनी पड़ी। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में वर्षों से मुक्तिधाम के निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक व्यवस्था नहीं हो पाई है। बारिश के मौसम में अंतिम संस्कार के दौरान ऐसी परेशानियां बार-बार सामने आती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मुक्तिधाम बनाने की मांग की है ताकि भविष्य में किसी परिजन के अंतिम संस्कार के समय इस तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। READ MORE: नर्मदा परिक्रमा बस पलटी, 30 से ज्यादा यात्री घायल