Datia News : अवैध शराब पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 12 लाख की शराब और लहान नष्ट

Datia News : दतिया। जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बुधवार शाम बड़ी कार्रवाई की। जिला आबकारी अधिकारी बी.एल. दांगी के निर्देशन में विभागीय टीम ने हमीरपुर कंजर डेरा क्षेत्र में दबिश दी, जहां से भारी मात्रा में कच्ची शराब और गुड़ लहान बरामद हुआ। इस कार्रवाई में 1180 बल्क लीटर कच्ची शराब और करीब 9 हजार किलोग्राम गुड़ लहान जब्त कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत करीब 12 लाख 1 हजार रुपये आंकी गई है। टीम ने छापे के दौरान चार महिलाओं ( पूजा पत्नी संजीव कंजर, ऊषा पत्नी नीलेश कंजर, नेहा पत्नी प्रदीप कंजर और रोशनी पत्नी नितेश कंजर ) से कुल 150 लीटर से अधिक कच्ची शराब जब्त की। वहीं, जमीन में गड़े 45 ड्रमों में 9 हजार किलोग्राम गुड़ लहान और 5 अन्य ड्रमों में लगभग एक हजार लीटर शराब बरामद हुई। आबकारी विभाग ने मौके पर ही शराब, गुड़ लहान, मशीनें और ड्रम नष्ट कर दिए। विभाग ने पांच अलग-अलग केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए की गई है। READ MORE: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न
MP Weather Update : ‘मोंथा’ तूफान से 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

MP Weather Update : भोपाल। मध्य प्रदेश में एक साथ तीन सिस्टम के सक्रिय होने से बारिश का दौर जारी है। अरब सागर के डिप्रेशन, बंगाल की खाड़ी में बने ‘मोंथा’ साइक्लोन (Cyclone ‘Monthi’) और एक अन्य चक्रवाती सर्कुलेशन के असर से अगले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की सीनियर वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि पश्चिम, दक्षिण और पूर्वी इलाकों में वर्षा के साथ गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा। मौसम विभाग ने श्योपुर, मुरैना, बुरहानपुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला, बालाघाट, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं कुछ जिलों में अति भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। अरब सागर का डिप्रेशन धीरे-धीरे कमजोर पड़ रहा है, जबकि ‘मोंथा’ तूफान दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश लाएगा। गुरुवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, शहडोल और अनूपपुर में अति भारी वर्षा की संभावना है, जबकि झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, दमोह, कटनी, उमरिया, जबलपुर और मंडला समेत 12 जिलों में भारी बारिश हो सकती है। शुक्रवार को मौसम का असर कुछ कम होगा, लेकिन मऊगंज, सीधी और सिंगरौली में तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी। शनिवार को राज्य के 12 जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि रविवार को पश्चिमी और दक्षिणी इलाकों ( अलीराजपुर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बैतूल और पांढुर्णा) में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश के कारण कुछ इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है। नदियों और नालों के किनारे सतर्क रहने की सलाह दी गई है। वहीं, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में ठंड में भी इजाफा होगा। किसानों को सलाह दी गई है कि वे फसल की कटाई जल्द पूरी कर लें। READ MORE: मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न
MP 70th Foundation Day : मध्य प्रदेश का 70वां स्थापना दिवस, भोपाल में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति से होगा जश्न

MP 70th Foundation Day :भोपाल। मध्य प्रदेश 1 नवंबर को अपना 70वां स्थापना दिवस मनाएगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय आयोजन भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम ‘उद्योग और रोजगार’ रखी गई है, जिसके तहत राज्य की प्रगति, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। तीन दिन चलेगा भव्य आयोजन कार्यक्रम में बहुरंगी शिल्प मेला, नाटक, जनजातीय लोक नृत्य, सुगम संगीत और ड्रोन शो मुख्य आकर्षण रहेंगे। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) पहली बार तकनीकी मार्गदर्शन दे रही है। ड्रोन शो में MP की स्थापत्य कला, आध्यात्मिक विरासत, पर्यटन और जनजातीय सभ्यता को आधुनिक तकनीक के जरिए दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि इस अवसर पर आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की योजनाओं, नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राही भी शामिल होंगे। ‘विरासत से विकास तक’ प्रदर्शनी इस आयोजन में ‘विरासत से विकास तक’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें जन नायकों के जीवन, सम्राट विक्रमादित्य-अयोध्या के सिक्के, मंदिर स्थापत्य और भारतीय ऋषि परंपरा को दिखाया जाएगा। साथ ही वन मेला, ड्रोन टेक वर्कशॉप, पारंपरिक कला प्रदर्शनी और देशज व्यंजनों का मेला भी आकर्षण का केंद्र होंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति 1 नवंबर को ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम के तहत पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल भक्ति पदों की प्रस्तुति देंगे। इस दिन ड्रोन शो और आतिशबाजी से आकाश जगमगाएगा। वहीं 2 और 3 नवंबर को महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। READ MORE: रिनिया गांव में हिंसा का मामला दर्ज, हत्या के बाद भड़की थी आगजनी..
Bhind News: रिनिया गांव में हिंसा का मामला दर्ज, हत्या के बाद भड़की थी आगजनी..

Bhind News: भिंड। दबोह थाना क्षेत्र के रिनिया गांव में युवक की हत्या के बाद भड़की हिंसा के मामले में पुलिस ने बुधवार देर रात 7 नामजद और 2 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर गांव में फायरिंग , दो घरों में आग लगाने और तोड़फोड़ करने का आरोप है। घटना में करीब 15 से 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। फायरिंग करते हुए घरों में घुसी भीड़ फरियादी मेहरबान सिंह उर्फ बंटी कौरव ने रिपोर्ट में बताया कि 25 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वे परिवार के साथ घर में सो रहे थे। तभी गली में “मारो सालों को” जैसी आवाजें सुनाई दीं। छत पर जाकर देखा तो शैलेंद्र, अशोक, रामकेश, भैयालाल, सतेन्द्र, कप्तान, जबर और दर्शन जाटव समेत रायपुरा नंबर-2 के 8–10 लोग हथियारों से लैस होकर आए थे। अशोक जाटव के पास 12 बोर की बंदूक, सतेन्द्र के पास अधिया, भैयालाल के पास कट्टा और कप्तान जाटव के पास माउजर थी। उन्होंने फायरिंग करते हुए घर का मेन गेट तोड़ दिया और अंदर घुसकर कूलर, फ्रिज, टीवी, सोफा सहित घरेलू सामान तोड़फोड़ कर दिया। आग लगाकर किया तांडव दर्शन जाटव ने माचिस से घर में आग लगा दी, जबकि जबर जाटव ने कार पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते घर और चारपहिया वाहन पूरी तरह जल गए। फरियादी के मुताबिक इस आगजनी में करीब 15–20 लाख रुपए का नुकसान हुआ। परिवार ने छोड़ा गांव घटना के दौरान लगातार फायरिंग और धमकियों के कारण परिवार डर के मारे गांव छोड़कर चला गया था। बाद में पुलिस बल की तैनाती और हालात सामान्य होने पर वे लौटे और थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने दर्ज किया केस दबोह थाना पुलिस ने शैलेंद्र, अशोक, रामकेश, भैयालाल, सतेन्द्र, कप्तान, जबर, दर्शन जाटव और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 296, 125, 331(6), 324(6), 326(g), 110, 191(1)(2)(3) और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है। READ MORE: 15 नवंबर को जबलपुर में होगा बिरसा मुंडा उत्सव, PM मोदी वर्चुअल करेंगे संबोधन…
Bhopal News: 15 नवंबर को जबलपुर में होगा बिरसा मुंडा उत्सव, PM मोदी वर्चुअल करेंगे संबोधन…

Bhopal News: भोपाल। जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर 15 नवंबर को जबलपुर में बिरसा मुंडा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। देशभर में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उत्सव के तहत एक सप्ताह तक राज्यभर में जनजातीय गौरव दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे। 7 नवंबर से शुरू होंगी तैयारियां कार्यक्रम को लेकर बीजेपी संगठन और सरकार दोनों ही स्तर पर विशेष तैयारी कर रहे हैं। 7 नवंबर को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित बीजेपी के तमाम नेता अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल फोटो बदलेंगे। इन प्रोफाइल में जनजातीय प्रतीकों और स्थानीय आदिवासी नायकों की झलक दिखाई देगी। साथ ही जनजातीय समाज की सफलता की कहानियां और विकास योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। बीएल संतोष 10 नवंबर को भोपाल आएंगे जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष 10 नवंबर को भोपाल आएंगे। वे प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा और आयोजन की प्रगति पर चर्चा करेंगे। 11 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव यात्राएं राज्य सरकार 11 नवंबर से 15 नवंबर तक जनजातीय बहुल जिलों में बिरसा मुंडा गौरव यात्राएं निकालेगी। इन यात्राओं में आदिवासी कला समूह, झांकियां और प्रदर्शनियां शामिल होंगी। जिला स्तर पर सम्मेलन भी आयोजित होंगे, जिनमें सांसद, विधायक और जनजातीय समुदाय से जुड़े जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। सड़कों और भवनों का नामकरण 7 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश में सड़कों, चौराहों, पार्कों और सरकारी भवनों को भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बिरसा मुंडा की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी । READ MORE: दतिया फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार…
Ashoknagar News: बस आग कांड में चालक और मालिक पर मामला दर्ज, ज्वलनशील सामग्री रखने का आरोप…

Ashoknagar News: अशोकनगर। अशोकनगर-ईसागढ़ रोड पर डेलकेवर गांव के पास स्लीपर बस में लगी आग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को ईसागढ़ पुलिस ने बस चालक और मालिक के खिलाफ लापरवाही तथा अवैध ज्वलनशील सामग्री रखने के आरोप में केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा के निर्देश पर की गई। 25 नवंबर को लगी थी बस में आग घटना 25 नवंबर की है, जब अशोकनगर से चल रही बालाजी स्लीपर बस (वाहन क्रमांक UP78CT6660) में अचानक आग लग गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। गनीमत रही कि सभी यात्री बस के कांच तोड़कर और आपातकालीन दरवाजे से सुरक्षित बाहर निकल आए। किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। बस में मिले छोटे गैस सिलेंडर आग बुझाने के बाद जब पुलिस ने बस की तलाशी ली, तो यात्रियों के सामान के साथ दो छोटे गैस सिलेंडर बरामद हुए, जिनमें से एक फट चुका था। बस में रखी अन्य सामग्री भी जलकर नष्ट हो गई थी। जांच में सामने आया कि बस परिचालक ने लापरवाही बरतते हुए वाहन में ज्वलनशील पदार्थ रखे थे और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की थी। बस में अग्निशमन उपकरण भी नहीं था। चालक और मालिक पर बढ़ी कार्रवाई पहले इस मामले में बस परिचालक मनोज शर्मा के खिलाफ धारा 287, 125 BNS और 176/177 एम.वी. एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में जांच में मिले नए साक्ष्यों के आधार पर बस चालक निरंजन पिता श्यामलाल सेन (निवासी परसोरा, थाना पठारी, जिला विदिशा) और बस मालिक राजेन्द्र पिता लालाराम रघुवंशी (निवासी खडिया मोहल्ला, शाढोरा) को भी आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Datia Firing Incident : दतिया फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार…

Datia Firing Incident: दतिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के चुनगर फाटक इलाके में हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को आजाक पुलिस ने तीन बदमाशों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। 21 सितंबर की देर रात हुई इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई थी। यह था पूरा मामला पुलिस के अनुसार, चुनगर फाटक निवासी असल उर्फ भीकम आदिवासी का 20 सितंबर को टिंकू रावत और शिब्बू रावत से विवाद हुआ था। इसी रंजिश के चलते 21 सितंबर की रात टिंकू रावत, शिब्बू रावत, विजय कुशवाह और राघव यादव उर्फ कल्ला अपने साथियों के साथ भीकम आदिवासी के घर पहुंचे। आरोपियों ने घर के बाहर पहले गाली-गलौज की, फिर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज सुनकर मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई थी। कट्टा और अधिया जब्त घटना के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। विवेचना डीएसपी आजाक उमेश गर्ग को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने टिंकू रावत, शिब्बू रावत और राघव यादव उर्फ कल्ला को गिरफ्तार कर लिया। टिंकू और शिब्बू रावत से एक कट्टा और एक अधिया बरामद की गई है। बुधवार को तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। READ MORE: दतिया जनसुनवाई में रिश्वतखोरी का मामला उजागर, कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश…
IND vs AUS T20: बारिश बनी विलेन, पहला टी20 बेनतीजा खत्म, सूर्यकुमार और गिल की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी..

IND vs AUS T20: कैनबरा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। बुधवार को खेले गए मैच में बार-बार हो रही बारिश के कारण खेल दो बार बाधित हुआ और आखिरकार मुकाबला बेनतीजा घोषित कर दिया गया। मैच रोके जाने तक टीम इंडिया ने 9.4 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 97 रन बना लिए थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव बेहतरीन लय में नजर आए और 39 रन पर नाबाद रहे, जबकि शुभमन गिल ने 37 रन की पारी खेली। दोनों के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली। वहीं, ओपनर अभिषेक शर्मा 19 रन बनाकर नाथन एलिस की गेंद पर टिम डेविड के हाथों कैच आउट हुए। बारिश रुकने की उम्मीद के बावजूद मौसम ने साथ नहीं दिया, जिससे मैच को रद्द करना पड़ा। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 31 अक्टूबर को मेलबर्न में खेला जाएगा। इससे पहले वनडे सीरीज में भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की थी, जिसमें रोहित शर्मा (121 रन) और विराट कोहली (74 रन नाबाद) ने शानदार पारियां खेली थीं। READ MORE: कैसी है श्रेयस अय्यर की हालत ? परिवार जल्द पहुंचेगा ऑस्ट्रेलिया…
MP News : 1 दिसंबर से शुरू होगा विधानसभा का शीतकालीन सत्र, विपक्ष उठा सकता है किसानों और दलितों के मुद्दे…

MP News : भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा का शीतकालीन सत्र 1 दिसंबर 2025 से शुरू होगा। यह सत्र पांच दिन चलेगा और 5 दिसंबर को समाप्त होगा। अधिकारियों के मुताबिक, सत्र के दौरान कुल चार बैठकें होंगी। सरकारी अधिसूचना के अनुसार, सत्र की शुरुआत सोमवार 1 दिसंबर को होगी। इसके बाद 3 दिसंबर को भोपाल गैस त्रासदी की बरसी के चलते सदन की कार्यवाही स्थगित रहेगी। सत्र 4 दिसंबर से दोबारा शुरू होकर 5 दिसंबर तक चलेगा। राजनीतिक हलकों में माना जा रहा है कि इस सत्र में विपक्ष सरकार को घेरने की पूरी कोशिश करेगा। कांग्रेस किसानों की आत्महत्याओं, दलितों पर अत्याचार और अन्य सामाजिक मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने की तैयारी में है। विपक्ष गुना जिले में किसान की थार नदी में कुचलकर हत्या और उसकी बेटियों के साथ मारपीट जैसे मामलों को भी सदन में उठा सकता है। वहीं, दमोह के विवादास्पद ‘पैर धोने’ प्रकरण पर भी बहस होने की संभावना है, जिसमें एक आदिवासी को कथित रूप से एक ब्राह्मण के पैर धोने और उसका पानी पीने के लिए मजबूर किया गया था। इसके अलावा, पिछली बार मानसून सत्र में विपक्ष ने बेरोज़गारी, ओबीसी आरक्षण, नशीली दवाओं की तस्करी और उर्वरक की कमी जैसे मुद्दों पर सरकार को घेरा था। अब शीतकालीन सत्र में भी विपक्ष सरकार से तीखे सवाल पूछने के मूड में है। READ MORE: श्योपुर में किसान ने की आत्महत्या, बारिश से धान की फसल बर्बाद होने से था परेशान..
Sheopur News: श्योपुर में किसान ने की आत्महत्या, बारिश से धान की फसल बर्बाद होने से था परेशान..

Sheopur News: श्योपुर। जिले के सिरसोद गांव में बुधवार को एक किसान ने फसल बर्बाद होने से परेशान होकर खेत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 50 वर्षीय कैलाश मीणा के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया और मुआवजे की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक कैलाश मीणा ने करीब 9 बीघा जमीन में धान की खेती की थी। पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश के कारण खेतों में पानी भर गया था, जिससे फसल सड़ने लगी थी। इससे परेशान होकर उन्होंने यह कदम उठाया। सुबह जब कैलाश खेत गए, तो कुछ देर बाद ग्रामीणों ने उनका शव पेड़ से लटका देखा। उन्होंने तुरंत शव को नीचे उतारा और जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम कराया। विधायक ने उठाई मुआवजे की मांग घटना की जानकारी मिलते ही श्योपुर विधायक बाबू जंडेल अस्पताल पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात की और 50 लाख रुपए मुआवजे की मांग की। उन्होंने कहा कि लगातार बारिश से किसानों की स्थिति बदतर हो गई है और सरकार को राहत के कदम उठाने चाहिए। विधायक और समर्थकों ने अस्पताल से शव ले जाने से रोक दिया और कहा कि जब तक उचित मुआवजे की घोषणा नहीं होती, शव नहीं ले जाने देंगे। बाद में पुलिस की समझाइश के बाद शव गांव लाया गया। ग्रामीणों ने सड़क पर रखा शव गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने शव को बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में किसान और महिलाएं धरने पर बैठ गईं। उनका कहना है कि जब तक सरकार आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की घोषणा नहीं करती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।