Chambalkichugli.com

MP Weather Update: इन संभाग में आज भारी बारिश का अलर्ट…

MP Weather Update

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। डिप्रेशन और ट्रफ लाइन की एक्टिविटी के चलते रविवार को 20 से ज्यादा जिलों में झमाझम बारिश हुई। श्योपुर में 9 घंटे में करीब 2 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि भोपाल और इंदौर में दिनभर रिमझिम फुहारें गिरती रहीं। मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। खासकर ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग के 8 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल, इंदौर, गुना, अशोकनगर, विदिशा, रायसेन, सीहोर, देवास, खंडवा, रतलाम, धार और झाबुआ सहित 20 जिलों में बूंदाबांदी जारी रहेगी। श्योपुर जिले के सलवानिया बुखारी गांव में बारिश से खेतों में रखी धान की फसल बह गई। किसान फसलों को बचाने के लिए रातभर मेहनत करते नजर आए। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार * बालाघाट के मलाजखंड में 1 इंच बारिश दर्ज की गई। * उज्जैन, नर्मदापुरम, दमोह, जबलपुर, सागर, शाजापुर, देवास, आगर-मालवा और विदिशा में भी रुक-रुककर पानी बरसा। क्यों बदला मौसम का मिजाज? सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि अरब सागर में बना डिप्रेशन और उससे जुड़ा ट्रफ मध्य प्रदेश के ऊपर तक सक्रिय है। इसके असर से अगले 3 दिन तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। अगले 24 घंटे में इसका असर ग्वालियर-चंबल के उत्तरी जिलों में सबसे ज्यादा रहेगा। इसके बाद यह सिस्टम पूर्वी हिस्से की ओर बढ़ेगा। साथ ही बंगाल की खाड़ी में भी एक डीप डिप्रेशन एक्टिव है, जो अगले 48 घंटे में एमपी के कई इलाकों को प्रभावित करेगा। इससे प्रदेश में फिर से बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। READ MORE: VIP दर्शन में अब लाइव मॉनिटरिंग से पता चलेगा — कौन, कब और किसने कराया दर्शन…

Mahakaleshwar Temple: VIP दर्शन में अब लाइव मॉनिटरिंग से पता चलेगा — कौन, कब और किसने कराया दर्शन…

Mahakaleshwar Temple

Mahakaleshwar Temple: उज्जैन के प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में अब VIP और प्रोटोकॉल दर्शन व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए टेक्नोलॉजी की मदद ली जा रही है। मंदिर प्रशासन ने अब एक ऐसी प्रणाली लागू की है, जिससे यह रियल टाइम में पता चल सकेगा कि कौन वीआईपी दर्शन के लिए आया, कितने लोग साथ थे और उन्हें किसने रिसीव किया। अब मंदिर में लाइव ट्रैकिंग सिस्टम मंदिर (Mahakaleshwar Temple) प्रशासक प्रथम कौशिक के निर्देशन में शुरू हुई इस नई व्यवस्था के तहत, शंख द्वार पर मौजूद कर्मचारी VIP श्रद्धालुओं की जानकारी Google Docs में दर्ज करते हैं। ये डाटा सीधे प्रशासक और सहायक प्रशासक आशीष पलवड़िया के मोबाइल पर लाइव अपडेट होता है। इसमें यह दर्ज किया जाता है कि : श्रद्धालु कब मंदिर पहुंचे किस गेट से एंट्री ली कितने समय तक दर्शन किए उनके साथ कितने लोग आए किस अधिकारी या कर्मचारी ने उन्हें रिसीव किया तीन स्तर पर चेकिंग और मॉनिटरिंग मंदिर प्रशासन (Mahakaleshwar Temple) ने तीन स्तरों पर चेकिंग पॉइंट्स बनाए हैं, जिनकी लाइव फीड अधिकारियों के मोबाइल पर जाती है। इसके जरिए दिनभर में प्रोटोकॉल दर्शन करने वालों की पूरी जानकारी मॉनिटर की जाती है। क्यों पड़ी इस सिस्टम की जरूरत? दरअसल, पिछले सालों में VIP दर्शन में कई गड़बड़ियां सामने आई थीं। मंदिर समिति की जांच में पाया गया कि कई बार फर्जी नामों से एंट्री कराई गई और अवैध वसूली हुई। कुछ कर्मचारियों ने श्रद्धालुओं से 1100 से 2000 रुपए तक वसूले और राशि मंदिर के खाते में नहीं पहुंची। करीब 10 महीने पहले एक बड़ा रैकेट पकड़ा गया था, जिसमें मंदिर (Mahakaleshwar Temple) के कर्मचारी, पुजारी और गार्ड शामिल थे। इसके बाद 13 लोगों पर एफआईआर दर्ज हुई और 6 कर्मचारियों को निलंबित किया गया। READD MORE: अब PWD करेगा सभी सड़कों और पुलियों की डिजिटल मैपिंग, जानिए नया सर्वेक्षण ऐप कैसे करेगा काम

Chhath Puja 2025 : शकरकंदी और चकोतरा के दाम से श्रद्धालुओं की जेब पर असर..

Chhath Puja 2025

Chhath Puja 2025 : गाजियाबाद। छठ पर्व की तैयारियों के बीच बाजार में पूजा सामग्री और फलों-सब्जियों के दाम आसमान छू रहे हैं। शहर के बाजारों में इस समय शकरकंदी 50 रुपये किलो बिक रही है, जबकि चकोतरे का एक पीस भी 50 रुपये में बेचा जा रहा है। यानी श्रद्धालुओं को एक किलो शकरकंदी के दाम में सिर्फ एक चकोतरा ही मिल रहा है। छठ पर्व पर करीब 50 प्रकार की सामग्रियों की जरूरत होती है। इनमें सूप, फल, सब्जी और गन्ने के दाम भी बढ़े हुए हैं। बाजार में स्टार फ्रूट (कमरख) का एक पीस 10 रुपये में बिक रहा है। बढ़ती कीमतों ने श्रद्धालुओं की जेब पर सीधा असर डाला है, हालांकि कई लोगों ने महंगाई के बावजूद पूजा सामग्री की खरीद पूरी कर ली है। छठ घाटों पर जुटेंगे श्रद्धालु शाम के समय श्रद्धालु पूजा सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचेंगे और डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगे। नगर निगम ने छठ पूजा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली हैं। घाटों की सफाई कर दी गई है। पॉलीथिन पर सख्त रोक नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने निर्देश दिया है कि किसी भी नदी या तालाब में पॉलीथिन नहीं फेंकी जाए। अगर किसी श्रद्धालु द्वारा गलती से पॉलीथिन नदी में गिरा दी जाती है, तो नगर निगम के कर्मचारी तुरंत उसे निकाल देंगे। छठ घाटों पर ग्रीन मेट बिछा दी गई है ताकि पूजा सामग्री नदी में न बहे। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी सफाईकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। छठ के दिन घाटों पर कर्मचारियों की तैनाती रहेगी ताकि पूजा शांतिपूर्ण और स्वच्छ माहौल में संपन्न हो सके। READ MORE: कुर्नूल बस हादसे में बड़ा खुलासा, इस वजह से लगी आग

Sheopur News: एंबुलेंस बनी तमाशा…श्योपुर में पैर फ्रैक्चर मरीज को ठेले से अस्पताल पहुंचाना पड़ा

Sheopur News

Sheopur News: श्योपुर। करहाल के पालीवाल चौक स्थित कुशवाहा मोहल्ले में शुक्रवार दोपहर एक युवक शंभु कुशवाहा का पैर घर पर सीढ़ी से गिरने के कारण गंभीर रूप से फ्रैक्चर हो गया। परिजन घायल को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहते थे, लेकिन 108 एंबुलेंस सेवा ने कई कॉल करने के बाद भी मदद से इनकार कर दिया। मजबूरन परिजन लकड़ी के ठेले पर शंभु को लिटाकर अस्पताल ले गए। एंबुलेंस सेवा की लापरवाही परिवार ने बताया कि आधे घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार किया गया, लेकिन कोई वाहन उपलब्ध नहीं होने के कारण मदद नहीं मिली। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की और तुरंत इलाज शुरू किया (Sheopur News)। स्थानीय लोगों में नाराजगी इस घटना के बाद स्थानीय लोग स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही को लेकर नाराज हैं। उन्होंने प्रशासन से सवाल किया कि यदि तहसील मुख्यालय पर ही आपातकालीन एंबुलेंस सुविधा नहीं है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में मरीजों को कितनी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।  प्रशासन से सुधार की मांग स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर व्यवस्था में सुधार करने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी न हो (Sheopur News)।

Guna News: इटारसी, बीना और गुना रेलवे स्टेशनों पर छठ गीतों की गूंज, यात्रियों ने त्योहार का अनुभव किया

Guna News

Guna News: इटारसी। भारतीय रेलवे ने छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों को त्योहार की भावना से जोड़ने और उनकी यात्रा को सुखद बनाने के लिए देशभर के प्रमुख स्टेशनों पर पारंपरिक छठ गीतों का प्रसारण शुरू किया है। इस पहल के तहत पटना, दानापुर, हाजीपुर, भागलपुर, जमालपुर, सोनपुर, नई दिल्ली, गाज़ियाबाद, आनंद विहार टर्मिनल समेत 30 से अधिक प्रमुख स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से छठ गीत बजाए जा रहे हैं। इटारसी, बीना और गुना में भक्तिमय माहौल भोपाल मंडल के तहत रानी कमलापति, बीना, गुना और इटारसी रेलवे स्टेशनों पर बिहार की ओर जाने वाली छठ पूजा विशेष ट्रेनों के रवाना होने से पहले छठ गीतों का प्रसारण किया जा रहा है। यात्रियों ने बताया कि “केलवा के पात पर उगेलन सुरुजदेव”, “कांच ही बांस के बहंगिया”, “छठी मइया के करब हम वरतिया” और “मांगेला हम वरदान हे गंगा मइया” जैसे पारंपरिक गीत सुनकर उन्हें अपने घर और आस्था से जुड़ने का अनुभव हुआ। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों के आराम और सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। प्रमुख स्टेशनों पर प्रतीक्षा स्थल बनाए गए हैं, जहाँ यात्री आराम से अपनी ट्रेनों का इंतजार कर सकते हैं। इसके अलावा आरपीएफ कर्मियों की अतिरिक्त तैनाती और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। इस पहल से स्टेशन परिसर भक्तिमय और उत्सवमय माहौल में बदल गया, जिससे यात्रियों को त्योहार का सजीव अनुभव प्राप्त हुआ। (Guna News)

Ashoknagar News: कलेक्टर ने दो पटवारियों को किया निलंबित, भू-माफिया से मिलीभगत का आरोप

Ashoknagar News

Ashoknagar News: अशोकनगर कलेक्टर आदित्य सिंह ने शनिवार को दो पटवारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबित पटवारियों में प्रेक्षा जैन और परमाल सिंह यादव शामिल हैं। दोनों पर शासकीय कार्यों में गंभीर अनियमितताओं साथ ही लापरवाही का आरोप है। भू-माफिया से मिलीभगत प्रेक्षा जैन तत्कालीन हल्का क्रमांक 4 और वर्तमान में हल्का क्रमांक 26 में पदस्थ थीं। उन पर आरोप है कि उन्होंने भू-माफियाओं के साथ मिलीभगत कर शासकीय भूमि से जुड़े दस्तावेजों में हेरफेर किया। इसके तहत फर्जी पट्टे बनाए गए, दस्तावेजों में फर्जी नाम दर्ज किए गए और भूमि पर प्लॉटिंग का काम शुरू करवाया गया। मामला सिविल न्यायालय में विचाराधीन था, लेकिन पटवारी द्वारा तथ्यों को छिपाकर अनुचित रिपोर्ट पेश की गई, जिससे न्यायालय में नामांतरण संभव हुआ। कलेक्टर आदित्य सिंह ने 22 अगस्त को प्रेक्षा जैन को कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसका जवाब असंतोषजनक पाया गया। इसके बाद उन्हें म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 के नियम-9 के तहत निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), अशोकनगर कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। शासकीय कार्य में लापरवाही पटवारी परमाल सिंह यादव तहसील शाढौरा में पदस्थ हैं। तहसीलदार शाढौरा के प्रतिवेदन के आधार पर उन पर शासकीय कार्य में गंभीर लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना का आरोप पाया गया। तहसीलदार ने अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की, जिस पर कलेक्टर ने परमाल सिंह यादव को भी म.प्र. सिविल सेवा नियम 1966 के नियम-9 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय भी अनुविभागीय अधिकारी, अनुभाग अशोकनगर कार्यालय रहेगा और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

Actor Satish Shah passes away: नहीं रहे ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ के इंद्रवदन…

Actor Satish Shah passes away

Actor Satish Shah passes away: बॉलीवुड और टीवी इंडस्ट्री से एक दुखद खबर सामने आई है। मशहूर एक्टर सतीश शाह का शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया। वे 74 साल के थे और लंबे समय से किडनी से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे थे। हाल ही में उनका किडनी ट्रांसप्लांट हुआ था। उनके मैनेजर ने बताया कि सतीश शाह का पार्थिव शरीर फिलहाल अस्पताल में ही रखा गया है और अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। सतीश शाह का जन्म 25 जून 1951 को एक गुजराती परिवार में हुआ था। उन्होंने अपने शानदार अभिनय से टेलीविजन और फिल्मों दोनों में एक खास जगह बनाई थी। ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ से मिला घर-घर में नाम टीवी शो ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ में इंद्रवदन साराभाई का रोल निभाकर सतीश शाह हर घर में मशहूर हो गए थे। इसके अलावा उन्होंने ‘जाने भी दो यारो’, ‘मैं हूं ना’ (2004), ‘कल हो ना हो’ (2003), ‘फना’ (2006) और ‘ओम शांति ओम’ (2007) जैसी कई सुपरहिट फिल्मों में भी यादगार किरदार निभाए। कई भूमिकाओं में चमके साल 2008 में सतीश शाह ने अर्चना पूरन सिंह के साथ टीवी शो ‘कॉमेडी सर्कस’ में बतौर जज काम किया था। वहीं, साल 2015 में उन्हें फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) की सोसाइटी का सदस्य भी बनाया गया था। सतीश शाह की शानदार कॉमिक टाइमिंग और जिंदादिल शख्सियत ने उन्हें मनोरंजन जगत का एक अनमोल सितारा बना दिया था। उनके जाने से फिल्म और टीवी इंडस्ट्री में शोक की लहर है।

India Vs AUS: रो-को के सामने नतमस्तक हुआ ऑस्ट्रेलिया, भारत ने 9 विकेट से दी करारी शिकस्त…

India Vs AUS

India Vs AUS : सिडनी वनडे में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर सीरीज में शानदार अंत किया। कप्तान शुभमन गिल के 24 रन पर आउट होने के बाद मैदान पर उतरे विराट कोहली और रोहित शर्मा ने ऐसा तूफान मचाया कि सिडनी क्रिकेट ग्राउंड “रो-को” के नाम से गूंज उठा। 237 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दोनों दिग्गज बल्लेबाजों ने नाबाद 168 रन की साझेदारी कर भारत को एकतरफा जीत दिलाई। रोहित शर्मा ने 121 रनों की धमाकेदार शतकीय पारी खेली जबकि विराट कोहली 74 रन बनाकर नाबाद लौटे। इस जीत के साथ ही रोहित ने अपने वनडे करियर का 33वां शतक लगाया, वहीं कोहली ने कुमार संगकारा को पीछे छोड़ वनडे इतिहास के दूसरे सबसे कामयाब बल्लेबाज बन गए। उनसे आगे अब सिर्फ सचिन तेंदुलकर हैं। कैसा रहा गेंदबाज़ो का प्रदर्शन इस मैच में टीम इंडिया के गेंदबाजों ने भी कमाल दिखाया। ऑस्ट्रेलिया की टीम जो 3 विकेट पर 183 रन पर थी, वह सिर्फ 236 रन पर सिमट गई। युवा तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट चटकाए और आलोचकों को करारा जवाब दिया। भारत के सभी 6 गेंदबाजों ने विकेट झटके, जिनमें वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज और अक्षर पटेल शामिल थे। सिडनी में यह मुकाबला शायद आखिरी बार था जब विराट कोहली और रोहित शर्मा ऑस्ट्रेलियाई धरती पर साथ बल्लेबाजी कर रहे थे, और उन्होंने फैंस को यादगार शाम दी। मैदान में मौजूद करीब 30 हजार भारतीय समर्थक “रो-को शो” का गवाह बने और हर रन पर झूम उठे। READ MORE:  इंदौर की बहू बनेंगी किक्रेटर Smriti Mandhana, टीम इंडिया का 19 अक्टूबर को इंग्लैंड से मुकाबला

Datia Firing Case: दतिया में युवक पर हमला, तीन आरोपी फरार…

Bhind News

Datia Firing Case: दतिया जिले में उधार के पैसे मांगना एक युवक को भारी पड़ गया। हरदौल मोहल्ला निवासी 32 वर्षीय संजीव ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि किशन कुशवाह, अजय कुशवाह और अंकित कुशवाह नाम के तीन लोगों ने उस पर हमला किया और जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के अनुसार, घटना शुक्रवार रात की है। संजीव घर के बाहर बैठा था, तभी तीनों आरोपी उसके घर के सामने से गुजर रहे थे। जब संजीव ने किशन से उधार के पैसे वापस मांगे, तो तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर किशन ने उसकी छाती में लात मारी, अंकित ने चेहरे पर थप्पड़ मारा और अजय ने उसका बायां हाथ मरोड़ दिया, जिससे उसकी उंगली में चोट लग गई। इसके बाद आरोपियों ने फायरिंग की और मौके से भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और खाली कारतूस बरामद किए। कोतवाली टीआई धीरेन्द्र मिश्रा ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। READ MORE : कुर्नूल बस हादसे में बड़ा खुलासा, इस वजह से लगी आग

Kurnool Bus Accident: कुर्नूल बस हादसे में बड़ा खुलासा, इस वजह से लगी आग

Kurnool Bus Accident

Kurnool Bus Accident: आंध्र प्रदेश के कुर्नूल में हुए दर्दनाक बस हादसे में अब बड़ा खुलासा हुआ है। फोरेंसिक जांच में सामने आया है कि बस में रखे 234 स्मार्टफोन की बैटरियों में ब्लास्ट के कारण आग लगी थी, जिसमें 20 यात्रियों की मौत हो गई थी। पुलिस ने हादसे के बाद फरार हुए ड्राइवर मिरियाला लक्ष्मैया और क्लीनर को गिरफ्तार कर लिया है। बस में रखे थे 234 स्मार्टफोन NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही बस में 234 स्मार्टफोन रखे थे जिनकी बैटरी में ब्लास्ट होने से आग तेजी से फैली। फोरेंसिक टीम ने बताया कि यात्रियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। इन फोनों की कीमत करीब 46 लाख रुपए बताई जा रही है। ये पार्सल हैदराबाद के व्यापारी मंगनाथ द्वारा ई-कॉमर्स कंपनी को भेजा जा रहा था। नशे में था बाइक सवार हादसे के वक्त बस NH-44 पर चिन्नातेकुरु गांव के पास एक बाइक से टकराई थी। इस टक्कर के बाद ही बस में आग लगी। सामने आए CCTV फुटेज से पता चला है कि बाइक सवार शिवशंकर नशे में था। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आग तुरंत भड़क गई और बस में सवार 17 यात्रियों समेत बाइक सवार की भी मौत हो गई। हादसे के समय ड्राइवर और क्लीनर ने पैसेंजर डोर से कूदकर जान बचाई, लेकिन मौके से फरार हो गए। बाद में पुलिस ने दोनों को कुर्नूल से गिरफ्तार किया। पुलिस अधीक्षक विक्रांत पाटिल के मुताबिक, दोनों ने हादसे के बाद बस के कांच तोड़कर यात्रियों को बचाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि पूरी बस जलकर राख हो गई। DNA प्रोफाइलिंग से होगी मृतकों की पहचान जले हुए शवों की पहचान के लिए DNA टेस्ट कराया जा रहा है। जिला कलेक्टर ए. सिरी ने बताया कि 19 शवों के सैंपल लेकर विजयवाड़ा फोरेंसिक साइंस लैब भेजे गए हैं। 16 शवों के परिजनों ने DNA सैंपल दिए हैं। उम्मीद है कि सोमवार तक रिपोर्ट आ जाएगी। फायर ब्रिगेड ने बताई आग की भयावहता फायर ब्रिगेड DIG पी. वेंकटरमन ने बताया कि स्मार्टफोन की बैटरियों के साथ बस के एसी सिस्टम में लगी इलेक्ट्रिक बैटरियां भी फट गईं। आग इतनी तीव्र थी कि बस की एल्युमीनियम शीटें तक पिघल गईं। दमन-दीव में रजिस्टर्ड थी बस कावेरी ट्रैवल्स की यह बस दमन और दीव में रजिस्टर्ड थी। पुलिस ने ट्रैवल कंपनी के दस्तावेज जब्त कर लिए हैं, जिनमें परमिट और बीमा से जुड़ी फाइलें शामिल हैं। बताया गया कि बस के पास ऑल इंडिया परमिट था और यह हैदराबाद से बेंगलुरु रूट पर नियमित रूप से चलती थी। READ MORE: मध्यप्रदेश में ऑस्ट्रेलियाई महिला खिलाड़ियों से छेड़छाड़ पर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान