Chambalkichugli.com

बॉक्स ऑफिस पर जब 'पार्टनर' ने मचाया था कोहराम: 28 करोड़ के बजट में 100 करोड़ कमाकर सलमान और गोविंदा के डूबते करियर को मिला था नया जीवन

नई दिल्ली । भारतीय सिनेमा के इतिहास में कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो न सिर्फ बॉक्स ऑफिस के समीकरण बदलती हैं, बल्कि डूबते हुए सितारों के करियर को भी एक नया जीवनदान दे देती हैं। वर्ष 2007 में रिलीज हुई निर्देशक डेविड धवन की फिल्म ‘पार्टनर’ को आज भी एक ऐसी ही कल्ट कॉमेडी फिल्म के रूप में याद किया जाता है। इस फिल्म ने न केवल दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया, बल्कि उस दौर में बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रहे बॉलीवुड के दो दिग्गज अभिनेताओं, सलमान खान और गोविंदा के स्टारडम को फिल्म इंडस्ट्री में दोबारा मजबूती से स्थापित किया। यदि उस दौर के परिदृश्य पर नजर डालें तो नब्बे के दशक में सिनेमाई पर्दे पर राज करने वाले गोविंदा का करियर बेहद चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा था। सक्रिय राजनीति में कदम रखने के कारण उनका अभिनय से ध्यान भटक गया था और उनकी लगातार कई फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल साबित हुई थीं। फिल्म इंडस्ट्री उन्हें लगभग बिसरा चुकी थी। दूसरी तरफ, सलमान खान की स्थिति भी बहुत अच्छी नहीं थी। इस फिल्म के प्रदर्शन से ठीक पहले आई उनकी बड़े बजट की फिल्में जैसे ‘सलाम-ए-इश्क’, ‘जान-ए-मन’, ‘सांवरिया’ और ‘मैरीगोल्ड’ दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही थीं। ऐसे नाजुक मोड़ पर दोनों ही कलाकारों को एक बड़ी व्यावसायिक सफलता की सख्त दरकार थी। निर्देशक डेविड धवन ने इस भांपते हुए महज 28 करोड़ रुपये के सीमित बजट में ‘पार्टनर’ का निर्माण किया। फिल्म ने सिनेमाघरों में आते ही बॉक्स ऑफिस पर ऐसा तहलका मचाया कि पहले ही सप्ताह में घरेलू बाजार में 30 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया। यह उस समय के भारतीय सिनेमाई इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी डोमेस्टिक ओपनिंग दर्ज कराने वाली फिल्म बनी। दुनिया भर के बॉक्स ऑफिस पर इस फिल्म ने कुल 103 करोड़ रुपये से अधिक की शानदार कमाई की। इस ऐतिहासिक सफलता के लिए सलमान खान को जहां 15 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फीस दी गई थी, वहीं उनके जोड़ीदार बने गोविंदा को 4 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया था। व्यावसायिक सफलता के बीच इस फिल्म की कहानी को लेकर एक बड़ा विवाद भी खड़ा हुआ था। दरअसल, ‘पार्टनर’ की पूरी पटकथा वर्ष 2005 में आई हॉलीवुड की सुपरहिट फिल्म ‘हिच’ से प्रेरित थी, जिसमें विल स्मिथ ने एक लव गुरु की भूमिका निभाई थी। चूंकि भारतीय निर्माताओं ने हॉलीवुड फिल्म के आधिकारिक रीमेक राइट्स नहीं खरीदे थे, इसलिए ‘हिच’ की निर्माता कंपनी सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट ने ‘पार्टनर’ के मेकर्स पर 30 मिलियन डॉलर का कानूनी मुकदमा ठोकने की तैयारी कर ली थी। इस बड़े अंतरराष्ट्रीय कानूनी विवाद को कोर्ट पहुंचने से पहले ही आपसी सहमति से सुलझा लिया गया, जिसके तहत सोनी पिक्चर्स को इस फिल्म के वर्ल्डवाइड एक्सक्लूसिव सैटेलाइट ब्रॉडकास्टिंग राइट्स हमेशा के लिए सौंप दिए गए। फिल्म की सफलता में इसके संगीत का भी बहुत बड़ा योगदान था, जिसे संगीतकार जोड़ी साजिद-वाजिद ने तैयार किया था। फिल्म का मुख्य गीत ‘सोनी दी नखरे’ आज भी विवाह समारोहों और पार्टियों की मुख्य पसंद बना हुआ है। बेहद दिलचस्प बात यह है कि यह गाना वर्ष 1989 के मशहूर विदेशी ट्रैक ‘पंप अप द जैम’ से प्रेरित था। गोविंदा नब्बे के दशक में अपने अंतरराष्ट्रीय दौरों और स्टेज शोज के दौरान अक्सर इसी मूल अंग्रेजी गाने पर नृत्य किया करते थे। सालों बाद उन्हें उसी धुन के हिंदी रूपांतरण पर बड़े पर्दे पर थिरकने का मौका मिला, जिसने उनके इस कमबैक को भारतीय दर्शकों के लिए हमेशा-कहा के लिए यादगार बना दिया।

IET हॉस्टल बवाल: 17 में से सिर्फ 8 छात्रों ने भरी पेनाल्टी, बाकी को रिजल्ट का इंतजार

मध्यप्रदेश। इंदौर स्थित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (IET) हॉस्टल में हाल ही में हुए उत्पात और तोड़फोड़ के मामले में प्रशासन की कार्रवाई जारी है। हॉस्टल में अनुशासनहीनता और विश्वविद्यालय की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में चिन्हित किए गए 17 छात्रों में से अब तक केवल 8 छात्रों ने ही निर्धारित पेनाल्टी राशि जमा कराई है। शेष छात्रों द्वारा पेनाल्टी जमा नहीं किए जाने के कारण उनके परिणाम रोक दिए गए हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार संबंधित छात्रों पर 25-25 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया था। यह निर्णय हॉस्टल परिसर में हुई तोड़फोड़, अनुशासनहीन व्यवहार और संस्थान की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटना के बाद लिया गया था। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक छात्र निर्धारित पेनाल्टी जमा नहीं करेंगे, तब तक उनके परीक्षा परिणाम जारी नहीं किए जाएंगे। गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले IET हॉस्टल में फाइनल ईयर के छात्रों द्वारा कथित रूप से जमकर उत्पात मचाया गया था। घटना के दौरान छात्रों ने हॉस्टल परिसर में हंगामा किया, अनुशासनहीन गतिविधियां कीं और कई जगहों पर तोड़फोड़ कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। वायरल हुए वीडियो में हॉस्टल परिसर में अव्यवस्था और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के दृश्य सामने आए थे, जिसके बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की थी। प्रारंभिक जांच के बाद प्रशासन ने 17 छात्रों की पहचान की और उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कदम उठाए। संबंधित छात्रों को हॉस्टल खाली करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही जिन छात्रों की परीक्षाएं शेष थीं, उन्हें परीक्षा में शामिल होने से भी रोक दिया गया था। इस बीच हॉस्टल में हुए नुकसान की भरपाई और मरम्मत का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। टूटे हुए दरवाजों, खिड़कियों, कांच और अन्य क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि हॉस्टल को दोबारा सामान्य स्थिति में लाया जा सके। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि संस्थान की संपत्ति की सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखना सभी छात्रों की जिम्मेदारी है। सूत्रों के अनुसार जिन छात्रों को परीक्षा देने से रोका गया था, उनके लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने पर भी विचार किया जा रहा है। संभावना है कि यह परीक्षा 15 जून के आसपास आयोजित की जाए, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है। वहीं कुछ अभिभावकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से संपर्क कर आर्थिक कठिनाइयों का हवाला दिया है और पेनाल्टी जमा करने के लिए अतिरिक्त समय मांगा है। इस संबंध में IET के डायरेक्टर प्रतोष बंसल ने कहा है कि पेनाल्टी जमा करना अनिवार्य है और इसके बाद ही संबंधित छात्रों को उनका परिणाम उपलब्ध कराया जाएगा। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन अनुशासनात्मक कार्रवाई और हॉस्टल की मरम्मत दोनों मोर्चों पर काम कर रहा है। आने वाले दिनों में पेनाल्टी जमा करने वाले छात्रों की संख्या बढ़ने और परीक्षा कार्यक्रम को लेकर स्पष्टता आने की संभावना है।

कोर्ट में कथित फर्जीवाड़े के दो मामले उजागर, महिला डॉक्टर समेत दो आरोपियों पर एफआईआर

मध्यप्रदेश। इंदौर में जिला न्यायालय से जुड़े दो अलग-अलग मामलों ने न्यायिक प्रक्रिया में दस्तावेजों की सत्यता और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दोनों मामलों में अदालत को कथित रूप से भ्रामक जानकारी और दस्तावेज प्रस्तुत करने के आरोप सामने आए हैं। न्यायालय के निर्देश पर एमजी रोड थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहला मामला एक महिला डॉक्टर से जुड़ा है, जिन पर आरोप है कि उन्होंने एक आपराधिक प्रकरण में आरोपी की जमानत के लिए ऐसी संपत्ति को आधार बनाया, जिसका विक्रय पहले ही किया जा चुका था। पुलिस के अनुसार शिकायत शासन की ओर से अली असलम अंसारी निवासी एमटीएच कम्पाउंड द्वारा दर्ज कराई गई है। एफआईआर के मुताबिक डॉक्टर आसमा (30), निवासी मैजेस्टिक नगर, खजराना ने एक मामले में जमानतदार के रूप में अपनी संपत्ति के दस्तावेज न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए थे। बाद में दस्तावेजों की जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित संपत्ति पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेची जा चुकी थी। आरोप है कि इसके बावजूद उसी संपत्ति को आधार बनाकर आरोपी गुलाब की जमानत लेने का प्रयास किया गया। मामले की सुनवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी (जेएमएफसी) इंदौर रवि कुमार साहू ने उपलब्ध दस्तावेजों और रिकॉर्ड का परीक्षण किया। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर न्यायालय ने इसे गंभीर मानते हुए 5 जून 2026 को संबंधित जमानतदार के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश जारी किए। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और दस्तावेजों की वैधानिक स्थिति की पड़ताल की जा रही है। दूसरा मामला एक जब्त वाहन को छुड़ाने के प्रयास से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार आरोपी अनिल पुत्र सीताराम सिसोदिया, निवासी जगजीवनराम नगर ने स्वयं को वाहन से संबंधित अधिकार रखने वाला व्यक्ति बताते हुए न्यायालय में दस्तावेज प्रस्तुत किए। आरोप है कि उसने वाहन स्वामी शिवनारायण पुत्र शंकर सिंह गौर के नाम से दस्तावेज पेश कर सुपुर्दगी आदेश प्राप्त करने का प्रयास किया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी ने कथित रूप से वाहन मालिक के नाम से तैयार सुपुर्दगीनामा न्यायालय में जमा किया, जिस पर शिवनारायण के हस्ताक्षर दर्शाए गए थे। पहचान के लिए आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज भी प्रस्तुत किए गए। हालांकि दस्तावेजों की जांच के दौरान कथित विसंगतियां सामने आने पर मामला उजागर हो गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों मामलों में दर्ज शिकायतों और न्यायालय के आदेश के आधार पर जांच की जा रही है। दस्तावेजों की सत्यता, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका तथा कथित फर्जीवाड़े के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। कानूनी विशेषज्ञों का मानना है कि न्यायालय में प्रस्तुत किए जाने वाले दस्तावेजों की विश्वसनीयता न्यायिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण आधार होती है। ऐसे मामलों में यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी या भ्रामक जानकारी सामने आती है तो यह न्याय व्यवस्था को प्रभावित करने वाला गंभीर विषय माना जाता है। फिलहाल दोनों मामलों में पुलिस जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों का इंतजार किया जा रहा है।

कबड्डी टूर्नामेंट में विवाद ने लिया हिंसक रूप, युवक से मारपीट का वीडियो वायरल

मध्यप्रदेश। इंदौर के चिमनबाग कबड्डी ग्राउंड पर आयोजित एक कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। प्रतियोगिता से एक टीम को बाहर किए जाने के फैसले को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। एमजी रोड थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से भी पुलिस को शिकायत आवेदन दिया गया है, जिसके आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी यश टिकलिया (21) निवासी आदर्श बिजासन नगर, परदेशीपुरा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह अपने साथियों अनिकेत बांगर और ऋषभ मेहरा के साथ 9 जून की देर रात करीब 12:15 बजे चिमनबाग कबड्डी ग्राउंड पर मौजूद था। इसी दौरान मयंक गौड़ और रोहन मेहरा वहां पहुंचे और संस्था वैष्णवी की टीम को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के संबंध में जानकारी मांगने लगे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बातचीत के दौरान दोनों युवकों और आयोजन समिति से जुड़े लोगों के बीच बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया। जब यश ने इसका विरोध किया तो स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। शिकायतकर्ता के अनुसार इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की। मौके पर मौजूद अन्य खिलाड़ियों और दर्शकों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद मामला शांत हुआ, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच टूर्नामेंट के संचालन और विवाद के कारणों को लेकर भी चर्चा शुरू हो गई। घटना के बाद यश टिकलिया ने एमजी रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मयंक गौड़ और रोहन मेहरा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जाएगी। पुलिस ने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष की ओर से भी शिकायत आवेदन प्राप्त हुआ है। ऐसे में दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और घटनाक्रम की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों और आयोजकों के बीच विवाद की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं, लेकिन खेल भावना को बनाए रखना सभी पक्षों की जिम्मेदारी होती है। फिलहाल चिमनबाग कबड्डी ग्राउंड की यह घटना पुलिस जांच का विषय बनी हुई है और सभी की नजरें जांच के निष्कर्ष पर टिकी हैं।

सिर में गंभीर चोट लगने से गई जान, पति को आई मामूली चोट; तेजाजी नगर पुलिस ने मर्ग कायम किया

मध्यप्रदेश। इंदौर में एक सड़क हादसे ने खुशहाल परिवार की जिंदगी में मातम घोल दिया। तेजाजी नगर क्षेत्र में गमी के कार्यक्रम से लौट रहे एक दंपती की बाइक अचानक फिसल गई, जिससे महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक महिला अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई है। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान 32 वर्षीय संगीता, पति दिलीप के रूप में हुई है। घटना मंगलवार शाम की बताई जा रही है। दंपती उमरीखेड़ा क्षेत्र में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित शोक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान चमेली देवी कॉलेज के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर फिसल गई। हादसा इतना गंभीर था कि संगीता के सिर में गंभीर चोट लग गई। वहीं बाइक चला रहे उनके पति दिलीप को अपेक्षाकृत हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए दोनों को एम्बुलेंस की सहायता से एमवाय अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने संगीता का उपचार शुरू किया, लेकिन सिर में लगी गंभीर चोट के कारण उनकी हालत लगातार नाजुक बनी रही। तमाम प्रयासों के बावजूद देर रात उन्होंने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार और रिश्तेदारों में शोक की लहर दौड़ गई। तेजाजी नगर थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बाइक फिसलने के कारण हादसा हुआ। हालांकि पुलिस दुर्घटना के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। जानकारी के अनुसार दिलीप खेती-किसानी का कार्य करते हैं और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी संभालते हैं। इस हादसे के बाद परिवार के सामने भावनात्मक और सामाजिक दोनों तरह की चुनौतियां खड़ी हो गई हैं। संगीता की असामयिक मृत्यु से उनके दो बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया है। इधर, शहर में एक अन्य सड़क दुर्घटना भी सामने आई। एबी रोड पर सी-21 मॉल के सामने मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि एयरबैग समय पर खुल जाने से चालक को गंभीर चोट नहीं आई। सूचना मिलने पर विजयनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाया। पुलिस ने इस मामले की भी जांच शुरू कर दी है। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसे एक बार फिर यातायात नियमों के पालन और सड़क पर सतर्कता बरतने की आवश्यकता को रेखांकित कर रहे हैं। छोटी सी लापरवाही भी कभी-कभी जिंदगीभर का दर्द दे जाती है।

खजराना मंदिर विवाद में नया मोड़: पीड़िता बोलीं- केस वापस लेने का बनाया जा रहा दबाव

मध्यप्रदेश। इंदौर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर से जुड़े पुजारी परिवार को लेकर चल रहे विवाद में एक बार फिर नया मोड़ आ गया है। दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा, मानसिक उत्पीड़न और मंदिर प्रबंधन से जुड़े गंभीर आरोप लगाने वाली डॉ. इंद्रा भट्ट (शर्मा) ने दावा किया है कि उन पर दर्ज प्रकरण वापस लेने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रभावशाली लोगों द्वारा उन्हें समझाने और मामला खत्म करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन वह न्याय की लड़ाई से पीछे हटने वाली नहीं हैं। मंगलवार को डॉ. इंद्रा कलेक्टर कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचीं और अधिकारियों को आवेदन सौंपकर मांग की कि उनके पति एवं खजराना मंदिर के पुजारी पुनीत भट्ट के गर्भगृह में प्रवेश और पूजा-अर्चना करने पर जांच पूरी होने तक रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि जब किसी व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज हो और मामले की जांच जारी हो, तब तक उसे मंदिर की महत्वपूर्ण धार्मिक जिम्मेदारियों से दूर रखा जाना चाहिए। डॉ. इंद्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मामला दर्ज होने के बाद कई प्रभावशाली लोग उनके घर पहुंचे। उनके अनुसार उन्हें यह कहकर समझाने का प्रयास किया गया कि सामने वाला परिवार काफी प्रतिष्ठित और रसूखदार है, इसलिए विवाद को आगे नहीं बढ़ाना चाहिए। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह किसी भी दबाव के आगे झुकने वाली नहीं हैं। उनका कहना है कि न्याय की लड़ाई कठिन जरूर है, लेकिन वह इसे अंत तक लड़ेंगी। पीड़िता ने यह भी कहा कि उनके लिए केवल एफआईआर दर्ज हो जाना या अदालत में मामला चलना ही न्याय नहीं है। उनके अनुसार वास्तविक न्याय तब होगा जब उन्हें अपने वैवाहिक घर में रहने का अधिकार मिलेगा। उनका आरोप है कि उन्हें बिना किसी वैधानिक प्रक्रिया के घर से बाहर कर दिया गया और अब अपने ही ससुराल में वापस प्रवेश पाने के लिए कानूनी लड़ाई लड़नी पड़ रही है। डॉ. इंद्रा ने अपने आवेदन में आंध्र प्रदेश के एक मंदिर से जुड़े मामले का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एक समान शिकायत के बाद प्रशासन ने संबंधित पुजारियों को सेवा से निलंबित कर दिया था। इसी आधार पर उन्होंने मांग की है कि जांच लंबित रहने तक पुनीत भट्ट को मंदिर की धार्मिक गतिविधियों और गर्भगृह से दूर रखा जाए। पीड़िता ने मंदिर परिसर में कथित अनियमितताओं और श्रद्धालुओं द्वारा दी गई दक्षिणा के उपयोग को लेकर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि उनके पास इन आरोपों से जुड़े कुछ दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मौजूद हैं, जिन्हें संबंधित एजेंसियों को उपलब्ध कराया जा सकता है। दूसरी ओर, मामले में अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल संबंधित प्रकरण न्यायिक और प्रशासनिक स्तर पर विचाराधीन है। इस बीच डॉ. इंद्रा भट्ट का कहना है कि महिलाओं को हर दौर में अपने अधिकारों और सम्मान के लिए संघर्ष करना पड़ता है, लेकिन वह अपने पक्ष को साबित करने और न्याय प्राप्त करने के लिए कानूनी लड़ाई जारी रखेंगी। खजराना मंदिर से जुड़े इस विवाद पर अब प्रशासन, मंदिर प्रबंधन और संबंधित पक्षों की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

अलविदा कहने से पहले दे गए उजाला: इंदौर ने 14 हजार लोगों की जिंदगी में लौटाई रोशनी

मध्यप्रदेश। किसी व्यक्ति का जीवन भले ही समाप्त हो जाए, लेकिन उसका एक फैसला किसी दूसरे की दुनिया रोशन कर सकता है। इंदौर ने इसी सोच को जनआंदोलन में बदलकर पूरे प्रदेश के सामने एक प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है। नेत्रदान के क्षेत्र में मध्य प्रदेश का अग्रणी शहर बन चुके इंदौर में पिछले 12 वर्षों के दौरान 18 हजार से अधिक लोगों ने मृत्यु के बाद अपने नेत्र दान किए हैं। इन दानों की बदौलत 14 हजार से ज्यादा लोगों की अंधेरी दुनिया में फिर से उजाला लौट पाया है। विश्व नेत्रदान दिवस के अवसर पर सामने आए आंकड़े बताते हैं कि शहर में नेत्रदान को लेकर जागरूकता लगातार बढ़ रही है। वर्तमान में स्थिति यह है कि हर महीने 100 से अधिक परिवार अपने प्रियजनों की मृत्यु के बाद नेत्रदान का निर्णय लेकर मानवता की एक अनूठी मिसाल पेश कर रहे हैं। यह केवल चिकित्सा क्षेत्र की उपलब्धि नहीं, बल्कि समाज की संवेदनशीलता और जागरूकता का भी प्रतीक है। इंदौर में वर्तमान में संकरा आई बैंक, एमके इंटरनेशनल आई बैंक और चोइथराम आई बैंक सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इनके साथ मुस्कान ग्रुप, दधीचि मिशन, गोल्ड क्वाइन सहित कई सामाजिक संस्थाएं भी लोगों को नेत्रदान के लिए प्रेरित कर रही हैं। इन संगठनों की सतत कोशिशों ने शहर में नेत्रदान की संस्कृति को मजबूत आधार दिया है। संकरा आई बैंक की विशेषज्ञों के अनुसार, पिछले पांच वर्षों में केवल उनके संस्थान को 2700 से अधिक कॉर्निया प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 1670 का सफल प्रत्यारोपण किया जा चुका है। कॉर्निया ट्रांसप्लांट की सफलता दर 70 से 80 प्रतिशत तक रहती है, जो हजारों मरीजों के लिए नई उम्मीद लेकर आती है। विशेषज्ञ बताते हैं कि नेत्रदान के बाद प्राप्त कॉर्निया का उपयोग सीधे नहीं किया जाता। पहले डोनर की एचआईवी, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी जैसी जरूरी जांचें की जाती हैं। सभी रिपोर्ट सामान्य आने के बाद ही प्रत्यारोपण की प्रक्रिया पूरी होती है। कॉर्निया प्रत्यारोपण का लाभ बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी आयु वर्ग के मरीजों को मिल रहा है। जन्मजात कॉर्निया संबंधी समस्याएं, दुर्घटनाओं में आंखों की क्षति, आंखों में सफेदी आना या रासायनिक पदार्थों से दृष्टि प्रभावित होने जैसी स्थितियों में यह उपचार नई जिंदगी का आधार बनता है। कई मरीजों को एक आंख तो कई को दोनों आंखों में प्रत्यारोपण की आवश्यकता होती है। इस अभियान की सफलता के पीछे कुछ ऐसे लोग भी हैं जिन्होंने इसे अपना जीवन मिशन बना लिया है। इंदौर के 58 वर्षीय इलेक्ट्रॉनिक व्यवसायी जितेंद्र बगानी, जिन्हें लोग ‘जीतू ग्रेजुएट’ के नाम से जानते हैं, उनमें से एक हैं। मुस्कान संस्था से जुड़े बगानी अब तक 6 हजार से अधिक नेत्रदाताओं से कॉर्निया प्राप्त कर चुके हैं। विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद वे वर्षों से दिन-रात इस सेवा कार्य में जुटे हैं। नेत्रदान की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचते हैं और कुछ ही मिनटों में प्रक्रिया पूरी कर जरूरतमंदों तक रोशनी पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। इंदौर की यह सफलता बताती है कि जब समाज जागरूक और संवेदनशील होता है तो मृत्यु भी जीवन का संदेश बन जाती है। नेत्रदान केवल एक दान नहीं, बल्कि किसी की अंधेरी दुनिया में प्रकाश भरने का सबसे बड़ा माध्यम है। यही कारण है कि इंदौर आज नेत्रदान के क्षेत्र में पूरे देश के लिए एक प्रेरक मॉडल बनकर उभर रहा है।

जॉइंट डायरेक्टर के ठिकानों पर लोकायुक्त का छापा, 9.5 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

मध्यप्रदेश। इंदौर में बुधवार सुबह लोकायुक्त संगठन ने महिला एवं बाल विकास विभाग के संयुक्त संचालक लक्ष्मी नारायण कंडवाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके विभिन्न ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सामने आए शुरुआती तथ्यों ने जांच एजेंसियों को भी हैरान कर दिया। लोकायुक्त की प्राथमिक जांच में कंडवाल के पास उनकी वैध आय की तुलना में 241 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने के संकेत मिले हैं। अब तक की जांच में करीब 9.5 करोड़ रुपए की संपत्ति का खुलासा हुआ है, जबकि उनके पूरे सेवाकाल की अनुमानित वैध आय लगभग ढाई करोड़ रुपए आंकी गई है। लोकायुक्त अधिकारियों के अनुसार, कंडवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। इसके बाद विशेष न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर अलग-अलग टीमों ने सुबह करीब छह बजे एक साथ कई स्थानों पर कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई इतनी गोपनीय रखी गई थी कि संयुक्त संचालक और उनके परिवार को इसकी भनक तक नहीं लग सकी। सुबह-सुबह बड़ी संख्या में लोकायुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों के पहुंचने से संबंधित इलाकों में चर्चा का माहौल बन गया। जांच के दौरान अधिकारियों को कई ऐसे निवेश और व्यावसायिक प्रतिष्ठान मिले, जिनकी भव्यता ने टीम को भी चौंका दिया। सबसे अधिक चर्चा एक दो मंजिला आधुनिक जिम सेंटर को लेकर रही। जांच में सामने आया कि कंडवाल से जुड़ा यह फिटनेस सेंटर अत्याधुनिक सुविधाओं और महंगी मशीनों से सुसज्जित है। बताया जा रहा है कि यह शहर के प्रमुख निजी जिमों में शामिल है। इसके अलावा एक बड़े डिपार्टमेंटल स्टोर की भी जांच की गई, जहां रोजमर्रा के उपभोक्ता सामानों का बड़े पैमाने पर कारोबार संचालित किया जा रहा था। लोकायुक्त टीम को अब तक पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र के आसपास 12 प्लॉट, इंदौर में एक व्यावसायिक प्लॉट और अन्य अचल संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इसके साथ ही एक बैंक लॉकर की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी जांच और तलाशी की प्रक्रिया आगे की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि संपत्ति का आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है क्योंकि दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन की विस्तृत पड़ताल जारी है। जांच में यह भी सामने आया है कि अपने सेवाकाल के दौरान कंडवाल झाबुआ, रतलाम, नीमच, रीवा, शहडोल, उज्जैन, देवास और इंदौर सहित कई जिलों में पदस्थ रहे हैं। लोकायुक्त अब उनकी आय के स्रोतों, निवेश के तरीकों और संपत्ति अर्जित करने की प्रक्रिया की विस्तृत जांच कर रही है। इस कार्रवाई को प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही मुहिम की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद संपत्ति के वास्तविक मूल्यांकन, निवेश के स्रोत और वित्तीय लेनदेन से जुड़े अन्य तथ्यों को भी सार्वजनिक किया जाएगा। फिलहाल बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

राजवाड़ा में गूंजा मालवा का रंग, विदेशी मेहमानों ने किया लोकनृत्य

मध्यप्रदेश। इंदौर में आयोजित पांच दिवसीय ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के दूसरे दिन शहर की सांस्कृतिक विरासत और ग्रामीण विकास मॉडल ने विदेशी प्रतिनिधियों का दिल जीत लिया। बुधवार सुबह 20 देशों से आए प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक राजवाड़ा पहुंचकर इंदौर की समृद्ध विरासत, संस्कृति और इतिहास को करीब से जाना। इस दौरान विदेशी मेहमानों ने न केवल शहर की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया, बल्कि मालवा की लोक संस्कृति और कृषि उत्पादों का भी अनुभव किया। राजवाड़ा पहुंचने पर प्रतिनिधियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। होलकरकालीन इस ऐतिहासिक धरोहर के महत्व और इंदौर के गौरवशाली इतिहास की जानकारी इतिहासकार जफर अंसारी ने दी। उन्होंने मेहमानों को राजवाड़ा के स्थापत्य, होलकर राजवंश के योगदान और शहर की सांस्कृतिक विरासत के बारे में विस्तार से बताया। विदेशी प्रतिनिधियों ने ऐतिहासिक भवन की वास्तुकला और उसकी भव्यता की सराहना की। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ढक्कनवाला कुआं स्थित ग्रामीण हाट बाजार पहुंचा, जहां मध्यप्रदेश की कृषि, हस्तशिल्प, ग्रामीण उद्यमिता और पारंपरिक उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। यहां विदेशी मेहमानों का मालवी परंपरा के अनुसार स्वागत किया गया। उन्हें पारंपरिक पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया, जिससे वे बेहद उत्साहित नजर आए। ग्रामीण हाट में जनजातीय और लोक कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। ढोल-मांदल और लोकधुनों की गूंज के बीच कई विदेशी प्रतिनिधि स्वयं को रोक नहीं सके और कलाकारों के साथ मंच पर थिरकते दिखाई दिए। मालवा की संस्कृति से उनका यह जुड़ाव सम्मेलन का सबसे आकर्षक दृश्य बन गया। विदेशी मेहमानों ने लोकनृत्य की लय और उत्साह की खुलकर सराहना की। प्रतिनिधियों ने ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ओडीओपी) योजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। बुरहानपुर के केले से बने उत्पाद, बालाघाट का जीआई टैग प्राप्त चिन्नौर चावल, रीवा के प्रसिद्ध आम, झाबुआ की पारंपरिक फसलें और अन्य कृषि उत्पादों ने उनका ध्यान आकर्षित किया। विशेष रूप से मध्यप्रदेश के आमों का स्वाद विदेशी प्रतिनिधियों को खूब पसंद आया। उन्होंने आमों की गुणवत्ता, मिठास और सुगंध की प्रशंसा करते हुए इसे प्रदेश की विशेष पहचान बताया। मृगनयनी के स्टॉल पर प्रदर्शित चंदेरी, महेश्वरी और कोसा वस्त्रों ने भी मेहमानों को प्रभावित किया। इसके अलावा प्राकृतिक शहद, ए-2 दुग्ध उत्पाद, हर्बल सामग्री और महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए उत्पादों को भी खूब सराहना मिली। प्रतिनिधियों ने ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक भागीदारी और आत्मनिर्भरता के प्रयासों की प्रशंसा की। ब्रिक्स कृषि सम्मेलन के माध्यम से मध्यप्रदेश ने दुनिया के सामने अपनी कृषि क्षमता, प्राकृतिक खेती के मॉडल, ग्रामीण नवाचार और सांस्कृतिक समृद्धि को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। विदेशी प्रतिनिधियों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने यह साबित कर दिया कि प्रदेश न केवल कृषि क्षेत्र में बल्कि संस्कृति और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में भी वैश्विक पहचान बनाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

एमपी में मौसम का डबल अटैक: कहीं ओलावृष्टि-बारिश, कहीं 46 डिग्री की भीषण गर्मी

मध्यप्रदेश। मध्य प्रदेश में मौसम इन दिनों दोहरे रंग दिखा रहा है। एक ओर प्रदेश के कई जिलों में प्री-मानसून की गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है, जहां तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर कई इलाके अब भी भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में मौसम का मिजाज अचानक बदला और तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। जबलपुर और दमोह में ओले गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान भिंड, दतिया, मुरैना, ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, छतरपुर, छिंदवाड़ा, रीवा, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और मऊगंज सहित 18 जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। सिंगरौली और नरसिंहपुर में धूलभरी आंधी ने जनजीवन को प्रभावित किया। कई स्थानों पर पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने की घटनाएं भी सामने आईं। सबसे ज्यादा असर जबलपुर में देखने को मिला, जहां 74 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चली। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ गिर गए और वाहनों को नुकसान पहुंचा। सीधी में 68 किलोमीटर प्रति घंटे, सागर में 59 किलोमीटर प्रति घंटे और ग्वालियर में 46 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। इसके अलावा आगर-मालवा, अशोकनगर, रीवा, गुना, शिवपुरी और शहडोल में भी तेज हवाओं का असर देखा गया। बारिश और आंधी के बीच गर्मी का प्रकोप भी कम नहीं हुआ है। खजुराहो मंगलवार को प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कई अन्य जिलों में भी तापमान 42 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा, जिससे लोगों को उमस और गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने बुधवार को बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, जबलपुर, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी और अनूपपुर जिलों में बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है। वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, सागर और रीवा संभाग के कई जिलों में गर्मी का असर बरकरार रह सकता है। दिलचस्प बात यह है कि मौसम विभाग ने पहले 10 और 11 जून के लिए कुछ जिलों में लू का अलर्ट जारी किया था, लेकिन ताजा पूर्वानुमान में स्थिति बदल गई है। अब 12 जून को मुरैना, भिंड, टीकमगढ़ और छतरपुर में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसके साथ ही प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज आंधी और बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। विशेषज्ञों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नमी तथा सक्रिय प्री-मानसून सिस्टम के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी प्रदेशवासियों को गर्मी, आंधी और बारिश के मिले-जुले मौसम का सामना करना पड़ सकता है।