Bhopal News: भोपाल। जनजातीय गौरव दिवस के मौके पर 15 नवंबर को जबलपुर में बिरसा मुंडा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। देशभर में इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया जाएगा। उत्सव के तहत एक सप्ताह तक राज्यभर में जनजातीय गौरव दिवस से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होंगे।
7 नवंबर से शुरू होंगी तैयारियां
कार्यक्रम को लेकर बीजेपी संगठन और सरकार दोनों ही स्तर पर विशेष तैयारी कर रहे हैं। 7 नवंबर को मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित बीजेपी के तमाम नेता अपने सोशल मीडिया अकाउंट की प्रोफाइल फोटो बदलेंगे। इन प्रोफाइल में जनजातीय प्रतीकों और स्थानीय आदिवासी नायकों की झलक दिखाई देगी। साथ ही जनजातीय समाज की सफलता की कहानियां और विकास योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी।
बीएल संतोष 10 नवंबर को भोपाल आएंगे
जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियों की समीक्षा के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष 10 नवंबर को भोपाल आएंगे। वे प्रदेश नेतृत्व के साथ बैठक कर कार्यक्रमों की रूपरेखा और आयोजन की प्रगति पर चर्चा करेंगे।
11 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव यात्राएं
राज्य सरकार 11 नवंबर से 15 नवंबर तक जनजातीय बहुल जिलों में बिरसा मुंडा गौरव यात्राएं निकालेगी। इन यात्राओं में आदिवासी कला समूह, झांकियां और प्रदर्शनियां शामिल होंगी। जिला स्तर पर सम्मेलन भी आयोजित होंगे, जिनमें सांसद, विधायक और जनजातीय समुदाय से जुड़े जनप्रतिनिधि भाग लेंगे।
सड़कों और भवनों का नामकरण
7 से 15 नवंबर के बीच प्रदेश में सड़कों, चौराहों, पार्कों और सरकारी भवनों को भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय नायकों के नाम पर किया जाएगा। इसके साथ ही प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर बिरसा मुंडा की प्रतिमाएं लगाई जाएंगी ।
READ MORE: दतिया फायरिंग कांड का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार…