Bihar Election Result : बिहार विधानसभा चुनाव में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सक्रियता का बड़ा असर देखने को मिला है। सीएम यादव ने बिहार के 26 विधानसभा क्षेत्रों में प्रचार किया था, जिनमें से 21 सीटों पर NDA उम्मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।
मतगणना के रुझानों में NDA ने 200 से अधिक सीटों पर बढ़त हासिल कर ली है, जिससे तीसरी बार सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया है। सीएम यादव ने इस चुनावी प्रदर्शन को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की जीत बताया और कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधा।
एनडीए की बड़ी बढ़त: 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़
चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार, 243 सीटों वाली विधानसभा में NDA ने बहुमत के लिए आवश्यक 122 के आंकड़े को पार करते हुए 200 से ज्यादा सीटों पर बढ़त बना ली है।
भाजपा 91 सीटों पर आगे है, जेडीयू 80, एलजेपी (RV) 22, एचएएम 4 और आरएलएम 3 सीटों पर बढ़त में है।
वहीं महागठबंधन 35 से 40 सीटों तक सिमटता दिखाई दे रहा है, जिसमें आरजेडी को 28, कांग्रेस को 5 और अन्य दलों को सीमित बढ़त मिल रही है।
यह प्रदर्शन 2010 के बाद NDA का सबसे बेहतर नतीजा माना जा रहा है, जब गठबंधन ने 206 सीटें जीती थीं। इस बार हुए रिकॉर्ड 66.91% मतदान में महिलाओं की भागीदारी 71.78% रही और इसे निर्णायक माना जा रहा है।
Read More: बोत्सवाना ने भारत को 8 चीते सौंपे, अगले माह कूनो आएंगे
मुख्यमंत्री मोहन यादव का बयान
सीएम मोहन यादव ने कहा कि रुझान बेहद उत्साहजनक हैं। उन्होंने कहा कि 2014 के बाद से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश विकासपथ पर आगे बढ़ा है और जनता ने बार-बार NDA पर भरोसा जताया है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली और अब बिहार—इन सभी राज्यों के नतीजे बताते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता और प्रभाव लगातार मजबूत है।
कांग्रेस गठबंधन पर निशाना साधते हुए सीएम यादव ने कहा कि जनता ने विकास के लिए NDA को चुना है और विपक्ष की अव्यवस्थाओं को नकार दिया है। उन्होंने पीएम मोदी की सुरक्षा संबंधी नीतियों की भी प्रशंसा की।
NDA नेताओं को बधाई
सीएम यादव ने बिहार में NDA की बढ़त पर प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, सीएम नीतीश कुमार, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा को बधाई दी। उन्होंने सभी विजयी उम्मीदवारों और कार्यकर्ताओं को भी शुभकामनाएं दीं।
कांग्रेस पर तंज
सीएम ने कहा कि भाजपा बिहार में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है और जेडीयू दूसरे नंबर पर है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजद का नुकसान किया, क्योंकि उसके बड़े नेता ने चुनाव प्रचार से समय रहते दूरी बना ली।
सीएम यादव का कहना है कि जनता का निर्णय सर्वोपरि है और NDA अब बिहार के विकास के लिए फिर तैयार है।
Read More: ठंड में क्यों बढ़ते हैं pneumonia के केस? जानिए बचाव के लिए 11 जरूरी सावधानियां