Chambalkichugli.com

जब शेषनाग के सेट पर भड़क गई थीं सरोज खान, रिहर्सल को लेकर रेखा से कह दी कड़वी बात

नई दिल्ली । बॉलीवुड की चमकदार दुनिया के पीछे कई ऐसे किस्से छिपे होते हैं जो समय के साथ चर्चित कहानियों में बदल जाते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प और भावुक किस्सा 1990 में रिलीज हुई फिल्म शेषनाग के सेट से जुड़ा हुआ है। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान मशहूर एक्ट्रेस रेखा और दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान के बीच हुई एक घटना ने पूरे सेट का माहौल बदल दिया था। रिहर्सल को लेकर हुई इस बातचीत के बाद रेखा की आंखों में आंसू आ गए थे। दरअसल फिल्म में रेखा पर एक बेहद मुश्किल डांस नंबर फिल्माया जाना था। इस गाने की कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी सरोज खान के पास थी जो उस दौर की सबसे मशहूर और सख्त अनुशासन वाली कोरियोग्राफर मानी जाती थीं। गाने की तैयारी के लिए सरोज खान को सिर्फ तीन दिन का समय मिला था। ऐसे में उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर से कहकर रेखा को रिहर्सल के लिए सेट पर बुलाने का अनुरोध किया ताकि गाने की शूटिंग से पहले डांस को पूरी तरह तैयार किया जा सके। हालांकि उस समय रेखा ने अपनी तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए रिहर्सल में आने से मना कर दिया। बताया जाता है कि वह तीनों दिन रिहर्सल के लिए नहीं पहुंचीं। तीन दिन बाद जब गाने की शूटिंग का दिन आया तब रेखा सेट पर पहुंचीं। सरोज खान ने उन्हें फिर से रिहर्सल के लिए बुलाया लेकिन उस दिन भी रेखा ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और आज की शूटिंग को कैंसिल कर देना चाहिए। यह बात सुनकर सरोज खान काफी नाराज हो गईं। वह सीधे रेखा के पास गईं और उनसे साफ-साफ सवाल किया कि आखिर वह रिहर्सल के लिए क्यों नहीं आ रही हैं। अपने एक पुराने इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि उन्होंने रेखा से कहा रेखा जी ऐसा लगता है कि आपको मुझसे कोई एलर्जी है। मैं आपको रिहर्सल के लिए बुलाती हूं तो आप नहीं आतीं और शूटिंग वाले दिन आती हैं तो कहती हैं कि तबीयत ठीक नहीं है। अगर आपको मेरे साथ काम नहीं करना है तो आप प्रोड्यूसर से कह सकती हैं कि डांस मास्टर बदल दिया जाए क्योंकि कुछ तो गड़बड़ जरूर है। सरोज खान की यह बात सुनकर माहौल अचानक गंभीर हो गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने रेखा की तरफ देखा तो उनकी आंखों में आंसू थे। रेखा यह सुनकर काफी भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए थे। हालांकि सरोज खान ने उन्हें समझाते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने कुछ गलत कहा है लेकिन आज शूटिंग जरूर होनी चाहिए। इसके बाद रेखा ने खुद को संभाला और शांत स्वर में कहा मैं शूट करूंगी। इतना कहकर वह वहां से चली गईं। कुछ देर बाद रेखा की सेक्रेटरी सरोज खान के पास आईं और उनसे पूछा कि उन्होंने रेखा से आखिर क्या कह दिया है क्योंकि वह सेट पर रो रही हैं। यह घटना आज भी बॉलीवुड के उन चर्चित किस्सों में गिनी जाती है जो यह दिखाती है कि फिल्म इंडस्ट्री में काम के प्रति अनुशासन और दबाव कभी कभी बड़े कलाकारों के बीच भी भावनात्मक पल पैदा कर देते हैं।

साउथ इंडस्ट्री में गूंजी शादी की शहनाई अल्लू सिरीश ने नयनिका रेड्डी संग लिए सात फेरे

नई दिल्ली। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों खुशियों का माहौल है। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के छोटे भाई और अभिनेता अल्लू सिरीश ने आखिरकार अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर नयनिका रेड्डी के साथ शादी रचा ली है। 38 साल की उम्र में उन्होंने जिंदगी के इस नए सफर की शुरुआत की। दोनों ने 6 मार्च को हैदराबाद में पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ भव्य समारोह में सात फेरे लिए। इस शादी में फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। अल्लू सिरीश के बड़े भाई अल्लू अर्जुन अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी और बच्चों अयान और अरहा के साथ समारोह में पहुंचे। इसके अलावा साउथ के कई दिग्गज सितारों ने भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। मेगास्टार चिरंजीवी भी इस खास मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने कपल को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दीं। वहीं तमिल सुपरस्टार सूर्या भी शादी में शामिल हुए और अल्लू सिरीश तथा नयनिका को बधाई दी। अभिनेता राम चरण ब्लैक कुर्ता सेट में अपनी दमदार मौजूदगी के साथ नजर आए और उन्होंने भी समारोह में चार चांद लगा दिए। इसके अलावा नंदमुरी कल्याण राम भी इस शादी में पहुंचे। आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और अभिनेता पवन कल्याण भी अपनी पत्नी अन्ना लेजनेवा के साथ इस ग्रैंड वेडिंग में शामिल हुए और कपल को आशीर्वाद दिया। शादी की कई इनसाइड तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं जिनमें इंडस्ट्री के बड़े सितारे एक साथ नजर आ रहे हैं। इस शादी की एक दिलचस्प बात यह भी है कि अल्लू सिरीश और नयनिका ने शादी के लिए वही तारीख चुनी जिस दिन 15 साल पहले अल्लू अर्जुन ने स्नेहा रेड्डी से शादी की थी। यानी अब दोनों भाइयों की शादी की सालगिरह एक ही दिन मनाई जाएगी। इस खास कनेक्शन को फैंस ने भी नोटिस किया और सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है। अगर नयनिका रेड्डी की बात करें तो वह हैदराबाद की एक सफल बिजनेस प्रोफेशनल हैं और एक समृद्ध बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। वह करोड़ों के कारोबार से जुड़ी हुई हैं और अब तक काफी हद तक लाइमलाइट से दूर निजी जीवन जीती रही हैं। फिल्म इंडस्ट्री से उनका कोई सीधा संबंध नहीं रहा है। हालांकि सगाई की घोषणा के बाद से वह धीरे धीरे सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आने लगीं। प्री वेडिंग फंक्शन्स में उनकी ग्रेसफुल मौजूदगी और पारंपरिक अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया था। अब शादी के बाद अल्लू सिरीश और नयनिका रेड्डी की यह जोड़ी सोशल मीडिया पर भी चर्चा में बनी हुई है। फैंस और फिल्मी सितारे दोनों को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी शादी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं

ट्रोलिंग के बीच अदनान शेख का बड़ा बयान पत्नी ने शादी से पहले खुद बदला धर्म किसी पर दबाव नहीं

नई दिल्ली।फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अदनान शेख एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद है। दरअसल अदनान की शादी के समय यह आरोप लगे थे कि उन्होंने अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया और शादी के बाद उन्हें हिजाब पहनने के लिए मजबूर किया। अब इन सभी आरोपों पर अदनान शेख ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है और अपनी बात सामने रखी है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अदनान शेख ने कहा कि किसी का धर्म बदलवाने का अधिकार उनके पास नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पत्नी ने शादी से पहले ही अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया था। अदनान के अनुसार भारत एक ऐसा देश है जहां हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी आजादी है और किसी को भी जबरदस्ती किसी पर फैसला थोपने का अधिकार नहीं है। अदनान ने कहा कि लोग बिना पूरी सच्चाई जाने कई तरह की बातें बना लेते हैं। उन्होंने बताया कि उनके आसपास भी ऐसे कई लोग हैं जिनके इंटरफेथ मैरिज हैं। कई परिवारों में पति हिंदू और पत्नी मुस्लिम हैं या फिर इसके उलट भी है। ऐसे में हर रिश्ते को शक की नजर से देखना सही नहीं है। अदनान का कहना है कि यह सब लोगों की छोटी सोच को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्यार और धर्म दोनों अलग चीजें हैं और दोनों का अपना महत्व होता है। किसी भी रिश्ते में सबसे जरूरी आपसी समझ और सम्मान होता है। उनके मुताबिक उन्होंने कभी भी अपनी पत्नी पर कोई दबाव नहीं डाला। दरअसल अदनान की पत्नी हिजाब पहनती हैं और सार्वजनिक रूप से अपना चेहरा भी नहीं दिखातीं। शादी के दौरान भी उन्होंने मास्क पहनकर ही अपना चेहरा छिपाकर रखा था। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाया था कि अदनान ने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया है। हालांकि अदनान का कहना है कि यह पूरी तरह उनकी पत्नी का व्यक्तिगत फैसला है। वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं और इस फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक अदनान की पत्नी का असली नाम रिद्धि बताया जाता है। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम आयशा शेख रख लिया था। दोनों की शादी साल 2024 में हुई थी और अब वे एक बच्चे के माता पिता भी बन चुके हैं। अदनान शेख की बात करें तो वह सोशल मीडिया की दुनिया का जाना माना नाम हैं। यूट्यूब पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और वे कई म्यूजिक वीडियो और रियलिटी शोज में भी नजर आ चुके हैं। हाल ही में वह द 50 शो को लेकर सुर्खियों में हैं और इससे पहले वह बिग बॉस ओटीटी 3 में भी दिखाई दे चुके हैं। फिलहाल अदनान का कहना है कि उनकी और उनकी पत्नी की जिंदगी खुशहाल है और वे लोगों की आलोचनाओं के बजाय अपने परिवार और काम पर ध्यान देना चाहते हैं।

अयोध्या में अमिताभ बच्चन ने दो साल में चौथी जमीन खरीदी

मुंबई। अमिताभ बच्‍चन ने भगवान राम की नगरी में एक और जमीन खरीदकर चर्चा बटोर ली है। सदी के महानायक ने पिछले दो वर्षों में यहां चौथी बार निवेश किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 10,617 वर्ग मीटर जमीन लगभग 25.20 करोड़ रुपये में खरीदी है। यह जमीन The House of Abhinandan Lodha की परियोजना के पास स्थित है और सरयू नदी के तट के नजदीक विकसित हो रहे लक्जरी लैंड प्रोजेक्ट के आसपास बताई जा रही है। इस जमीन की खरीद एबी कॉर्प लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश ऋषिकेश यादव ने पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए पूरी की। अयोध्या में तेजी से बढ़ रहा निवेश राम मंदिर अयोध्‍या के निर्माण और उद्घाटन के बाद से अयोध्या में पर्यटन, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। इसी वजह से बड़े उद्योगपति और फिल्मी हस्तियां भी यहां रियल एस्टेट में निवेश कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में अयोध्या सिर्फ धार्मिक पर्यटन ही नहीं बल्कि रियल एस्टेट निवेश का भी बड़ा केंद्र बन सकता है। पहले कहां-कहां खरीदी जमीन? अमिताभ बच्चन इससे पहले भी अयोध्या में तीन प्लॉट खरीद चुके हैं। 2024: The Sarayu Project Ayodhya में लगभग 10,000 वर्ग फुट का प्लॉट करीब 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2025: सरयू नदी के पास ही 25,000 वर्ग फुट का प्लॉट लगभग 40 करोड़ रुपये में लिया। 2025: उसी क्षेत्र के पास एक और जमीन में निवेश किया गया था, जो सरयू तट के आसपास विकसित हो रही परियोजनाओं से जुड़ी बताई जाती है। 2026 (नया सौदा): सरयू किनारे के पास लक्जरी प्रोजेक्ट के आसपास 10,617 वर्ग मीटर जमीन 25.20 करोड़ रुपये में खरीदी गई है। यूपी से खास जुड़ाव अमिताभ बच्चन का उत्तर प्रदेश से पुराना रिश्ता है। उनका पैतृक संबंध Prayagraj से रहा है। ऐसे में अयोध्या में लगातार निवेश को उनके यूपी से भावनात्मक जुड़ाव के तौर पर भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अयोध्या में तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन के कारण यहां जमीन की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे बड़े निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है।

सोनू सूद के ऑफिस पहुंचे राजपाल यादव ने एक्टर को लगाया गले

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने सोनू सूद के ऑफिस जाकर उनसे मुलाकात की है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है। दोनों ने पैपराजी के सामने हंसकर पोज दिए। राजपाल यादव इस समय बेल पर जेल से बाहर हैं। अब एक्टर का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें उन्हें एक्टर सोनू सूद के साथ पोज देते हुए देखा जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक राजपाल ने सोनू सूद के ऑफिस जाकर उनसे मुलाकात की। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों एक्टर बाहर आते हैं, मुस्कुराते हैं, एक दूसरे को गले लगाते हैं और पैपराजी के सामने पोज देकर चले जाते हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है। राजपाल ने दिया था ऐसा बयान पिछले महीने फरवरी में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में खुद को सरेंडर कर दिया था। इसी के बाद सोनू सूद वो पहले शख्स थे जिन्होंने एक्टर के समर्थन में ट्वीट किया और उन्हें अपनी फिल्म में कास्ट किए जाने के बारे में लिखा था। सोनू ने अन्य लोगों से भी मदद कर उन्हें एडवांस पेमेंट करने की बात कही थी। एक्टर की इस मुहीम के बाद कई सेलेब्रिटी आगे आए और राजपाल यादव को मदद ऑफर की। हालांकि, जब राजपाल यादव बाहर आए तो उन्होंने उलट बयान देते हुए सभी को हैरान कर दिया। राजपाल ने कहा कि उन्हें लेकर गलतफहमी है कि उनके पास काम नहीं है। एक्टर ने ये भी कहा कि उनके पास आने वाले सालों में 1200 करोड़ का काम है और जब से वो इंडस्ट्री में हैं काम की कमी नहीं हुई। सोनू सूद और राजपाल यादव की मुलाकात राजपाल के इस बयान पर सोनू सूद ने अपना रिएक्शन दिया था। एक्टर ने कहा था कि उन्होंने कभी भी ये नहीं कहा कि एक्टर के पास काम नहीं है। उन्होंने बस एडवांस पैसे देकर मदद करने की बात कही थी। इन बयानों के बाद लग रहा था कि शायद ये दोनों एक्टर साथ नहीं नजर आएंगे। लेकिन राजपाल यादव वर्सोवा में सोनू सूद के प्रोडक्शन हाउस शक्ति सागर पहुंच गए। दोनों एक्टर्स ने मुलाकात की और फिर पैपराजी के सामने पोज भी दिए। इस मुलाकात की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हालांकि, ये मीटिंग उनकी आने वाली फिल्म से जुड़ी थी या वजह कुछ और थी? इस बारे में कोई जानकारी नहीं सामने आई है। दोनों एक्टर्स को साथ देखकर फैंस खुश हैं। मदद करने वालों के पैसे वापस करेंगे राजपाल राजपाल यादव ने चेक बाउंस केस में बेल पर बाहर हैं। एक्टर पर 9 करोड़ का कर्जा था। इस पूरे मामले पर उन्होंने हाल की प्रेस कांफ्रेंस में अपना पक्ष रखा था। एक्टर ने मदद करने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा उनके पैसे चुकाने की बात कही थी।

BADSHAH SONG CONTROVERSY: रैपर बादशाह के ‘टटीरी’ गाने पर विवाद, हरियाणा में FIR दर्ज; जानिए क्या है पूरा मामला

BADSHAH SONG CONTROVERSY: मुंबई। मशहूर रैपर और सिंगर Badshah अपने नए हरियाणवी गाने Tattiri को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस गाने के खिलाफ हरियाणा में शिकायत दर्ज होने के बाद पंचकुला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाने के म्यूजिक वीडियो में इस्तेमाल किए गए शब्दों, इशारों और कुछ विजुअल्स पर आपत्ति जताई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाई गई लड़कियों के साथ कुछ दृश्य और जेस्चर आपत्तिजनक हैं, जो समाज में गलत संदेश दे सकते हैं।इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने शिकायत के आधार पर बादशाह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि गाने के जरिए अश्लीलता को बढ़ावा दिया गया और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला आयोग में भी पहुंची शिकायत बताया जा रहा है कि पानीपत की सविता आर्य और रोहतक के वकील राज नारायण पंघाल ने भी इस गाने के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। सविता आर्य ने हरियाणा महिला आयोग में शिकायत की, जबकि पंघाल ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में मामला उठाया है। शिकायतकर्ताओं ने गाने की एक लाइन—“आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने”—पर भी आपत्ति जताई है। 13 मार्च को होगी सुनवाई रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में बादशाह को 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे सुनवाई के लिए पानीपत में बुलाया गया है।  

कमल हासन पर लिलिपुट का चौंकाने वाला खुलासा मेरी जिंदगी का दर्द बना अप्पू राजा की कहानी

नई दिल्ली। मिर्जापुर में दद्दा के किरदार से पहचान बनाने वाले वरिष्ठ अभिनेता लिलिपुट ने हाल ही में एक ऐसा खुलासा किया है जिसने फिल्मी दुनिया में चर्चा छेड़ दी है। करीब पांच दशक से फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय लिलिपुट का कहना है कि सुपरस्टार कमल हासन ने उनकी असल जिंदगी के दर्द और दिल टूटने की कहानी को अपनी मशहूर फिल्म अप्पू राजा में इस्तेमाल किया था। हालांकि उन्हें इसके लिए कभी कोई क्रेडिट नहीं मिला। लिलिपुट जिनका असली नाम एमएम फारुकी है उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि उनकी और कमल हासन की दोस्ती फिल्म सागर की शूटिंग के दौरान शुरू हुई थी। उस समय फिल्म की कास्टिंग के दौरान कमल हासन उन्हें ढूंढ रहे थे। जब लिलिपुट पृथ्वी थिएटर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि कमल हासन खुद उन्हें बुला रहे हैं। पहले तो उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ और उन्हें लगा कि कोई मजाक कर रहा है। जब वे कमल हासन से मिलने उनके होटल पहुंचे तो अभिनेता ने बेहद गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। कमल हासन ने उनसे कहा कि वे फिल्म सागर बना रहे हैं और उसमें उनके किरदार के बराबर का एक खास रोल है जिसके लिए उन्हें कद में छोटा कलाकार चाहिए। इसके बाद उन्होंने लिलिपुट को निर्देशक रमेश सिप्पी से मिलने के लिए कहा। फिल्म की शूटिंग के दौरान दोनों कलाकारों के बीच गहरी दोस्ती हो गई। लिलिपुट के अनुसार कमल हासन अक्सर उनके साथ घंटों बैठकर बातें करते थे। वह उनके जीवन के अनुभवों कॉमा सोच और मनोविज्ञान को समझने की कोशिश करते थे। इतना ही नहीं वे उनकी कई तस्वीरें भी लिया करते थे। इसी दौरान लिलिपुट ने अपनी निजी जिंदगी के कई किस्से कमल हासन के साथ साझा किए थे जिनमें उनकी लव स्टोरी और दिल टूटने की कहानी भी शामिल थी। लिलिपुट का दावा है कि कमल हासन ने उन्हीं भावनात्मक अनुभवों को बाद में अपनी कल्ट फिल्म अप्पू राजा के इमोशनल हिस्से में शामिल कर लिया। उनके अनुसार फिल्म में दिखाया गया हार्टब्रेक वाला ट्रैक असल में उनकी ही जिंदगी की कहानी से प्रेरित था। हालांकि जब उनसे पूछा गया कि क्या कमल हासन ने कभी सार्वजनिक रूप से इस बात को स्वीकार किया या उन्हें इसका श्रेय दिया तो लिलिपुट ने साफ तौर पर कहा कि ऐसा कभी नहीं हुआ। फिर भी उन्होंने माना कि जिस खूबसूरती से उनकी भावनाओं को पर्दे पर उतारा गया वह काबिले तारीफ था। इंटरव्यू में लिलिपुट ने अपने करियर से जुड़ा एक दिलचस्प और भावुक किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा था जब वह खुद को अमिताभ बच्चन के लिए अनलकी मानते थे। दरअसल कई बार ऐसा हुआ कि उनके साथ अमिताभ बच्चन की फिल्में शुरू होने से पहले ही बंद हो गईं। इसी वजह से उनके मन में यह अंधविश्वास बैठ गया था। जब उन्हें साल 2005 में फिल्म बंटी और बबली में काम करने का मौका मिला तो उन्होंने मजाक में निर्देशक शाद अली से कहा था कि कहीं उनके कारण फिल्म को भी कोई परेशानी न हो जाए। लेकिन शाद अली ने उनकी बात को हंसी में उड़ा दिया और कहा कि वह ऐसी बातों पर विश्वास नहीं करते। आखिरकार फिल्म रिलीज हुई और सुपरहिट साबित हुई। इसके साथ ही लिलिपुट का अमिताभ बच्चन के साथ काम करने का सपना भी पूरा हो गया और उनका पुराना डर भी खत्म हो गया

Dhurandhar 2: धुरंधर 2 का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज रणवीर सिंह बने हमजा अली एक्शन और बदले की कहानी ने बढ़ाया रोमांच

Dhurandhar 2: नई दिल्ली। निर्देशक आदित्य धर की सुपरहिट फिल्म धुरंधर ने पिछले साल दिसंबर में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त इतिहास रच दिया था और अब उसके सीक्वल धुरंधर 2 द रिवेंज को लेकर दर्शकों के बीच उत्साह चरम पर पहुंच चुका है। हाल ही में फिल्म का दमदार ट्रेलर रिलीज किया गया है जिसने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है और फैंस इसे पहले से ही ब्लॉकबस्टर बता रहे हैं। ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन कॉमा इमोशन और देशभक्ति की झलक देखने को मिलती है जिसने दर्शकों के रोंगटे खड़े कर दिए हैं। फिल्म में रणवीर सिंह एक बार फिर अपने दमदार अवतार में दिखाई दे रहे हैं। कहानी में वह एक रॉ एजेंट के रूप में मिशन पर निकलते हैं और हमजा अली नाम के गैंगस्टर का रूप धारण कर दुश्मनों के नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की कोशिश करते हैं। ट्रेलर में दिखाए गए एक्शन सीक्वेंस कॉमा तेज रफ्तार कहानी और बड़े स्तर की सिनेमैटोग्राफी ने लोगों का ध्यान खींच लिया है। सोशल मीडिया पर ट्रेलर को लेकर जबरदस्त प्रतिक्रियाएं आ रही हैं और कई फैंस इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म बता रहे हैं। धुरंधर की सफलता ने रणवीर सिंह के करियर को एक नई ऊंचाई दी थी। फिल्म ने भारत में करीब 838 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था जबकि दुनियाभर में इसकी कमाई 1300 करोड़ रुपये से भी ज्यादा पहुंच गई थी। इतनी बड़ी सफलता के बाद मेकर्स को उम्मीद है कि इसका सीक्वल पहले भाग के सभी रिकॉर्ड तोड़ सकता है। फिल्म की सबसे बड़ी ताकत इसकी मजबूत स्टारकास्ट भी है। रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त कॉमा अर्जुन रामपाल कॉमा अक्षय खन्ना कॉमा आर माधवन और राकेश बेदी जैसे कलाकार फिल्म में अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। संजय दत्त एक सख्त पुलिस अफसर की भूमिका निभाते दिखाई देते हैं जबकि अर्जुन रामपाल का खतरनाक विलेन अवतार कहानी में रोमांच बढ़ाता है। वहीं अक्षय खन्ना की दमदार अदाकारी और आर माधवन की गंभीर मौजूदगी फिल्म की कहानी को संतुलित बनाती है। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी शाश्वत सचदेव ने संभाली है और ट्रेलर में ही इसके बैकग्राउंड म्यूजिक ने दर्शकों को प्रभावित किया है। पहले भाग की तरह इस बार भी मेकर्स ने बड़े पैमाने पर एक्शन और ड्रामा पेश करने की तैयारी की है। दिलचस्प बात यह भी रही कि पिछली फिल्म को मिडिल ईस्ट के कुछ देशों में बैन कर दिया गया था लेकिन इसके बावजूद वहां इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि कई दर्शक खास तौर पर भारत आकर फिल्म देखने पहुंचे थे। यही वजह है कि अब सीक्वल को लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। अब दर्शकों की निगाहें 19 मार्च पर टिकी हैं जब ईद के मौके पर धुरंधर 2 द रिवेंज सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। हालांकि फिल्म को अभी भारत में सेंसर बोर्ड से प्रमाण पत्र मिलना बाकी है। हाल के समय में कुछ फिल्मों को सेंसर की प्रक्रिया के कारण देरी और कट्स का सामना करना पड़ा है इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि धुरंधर 2 को बिना किसी बड़े बदलाव के रिलीज की मंजूरी मिलती है या नहीं।फिलहाल ट्रेलर ने इतना जरूर साफ कर दिया है कि फिल्म का एक्शन कॉमा कहानी और स्टार पावर दर्शकों को बड़े पर्दे पर एक और जबरदस्त सिनेमाई अनुभव देने के लिए तैयार है।

करण औजला के दिल्ली कॉन्सर्ट में भारी भीड़ और देरी से नाराज फैंस इवेंट कंपनी ने कहा नियमों का किया पालन

नई दिल्ली । पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के लोकप्रिय गायक करण औजला के दिल्ली में आयोजित कॉन्सर्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम के बाद कई प्रशंसकों ने अव्यवस्था और असुविधाओं को लेकर नाराजगी जताई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और पोस्ट के जरिए फैंस ने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए हैं। वहीं बढ़ती शिकायतों के बाद इवेंट आयोजित करने वाली कंपनी टीम इनोवेशन ने इस पूरे मामले पर आधिकारिक बयान जारी करते हुए अपनी सफाई पेश की है। दरअसल करण औजला का पी पॉप कल्चर इंडिया टूर के तहत दिल्ली में यह कॉन्सर्ट 28 फरवरी को आयोजित किया गया था। इस शो में हजारों प्रशंसक अपने पसंदीदा गायक का लाइव प्रदर्शन देखने पहुंचे थे। लेकिन कार्यक्रम के दौरान कई लोगों को लंबी कतारों भीड़भाड़ और प्रवेश प्रक्रिया में देरी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। इसके बाद फैंस ने सोशल मीडिया पर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर करनी शुरू कर दी। इवेंट कंपनी टीम इनोवेशन ने जारी बयान में कहा कि उनके द्वारा आयोजित हर कार्यक्रम में प्रशंसकों के अनुभव को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। कंपनी के अनुसार यह कार्यक्रम निर्धारित क्षमता के भीतर ही आयोजित किया गया था और तय सीमा से अधिक टिकट नहीं बेचे गए थे। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी सुरक्षा निर्देशों और व्यवस्थाओं का पालन किया गया था। कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया कि कार्यक्रम स्थल पर अचानक कम समय में बड़ी संख्या में लोगों के एक साथ पहुंच जाने के कारण कुछ जगहों पर भीड़ का दबाव बढ़ गया जिससे प्रवेश प्रक्रिया में देरी और असुविधा महसूस हुई। आयोजकों का कहना है कि टिकट जांच और प्रवेश प्रक्रिया को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए थे ताकि दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। हालांकि कार्यक्रम में शामिल हुए कई प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर गंभीर अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं। कुछ लोगों का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान लंबी देरी हुई और कई बार भीड़ के कारण अफरा तफरी जैसी स्थिति भी बन गई। वहीं कुछ वीडियो में टिकट काउंटर के पास भारी भीड़ दिखाई दे रही है जहां कई लोग अपने पास या प्रवेश की मांग करते नजर आए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भी हस्तक्षेप करना पड़ा था। इसके अलावा कुछ प्रशंसकों ने यह भी दावा किया कि रिस्टबैंड स्कैनिंग प्रक्रिया के दौरान वाई फाई नेटवर्क कमजोर होने के कारण प्रवेश में काफी समय लग रहा था जिससे भीड़ और बढ़ती चली गई। इसी कारण कई लोगों को कार्यक्रम में प्रवेश करने के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ा। सोशल मीडिया पर वायरल हुए इन वीडियो और शिकायतों के बाद इस कॉन्सर्ट की व्यवस्थाओं को लेकर बहस शुरू हो गई है। कई फैंस ने आयोजकों से बेहतर प्रबंधन की उम्मीद जताई है ताकि भविष्य में इस तरह की समस्याएं न हों। वहीं आयोजकों ने भी कहा है कि वे प्रशंसकों की प्रतिक्रिया को गंभीरता से ले रहे हैं और भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन में व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का प्रयास करेंगे।

गुजराती सिनेमा का चमकता सितारा बनी ‘लालो’ : 100 करोड़ क्लब में एंट्री पर गदगद हुए प्रतीक गांधी बोले -ईमानदार मेहनत ने रचा इतिहास

नई दिल्ली। गुजराती सिनेमा के लिए साल 2025 बेहद खास साबित हुआ जब फिल्म ‘लालो–कृष्ण सदा सहायताते’ ने इतिहास रचते हुए विश्व स्तर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली। यह उपलब्धि हासिल करने वाली यह पहली गुजराती फिल्म बन गई है। फिल्म की इस बड़ी सफलता ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बनाया बल्कि क्षेत्रीय सिनेमा की ताकत को भी नए सिरे से दुनिया के सामने रखा है। फिल्म की कामयाबी से अभिनेता प्रतीक गांधी बेहद उत्साहित और गर्वित नजर आए। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि पूरी गुजराती फिल्म इंडस्ट्री के लिए गर्व का क्षण है और इससे क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान मिली है। प्रतीक गांधी ने फिल्म की सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि ‘लालो’ का 100 करोड़ के आंकड़े को पार करना किसी चमत्कार से कम नहीं है। उन्होंने बताया कि फिल्म की टीम ने जब इस प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी तब किसी ने भी यह कल्पना नहीं की थी कि यह इतना बड़ा मुकाम हासिल कर पाएगी। उन्होंने कहा कि कई बार फिल्म इंडस्ट्री में शुरुआत के समय कई तरह की अनिश्चितताएं होती हैं लेकिन अगर काम ईमानदारी और समर्पण के साथ किया जाए तो उसका परिणाम जरूर मिलता है। यही बात इस फिल्म की सफलता में भी साफ दिखाई देती है। उन्होंने आगे कहा कि इस फिल्म ने उन्हें एक महत्वपूर्ण सीख भी दी है कि ज्यादा सोचने और परिणाम की चिंता करने के बजाय अपने काम को पूरी ईमानदारी और लगन से करते रहना चाहिए। प्रतीक गांधी के मुताबिक ‘लालो’ की कहानी और उसकी सादगी ने दर्शकों के दिल को छू लिया। यही वजह है कि फिल्म ने धीरे धीरे दर्शकों के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई और देखते ही देखते एक बड़ी ब्लॉकबस्टर बन गई। फिल्म अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध हो चुकी है। इसकी स्ट्रीमिंग सोनी लाइव पर गुजराती और हिंदी दोनों भाषाओं में शुरू हो गई है। इस पर खुशी जताते हुए प्रतीक गांधी ने कहा कि अब इस फिल्म को और ज्यादा दर्शक देख सकेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसकी सरल और भावनात्मक कहानी हर वर्ग के दर्शकों तक पहुंचेगी और उन्हें प्रेरित भी करेगी। भक्ति आधारित यह फिल्म अक्टूबर 2025 में रिलीज हुई थी। शुरुआत में इसे छोटे स्तर पर रिलीज किया गया था लेकिन दर्शकों की शानदार प्रतिक्रिया के चलते इसकी लोकप्रियता तेजी से बढ़ती चली गई। सीमित बजट में बनी इस फिल्म ने विश्व स्तर पर 120 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली जिसमें भारत में करीब 97 करोड़ रुपये नेट कलेक्शन और विदेशों में लगभग 7.5 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है। इसी के साथ यह गुजराती सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्म बन गई है। फिल्म की कहानी एक साधारण रिक्शा ड्राइवर के इर्द गिर्द घूमती है जो एक फार्महाउस में फंस जाता है। वहीं उसे भगवान कृष्ण के दर्शन होते हैं और उसके जीवन की दिशा बदल जाती है। भगवान कृष्ण उसे अपने पुराने डर और बुरे सपनों से लड़ने की प्रेरणा देते हैं और आत्म खोज की यात्रा पर ले जाते हैं। भक्ति और आध्यात्मिकता से जुड़ी यह कहानी दर्शकों के दिल को छू गई और यही इसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर सामने आई। फिल्म में मुख्य भूमिका रीवा राछ ने निभाई है जबकि करण जोशी और मिष्टी कडेचा जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आए हैं। फिल्म का निर्देशन अंकित सखिया ने किया है और इसकी कहानी कृष्णांश वाजा विक्की पूर्णिमा तथा अंकित सखिया ने मिलकर लिखी है। फिल्म का निर्माण मैनिफेस्ट फिल्म्स जय व्यास प्रोडक्शंस और अजय बलवंत पडारिया ने किया है। ‘लालो’ की ऐतिहासिक सफलता ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अच्छी कहानी और सच्ची भावना के साथ बनाई गई फिल्म भाषा की सीमाओं से परे जाकर दर्शकों के दिलों में जगह बना सकती है।