टटीरी गाने पर घमासान: बादशाह ने मांगी माफी, विजेंद्र सिंह बोले गलती मान ली तो अब विवाद खत्म करो

नई दिल्ली । रैपर Badshah का नया गाना टटीरी इन दिनों भारी विवादों में घिरा हुआ है। गाने के लिरिक्स और वीडियो में दिखाई गई कुछ झलकियों को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। आरोप है कि गाने में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों को आपत्तिजनक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। विवाद बढ़ने के बाद बादशाह ने सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है लेकिन मामला अभी भी शांत नहीं हुआ है। इस बीच भारतीय बॉक्सर Vijender Singh ने आगे आकर बादशाह का समर्थन किया है और लोगों से इस विवाद को खत्म करने की अपील की है। दरअसल कुछ दिन पहले रिलीज हुए टटीरी गाने के वीडियो में स्कूल की बच्चियों को दिखाया गया था। इसके साथ ही गाने के कुछ लिरिक्स को लेकर भी लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने इसे महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अपमानजनक बताते हुए इसकी आलोचना की। देखते ही देखते यह विवाद इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया और हरियाणा में बादशाह के खिलाफ शिकायतें दर्ज कराई जाने लगीं। इसी बीच विजेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट करते हुए लोगों से संयम बरतने और कलाकार को माफ करने की अपील की। उन्होंने लिखा कि हरियाणा के लोगों की भावनाओं को कई बार गानों के जरिए ठेस पहुंचती है। कभी कोई सिंगर माफी मांगता है तो कभी किसी का गाना हटवा दिया जाता है। उनका कहना था कि कलाकारों से भी गलती हो सकती है और कई बार उनके शब्दों का मतलब बदलकर समझा जाता है। विजेंद्र सिंह ने आगे कहा कि समाज को भी बड़ा दिल दिखाते हुए माफी को स्वीकार करना चाहिए। अगर हर छोटी बात पर विवाद बढ़ता रहेगा तो इससे हरियाणा की कला और संस्कृति को नुकसान होगा। कलाकार भविष्य में मनोरंजन से जुड़े किसी भी काम को करने से पहले डरने लगेंगे। उन्होंने कहा कि अच्छे काम की तारीफ भी जरूरी है और गलत काम पर रोक लगाना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि बादशाह से गलती हुई है और उन्होंने माफी भी मांग ली है इसलिए अब इस मुद्दे को खत्म कर आगे बढ़ना चाहिए। विजेंद्र ने यह भी कहा कि बादशाह हरियाणा का ही बेटा है और वह अपने काम के जरिए हरियाणा की पहचान को आगे बढ़ा रहा है। दूसरी ओर बादशाह ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो जारी कर इस पूरे मामले पर खेद जताया। उन्होंने कहा कि उनके नए गाने के एक हिस्से में इस्तेमाल किए गए लिरिक्स और विजुअल रिप्रेजेंटेशन की वजह से कई लोगों खासकर हरियाणा के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। बादशाह ने स्पष्ट किया कि उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था कि वे हरियाणा की किसी महिला या बच्चे के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी करें। उन्होंने कहा कि वह खुद हरियाणा से हैं और अपनी भाषा संस्कृति और पहचान पर गर्व करते हैं। उनके मुताबिक हिप-हॉप जॉनर में कई बार लिरिक्स प्रतिद्वंद्वियों को निशाना बनाकर लिखे जाते हैं लेकिन उनका उद्देश्य कभी भी महिलाओं या बच्चों का अपमान करना नहीं था। उन्होंने लोगों से उन्हें हरियाणा का बेटा समझकर माफ करने की अपील की। हालांकि विवाद अभी थमा नहीं है। हरियाणा पुलिस ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए बादशाह के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्हें देश छोड़कर जाने से रोकने के लिए लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया भी शुरू की गई थी। पुलिस ने उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी की और उन्हें जल्द पेश होने के निर्देश दिए। इसके अलावा हरियाणा महिला आयोग ने भी बादशाह को समन जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
पत्नी पर हाथ उठाने का आरोप! करोड़पति यूट्यूबर अनुराग डोबाल विवादों में, भाई ने खोली पोल

नई दिल्ली। रियलिटी शो बिग बॉस 17 में नजर आए यूट्यूबर अनुराग डोबाल इन दिनों सोशल मीडिया पर बड़े विवाद में घिरे हुए हैं। 5 मार्च को अपने यूट्यूब चैनल पर दो घंटे लंबा वीडियो शेयर करते हुए अनुराग ने दावा किया कि उनके माता-पिता और भाईयों ने उन्हें परेशान किया और इसी वजह से उनकी पत्नी रितिका चौहान घर छोड़कर चली गई। वीडियो में उन्होंने अपने जीवन की परेशानियों का विवरण देते हुए सुसाइड की ओर इशारा भी किया। अनुराग के इस वीडियो के बाद उनके भाई कलम ने इसका जवाब दिया। कलम ने आरोप लगाया कि अनुराग यह सब व्यूज पाने के लिए कर रहे हैं और यह कहानी पूरी तरह झूठ पर आधारित है। कलम ने अपने इंस्टाग्राम चैनल K-Old World पर कई स्क्रीनशॉट शेयर किए, जिसमें अनुराग खुद अपनी पत्नी पर हाथ उठाने की बात कुबूल करते दिखाई दे रहे हैं। एक स्क्रीनशॉट में अनुराग अपनी करीबी दोस्त को बताते हैं कि उन्होंने रितिका को थप्पड़ मारा क्योंकि वह उन्हें परेशान कर रही थीं। इस चैट में अनुराग ने लिखा कि उन्हें रितिका को मारना नहीं चाहिए था लेकिन परिस्थितियों ने मजबूर कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने हंसने वाली इमोजी भी भेजी। भाई कलम ने अपनी स्टोरीज में लिखा कि अनुराग रोजाना इसी तरह का ड्रामा करते हैं और यह सब केवल सोशल मीडिया पर ट्रैक्शन पाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अनुराग ने परिवार और पेरेंट्स पर फेक केस भी किया था और कानूनी रूप से हारने के बाद उन्होंने यह वीडियो पोस्ट किया। कलम ने अपने फैंस से अपील की कि इस विवाद में न पड़ें। अनुराग डोबाल ने वीडियो में बड़े आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में उनका जीवन पूरी तरह बदल गया और उन्हें उम्मीद नहीं थी कि परिवार और परिस्थितियां उन्हें ऐसे पीछे धकेलेंगी। उन्होंने बताया कि 14 साल की उम्र में उन्हें ब्रेन ट्यूमर निकाला गया और जीवन की चुनौतियों के बावजूद उन्होंने अपने सपनों को पूरा किया। यूट्यूबर ने यह भी दावा किया कि उनके माता-पिता ने उनकी शादी रितिका से जाति के कारण विरोध किया और विवाह समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि परिवार ने उन्हें अन्य रिश्तेदारों के सामने माफी मांगने पर मजबूर किया और कहा कि वे खुश नहीं रहेंगे और उन्हें भी खुश नहीं रहने देंगे। अनुराग ने आगे कहा कि रितिका को कई लोगों ने प्रभावित किया और झूठ बोला, लेकिन उन्होंने हमेशा अपनी पत्नी से प्यार किया। इस विवाद ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है और दोनों पक्षों के समर्थक अपने-अपने तर्कों के साथ सामने आ रहे हैं। अनुराग डोबाल और उनके भाई कलम के बीच सामने आए स्क्रीनशॉट और बयान इस कहानी को और विवादित बना रहे हैं। अब यह देखना बाकी है कि इस मामले में आगे क्या कदम उठाए जाते हैं और यूट्यूबर परिवार और पत्नी के बीच सुलह कर पाते हैं या नहीं।
संगीत की साधना: बचपन से शुरू हुआ सफर और फिल्मी दुनिया में नाम का अनोखा रहस्य

नई दिल्ली। भारतीय संगीत जगत में ऐसे कलाकार कम ही होते हैं जिनकी साधना और मेहनत जीवनभर चमकती रहती है। साधना सरगम भी ऐसे ही संगीत की साधक हैं, जिनकी आवाज ने फिल्म और शास्त्रीय संगीत में खास जगह बनाई। उनके नाम और संगीत सफर से जुड़े कई मजेदार किस्से कम ही लोग जानते हैं। प्लेबैक सिंगर साधना सरगम का असली नाम साधना घाणेकर है। उन्होंने अपने नाम के पीछे की कहानी बताते हुए कहा कि माता-पिता ने उन्हें साधना इसलिए नाम दिया ताकि जीवन भर संगीत की साधना याद रहे। जब वे शिमला प्रोग्राम के लिए कल्याणजी-आनंदजी के पास गईं, तो उन्होंने सुझाव दिया कि नाम में सरगम जोड़ दें। साधना ने तुरंत हां कर दी और तब से उनका नाम साधना सरगम फिल्मी दुनिया में मशहूर हो गया। साधना ने अपने शुरुआती संगीत सफर के बारे में बताया कि चार साल की उम्र से उन्होंने गाना शुरू कर दिया था। घर में शास्त्रीय संगीत का माहौल था क्योंकि उनकी मां नीला घाणेकर संगीत सिखाती थीं। शुरुआत में उनका सपना केवल शास्त्रीय गायिका बनने का था। उन्हें सेंट्रल गवर्नमेंट स्कॉलरशिप मिली और पंडित जसराज के पास शास्त्रीय शिक्षा का अवसर मिला। लेकिन बाद में प्लेबैक सिंगिंग की ओर उनका रुझान बढ़ा। साधना ने बताया कि तीन मिनट में गाने की परफेक्शन पाने की चुनौती उतनी ही कठिन है जितनी तीन घंटे का शास्त्रीय गायन। उनकी पहली रिकॉर्डिंग महज पांच साल की उम्र में वसंत देसाई के साथ हुई थी। मराठी कविता पर आधारित गीत में उन्होंने अपनी गुड़िया साथ रखी थी। फिल्म ‘गुड्डी’ के गाने “हमको मन की शक्ति देना” के जरिए उन्होंने कल्याणजी-आनंदजी को प्रभावित किया और अपना पहला मौका पाया। साधना सरगम ने अपने प्रेरणा स्रोतों का भी जिक्र किया। उन्होंने लता मंगेशकर, आशा भोसले, किशोर कुमार, मुकेश और मोहम्मद रफी का नाम लिया। उनका कहना है कि इन कलाकारों की आवाज सुनकर लगता है कि संगीत कितनी ऊंचाई छू सकता है। लता जी ने उन्हें सिखाया कि सुर सही जगह पर लगना ही असली एक्सप्रेशन है। मराठी परिवार से होने के बावजूद उन्होंने हिंदी-उर्दू उच्चारण पर ध्यान दिया। मौलवी सैय्यद अहमद सैय्यद से उर्दू पढ़-लिखी, जिससे फिल्म ‘कलिंगा’ में दिलीप कुमार के सामने गाने का आत्मविश्वास मिला। साधना सरगम का लक्ष्य हमेशा साफ रहा है: संगीत के जरिए लोगों को सुकून देना। वह कहती हैं कि अच्छा इंसान बनना अच्छे सिंगर बनने से भी ज्यादा महत्वपूर्ण है। आज भी वे रोज रियाज करती हैं और संगीत की साधना को कभी कम नहीं होने देतीं। उनकी यह लगन और मेहनत उन्हें भारतीय संगीत जगत की खास पहचान देती है।
पंचम दा का म्यूजिक मैजिक: कैसे साधारण कंघी ने ‘पड़ोसन’ के गाने को बनाया सुपरहिट

नई दिल्ली।भारतीय फिल्म संगीत की दुनिया में अगर किसी संगीतकार को सबसे ज्यादा प्रयोगधर्मी और क्रिएटिव कहा जाता है तो वह हैं Rahul Dev Burman जिन्हें दुनिया प्यार से पंचम दा के नाम से जानती है। आरडी बर्मन को लोग यूं ही मैड जीनियस नहीं कहते थे। उनके संगीत में ऐसी अनोखी कल्पनाशीलता थी जिसे आज भी दोहराना आसान नहीं है। पंचम दा जब भी किसी गाने की रिकॉर्डिंग करते थे तो सिर्फ पारंपरिक वाद्ययंत्रों पर निर्भर नहीं रहते थे बल्कि रोजमर्रा की चीजों से भी ऐसी आवाजें निकाल लेते थे जो गाने में नई जान भर देती थीं। उनकी इसी क्रिएटिव सोच का एक दिलचस्प उदाहरण 1968 में आई फिल्म Padosan के सुपरहिट गाने Mere Samne Wali Khidki Mein में देखने को मिलता है। यह गाना उस दौर में जितना लोकप्रिय था उतना ही आज भी लोगों के दिलों में बसा हुआ है। अक्सर लोग इस गाने को गुनगुनाते हैं लेकिन बहुत कम लोग जानते हैं कि इस गाने में एक खास साउंड किसी म्यूजिक इंस्ट्रूमेंट से नहीं बल्कि एक साधारण कंघी से निकाला गया था। दरअसल फिल्म में Sunil Dutt एक शरारती पड़ोसी की भूमिका निभाते हैं जो सामने वाली खिड़की में रहने वाली लड़की को अपने अंदाज में रिझाने की कोशिश करता है। गाने का माहौल भी हल्का फुल्का और शरारत से भरा हुआ है। जब इस गाने की रिकॉर्डिंग की तैयारी चल रही थी तब पंचम दा को लग रहा था कि गाने में कुछ ऐसा होना चाहिए जो उसकी मस्ती और शरारत को और ज्यादा उभार सके। स्टूडियो में उस समय बड़े बड़े संगीतकार मौजूद थे। वायलिन, गिटार और कई अन्य वाद्ययंत्र तैयार थे लेकिन पंचम दा को कुछ अलग चाहिए था। बताया जाता है कि काफी देर सोचने के बाद अचानक पंचम दा ने अपनी जेब में हाथ डाला और एक साधारण प्लास्टिक की कंघी निकाल ली। इसके बाद उन्होंने उस कंघी को एक खुरदुरी सतह पर रगड़ना शुरू किया। जैसे ही उससे कर्र कर्र जैसी आवाज निकली पंचम दा के चेहरे पर मुस्कान आ गई। उन्हें लगा कि यही वह साउंड है जो गाने के शरारती मूड को और दिलचस्प बना सकता है। स्टूडियो में मौजूद लोग पहले तो यह देखकर हैरान रह गए कि एक मशहूर संगीतकार रिकॉर्डिंग के दौरान कंघी से आवाज निकालने की कोशिश कर रहा है। खासतौर पर गायक Kishore Kumar को यह दृश्य काफी मजेदार लगा। उन्होंने पंचम दा को देखकर मजाक किया और सिर पकड़ लिया। लेकिन जब रिकॉर्डिंग पूरी हुई और गाना तैयार हुआ तो हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल हो गया। गाने की शुरुआत और बैकग्राउंड में जो हल्की क्रिक क्रिक जैसी आवाज सुनाई देती है वह असल में उसी कंघी से पैदा की गई थी। यह छोटी सी ध्वनि गाने में एक अलग तरह की मस्ती और चुलबुलापन जोड़ देती है। यही वजह है कि आज भी यह गाना सुनते समय श्रोताओं को अलग आनंद मिलता है भले ही वे उस साउंड के पीछे की कहानी से अनजान हों। आरडी बर्मन की खासियत यही थी कि वे संगीत को सिर्फ सुर और ताल तक सीमित नहीं रखते थे बल्कि रोजमर्रा की चीजों को भी संगीत का हिस्सा बना देते थे। कभी पानी की छपाक, कभी कांच की बोतल की टनकार और कभी चम्मच और ग्लास की आवाजें उनके गानों में सुनाई देती थीं। उनकी यही प्रयोगधर्मिता उन्हें बाकी संगीतकारों से अलग बनाती है। आज जब लोग इस गाने को ध्यान से सुनते हैं और कंघी से निकली उस आवाज़ को पहचानने की कोशिश करते हैं तो उन्हें एहसास होता है कि पंचम दा की क्रिएटिविटी कितनी अनोखी थी। यही कारण है कि दशकों बाद भी आरडी बर्मन का संगीत उतना ही ताजा और दिलचस्प लगता है जितना अपने दौर में था।
जब शेषनाग के सेट पर भड़क गई थीं सरोज खान, रिहर्सल को लेकर रेखा से कह दी कड़वी बात

नई दिल्ली । बॉलीवुड की चमकदार दुनिया के पीछे कई ऐसे किस्से छिपे होते हैं जो समय के साथ चर्चित कहानियों में बदल जाते हैं। ऐसा ही एक दिलचस्प और भावुक किस्सा 1990 में रिलीज हुई फिल्म शेषनाग के सेट से जुड़ा हुआ है। इस फिल्म की शूटिंग के दौरान मशहूर एक्ट्रेस रेखा और दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान के बीच हुई एक घटना ने पूरे सेट का माहौल बदल दिया था। रिहर्सल को लेकर हुई इस बातचीत के बाद रेखा की आंखों में आंसू आ गए थे। दरअसल फिल्म में रेखा पर एक बेहद मुश्किल डांस नंबर फिल्माया जाना था। इस गाने की कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी सरोज खान के पास थी जो उस दौर की सबसे मशहूर और सख्त अनुशासन वाली कोरियोग्राफर मानी जाती थीं। गाने की तैयारी के लिए सरोज खान को सिर्फ तीन दिन का समय मिला था। ऐसे में उन्होंने फिल्म के प्रोड्यूसर से कहकर रेखा को रिहर्सल के लिए सेट पर बुलाने का अनुरोध किया ताकि गाने की शूटिंग से पहले डांस को पूरी तरह तैयार किया जा सके। हालांकि उस समय रेखा ने अपनी तबीयत खराब होने का हवाला देते हुए रिहर्सल में आने से मना कर दिया। बताया जाता है कि वह तीनों दिन रिहर्सल के लिए नहीं पहुंचीं। तीन दिन बाद जब गाने की शूटिंग का दिन आया तब रेखा सेट पर पहुंचीं। सरोज खान ने उन्हें फिर से रिहर्सल के लिए बुलाया लेकिन उस दिन भी रेखा ने यह कहते हुए मना कर दिया कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और आज की शूटिंग को कैंसिल कर देना चाहिए। यह बात सुनकर सरोज खान काफी नाराज हो गईं। वह सीधे रेखा के पास गईं और उनसे साफ-साफ सवाल किया कि आखिर वह रिहर्सल के लिए क्यों नहीं आ रही हैं। अपने एक पुराने इंटरव्यू में सरोज खान ने बताया था कि उन्होंने रेखा से कहा रेखा जी ऐसा लगता है कि आपको मुझसे कोई एलर्जी है। मैं आपको रिहर्सल के लिए बुलाती हूं तो आप नहीं आतीं और शूटिंग वाले दिन आती हैं तो कहती हैं कि तबीयत ठीक नहीं है। अगर आपको मेरे साथ काम नहीं करना है तो आप प्रोड्यूसर से कह सकती हैं कि डांस मास्टर बदल दिया जाए क्योंकि कुछ तो गड़बड़ जरूर है। सरोज खान की यह बात सुनकर माहौल अचानक गंभीर हो गया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने रेखा की तरफ देखा तो उनकी आंखों में आंसू थे। रेखा यह सुनकर काफी भावुक हो गई थीं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए थे। हालांकि सरोज खान ने उन्हें समझाते हुए कहा कि उन्हें नहीं लगता कि उन्होंने कुछ गलत कहा है लेकिन आज शूटिंग जरूर होनी चाहिए। इसके बाद रेखा ने खुद को संभाला और शांत स्वर में कहा मैं शूट करूंगी। इतना कहकर वह वहां से चली गईं। कुछ देर बाद रेखा की सेक्रेटरी सरोज खान के पास आईं और उनसे पूछा कि उन्होंने रेखा से आखिर क्या कह दिया है क्योंकि वह सेट पर रो रही हैं। यह घटना आज भी बॉलीवुड के उन चर्चित किस्सों में गिनी जाती है जो यह दिखाती है कि फिल्म इंडस्ट्री में काम के प्रति अनुशासन और दबाव कभी कभी बड़े कलाकारों के बीच भी भावनात्मक पल पैदा कर देते हैं।
साउथ इंडस्ट्री में गूंजी शादी की शहनाई अल्लू सिरीश ने नयनिका रेड्डी संग लिए सात फेरे

नई दिल्ली। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों खुशियों का माहौल है। सुपरस्टार अल्लू अर्जुन के छोटे भाई और अभिनेता अल्लू सिरीश ने आखिरकार अपनी लॉन्गटाइम पार्टनर नयनिका रेड्डी के साथ शादी रचा ली है। 38 साल की उम्र में उन्होंने जिंदगी के इस नए सफर की शुरुआत की। दोनों ने 6 मार्च को हैदराबाद में पारंपरिक रीति रिवाजों के साथ भव्य समारोह में सात फेरे लिए। इस शादी में फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति से जुड़ी कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं। अल्लू सिरीश के बड़े भाई अल्लू अर्जुन अपनी पत्नी स्नेहा रेड्डी और बच्चों अयान और अरहा के साथ समारोह में पहुंचे। इसके अलावा साउथ के कई दिग्गज सितारों ने भी नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। मेगास्टार चिरंजीवी भी इस खास मौके पर मौजूद रहे और उन्होंने कपल को नई जिंदगी की शुभकामनाएं दीं। वहीं तमिल सुपरस्टार सूर्या भी शादी में शामिल हुए और अल्लू सिरीश तथा नयनिका को बधाई दी। अभिनेता राम चरण ब्लैक कुर्ता सेट में अपनी दमदार मौजूदगी के साथ नजर आए और उन्होंने भी समारोह में चार चांद लगा दिए। इसके अलावा नंदमुरी कल्याण राम भी इस शादी में पहुंचे। आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम और अभिनेता पवन कल्याण भी अपनी पत्नी अन्ना लेजनेवा के साथ इस ग्रैंड वेडिंग में शामिल हुए और कपल को आशीर्वाद दिया। शादी की कई इनसाइड तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं जिनमें इंडस्ट्री के बड़े सितारे एक साथ नजर आ रहे हैं। इस शादी की एक दिलचस्प बात यह भी है कि अल्लू सिरीश और नयनिका ने शादी के लिए वही तारीख चुनी जिस दिन 15 साल पहले अल्लू अर्जुन ने स्नेहा रेड्डी से शादी की थी। यानी अब दोनों भाइयों की शादी की सालगिरह एक ही दिन मनाई जाएगी। इस खास कनेक्शन को फैंस ने भी नोटिस किया और सोशल मीडिया पर इसे लेकर खूब चर्चा हो रही है। अगर नयनिका रेड्डी की बात करें तो वह हैदराबाद की एक सफल बिजनेस प्रोफेशनल हैं और एक समृद्ध बिजनेस फैमिली से ताल्लुक रखती हैं। वह करोड़ों के कारोबार से जुड़ी हुई हैं और अब तक काफी हद तक लाइमलाइट से दूर निजी जीवन जीती रही हैं। फिल्म इंडस्ट्री से उनका कोई सीधा संबंध नहीं रहा है। हालांकि सगाई की घोषणा के बाद से वह धीरे धीरे सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आने लगीं। प्री वेडिंग फंक्शन्स में उनकी ग्रेसफुल मौजूदगी और पारंपरिक अंदाज ने फैंस का दिल जीत लिया था। अब शादी के बाद अल्लू सिरीश और नयनिका रेड्डी की यह जोड़ी सोशल मीडिया पर भी चर्चा में बनी हुई है। फैंस और फिल्मी सितारे दोनों को नई जिंदगी के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं और उनकी शादी की तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं
ट्रोलिंग के बीच अदनान शेख का बड़ा बयान पत्नी ने शादी से पहले खुद बदला धर्म किसी पर दबाव नहीं

नई दिल्ली।फेमस यूट्यूबर और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर अदनान शेख एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा विवाद है। दरअसल अदनान की शादी के समय यह आरोप लगे थे कि उन्होंने अपनी हिंदू गर्लफ्रेंड का जबरन धर्म परिवर्तन करवाया और शादी के बाद उन्हें हिजाब पहनने के लिए मजबूर किया। अब इन सभी आरोपों पर अदनान शेख ने पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है और अपनी बात सामने रखी है। हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान अदनान शेख ने कहा कि किसी का धर्म बदलवाने का अधिकार उनके पास नहीं है। उन्होंने साफ कहा कि उनकी पत्नी ने शादी से पहले ही अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन किया था। अदनान के अनुसार भारत एक ऐसा देश है जहां हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने की पूरी आजादी है और किसी को भी जबरदस्ती किसी पर फैसला थोपने का अधिकार नहीं है। अदनान ने कहा कि लोग बिना पूरी सच्चाई जाने कई तरह की बातें बना लेते हैं। उन्होंने बताया कि उनके आसपास भी ऐसे कई लोग हैं जिनके इंटरफेथ मैरिज हैं। कई परिवारों में पति हिंदू और पत्नी मुस्लिम हैं या फिर इसके उलट भी है। ऐसे में हर रिश्ते को शक की नजर से देखना सही नहीं है। अदनान का कहना है कि यह सब लोगों की छोटी सोच को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि प्यार और धर्म दोनों अलग चीजें हैं और दोनों का अपना महत्व होता है। किसी भी रिश्ते में सबसे जरूरी आपसी समझ और सम्मान होता है। उनके मुताबिक उन्होंने कभी भी अपनी पत्नी पर कोई दबाव नहीं डाला। दरअसल अदनान की पत्नी हिजाब पहनती हैं और सार्वजनिक रूप से अपना चेहरा भी नहीं दिखातीं। शादी के दौरान भी उन्होंने मास्क पहनकर ही अपना चेहरा छिपाकर रखा था। इसी वजह से सोशल मीडिया पर कई लोगों ने आरोप लगाया था कि अदनान ने उन्हें ऐसा करने के लिए मजबूर किया है। हालांकि अदनान का कहना है कि यह पूरी तरह उनकी पत्नी का व्यक्तिगत फैसला है। वह अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीना चाहती हैं और इस फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। रिपोर्ट्स के मुताबिक अदनान की पत्नी का असली नाम रिद्धि बताया जाता है। धर्म परिवर्तन के बाद उन्होंने अपना नाम आयशा शेख रख लिया था। दोनों की शादी साल 2024 में हुई थी और अब वे एक बच्चे के माता पिता भी बन चुके हैं। अदनान शेख की बात करें तो वह सोशल मीडिया की दुनिया का जाना माना नाम हैं। यूट्यूब पर उनके लाखों फॉलोअर्स हैं और वे कई म्यूजिक वीडियो और रियलिटी शोज में भी नजर आ चुके हैं। हाल ही में वह द 50 शो को लेकर सुर्खियों में हैं और इससे पहले वह बिग बॉस ओटीटी 3 में भी दिखाई दे चुके हैं। फिलहाल अदनान का कहना है कि उनकी और उनकी पत्नी की जिंदगी खुशहाल है और वे लोगों की आलोचनाओं के बजाय अपने परिवार और काम पर ध्यान देना चाहते हैं।
अयोध्या में अमिताभ बच्चन ने दो साल में चौथी जमीन खरीदी

मुंबई। अमिताभ बच्चन ने भगवान राम की नगरी में एक और जमीन खरीदकर चर्चा बटोर ली है। सदी के महानायक ने पिछले दो वर्षों में यहां चौथी बार निवेश किया है। बताया जा रहा है कि उन्होंने करीब 10,617 वर्ग मीटर जमीन लगभग 25.20 करोड़ रुपये में खरीदी है। यह जमीन The House of Abhinandan Lodha की परियोजना के पास स्थित है और सरयू नदी के तट के नजदीक विकसित हो रहे लक्जरी लैंड प्रोजेक्ट के आसपास बताई जा रही है। इस जमीन की खरीद एबी कॉर्प लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश ऋषिकेश यादव ने पावर ऑफ अटॉर्नी के जरिए पूरी की। अयोध्या में तेजी से बढ़ रहा निवेश राम मंदिर अयोध्या के निर्माण और उद्घाटन के बाद से अयोध्या में पर्यटन, कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर तेजी से विकसित हो रहा है। इसी वजह से बड़े उद्योगपति और फिल्मी हस्तियां भी यहां रियल एस्टेट में निवेश कर रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में अयोध्या सिर्फ धार्मिक पर्यटन ही नहीं बल्कि रियल एस्टेट निवेश का भी बड़ा केंद्र बन सकता है। पहले कहां-कहां खरीदी जमीन? अमिताभ बच्चन इससे पहले भी अयोध्या में तीन प्लॉट खरीद चुके हैं। 2024: The Sarayu Project Ayodhya में लगभग 10,000 वर्ग फुट का प्लॉट करीब 14.5 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2025: सरयू नदी के पास ही 25,000 वर्ग फुट का प्लॉट लगभग 40 करोड़ रुपये में लिया। 2025: उसी क्षेत्र के पास एक और जमीन में निवेश किया गया था, जो सरयू तट के आसपास विकसित हो रही परियोजनाओं से जुड़ी बताई जाती है। 2026 (नया सौदा): सरयू किनारे के पास लक्जरी प्रोजेक्ट के आसपास 10,617 वर्ग मीटर जमीन 25.20 करोड़ रुपये में खरीदी गई है। यूपी से खास जुड़ाव अमिताभ बच्चन का उत्तर प्रदेश से पुराना रिश्ता है। उनका पैतृक संबंध Prayagraj से रहा है। ऐसे में अयोध्या में लगातार निवेश को उनके यूपी से भावनात्मक जुड़ाव के तौर पर भी देखा जा रहा है। बताया जा रहा है कि अयोध्या में तेजी से विकसित हो रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और पर्यटन के कारण यहां जमीन की कीमतों में भी लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे बड़े निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती जा रही है।
सोनू सूद के ऑफिस पहुंचे राजपाल यादव ने एक्टर को लगाया गले

मुंबई। बॉलीवुड एक्टर राजपाल यादव ने सोनू सूद के ऑफिस जाकर उनसे मुलाकात की है। सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है। दोनों ने पैपराजी के सामने हंसकर पोज दिए। राजपाल यादव इस समय बेल पर जेल से बाहर हैं। अब एक्टर का एक नया वीडियो सामने आया है जिसमें उन्हें एक्टर सोनू सूद के साथ पोज देते हुए देखा जा सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक राजपाल ने सोनू सूद के ऑफिस जाकर उनसे मुलाकात की। वीडियो में देखा जा सकता है कि दोनों एक्टर बाहर आते हैं, मुस्कुराते हैं, एक दूसरे को गले लगाते हैं और पैपराजी के सामने पोज देकर चले जाते हैं। सोशल मीडिया पर ये वीडियो वायरल हो रहा है। राजपाल ने दिया था ऐसा बयान पिछले महीने फरवरी में दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद राजपाल यादव ने चेक बाउंस मामले में खुद को सरेंडर कर दिया था। इसी के बाद सोनू सूद वो पहले शख्स थे जिन्होंने एक्टर के समर्थन में ट्वीट किया और उन्हें अपनी फिल्म में कास्ट किए जाने के बारे में लिखा था। सोनू ने अन्य लोगों से भी मदद कर उन्हें एडवांस पेमेंट करने की बात कही थी। एक्टर की इस मुहीम के बाद कई सेलेब्रिटी आगे आए और राजपाल यादव को मदद ऑफर की। हालांकि, जब राजपाल यादव बाहर आए तो उन्होंने उलट बयान देते हुए सभी को हैरान कर दिया। राजपाल ने कहा कि उन्हें लेकर गलतफहमी है कि उनके पास काम नहीं है। एक्टर ने ये भी कहा कि उनके पास आने वाले सालों में 1200 करोड़ का काम है और जब से वो इंडस्ट्री में हैं काम की कमी नहीं हुई। सोनू सूद और राजपाल यादव की मुलाकात राजपाल के इस बयान पर सोनू सूद ने अपना रिएक्शन दिया था। एक्टर ने कहा था कि उन्होंने कभी भी ये नहीं कहा कि एक्टर के पास काम नहीं है। उन्होंने बस एडवांस पैसे देकर मदद करने की बात कही थी। इन बयानों के बाद लग रहा था कि शायद ये दोनों एक्टर साथ नहीं नजर आएंगे। लेकिन राजपाल यादव वर्सोवा में सोनू सूद के प्रोडक्शन हाउस शक्ति सागर पहुंच गए। दोनों एक्टर्स ने मुलाकात की और फिर पैपराजी के सामने पोज भी दिए। इस मुलाकात की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। हालांकि, ये मीटिंग उनकी आने वाली फिल्म से जुड़ी थी या वजह कुछ और थी? इस बारे में कोई जानकारी नहीं सामने आई है। दोनों एक्टर्स को साथ देखकर फैंस खुश हैं। मदद करने वालों के पैसे वापस करेंगे राजपाल राजपाल यादव ने चेक बाउंस केस में बेल पर बाहर हैं। एक्टर पर 9 करोड़ का कर्जा था। इस पूरे मामले पर उन्होंने हाल की प्रेस कांफ्रेंस में अपना पक्ष रखा था। एक्टर ने मदद करने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा उनके पैसे चुकाने की बात कही थी।
BADSHAH SONG CONTROVERSY: रैपर बादशाह के ‘टटीरी’ गाने पर विवाद, हरियाणा में FIR दर्ज; जानिए क्या है पूरा मामला

BADSHAH SONG CONTROVERSY: मुंबई। मशहूर रैपर और सिंगर Badshah अपने नए हरियाणवी गाने Tattiri को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इस गाने के खिलाफ हरियाणा में शिकायत दर्ज होने के बाद पंचकुला के सेक्टर-20 स्थित साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गाने के म्यूजिक वीडियो में इस्तेमाल किए गए शब्दों, इशारों और कुछ विजुअल्स पर आपत्ति जताई गई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म में दिखाई गई लड़कियों के साथ कुछ दृश्य और जेस्चर आपत्तिजनक हैं, जो समाज में गलत संदेश दे सकते हैं।इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला पुलिस ने शिकायत के आधार पर बादशाह के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 296 और Indecent Representation of Women (Prohibition) Act, 1986 की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि गाने के जरिए अश्लीलता को बढ़ावा दिया गया और महिलाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला आयोग में भी पहुंची शिकायत बताया जा रहा है कि पानीपत की सविता आर्य और रोहतक के वकील राज नारायण पंघाल ने भी इस गाने के खिलाफ अलग-अलग शिकायतें दर्ज कराई हैं। सविता आर्य ने हरियाणा महिला आयोग में शिकायत की, जबकि पंघाल ने राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग में मामला उठाया है। शिकायतकर्ताओं ने गाने की एक लाइन—“आया बादशाह डोली चढ़ाने, इन सबकी घोड़ी बनाने”—पर भी आपत्ति जताई है। 13 मार्च को होगी सुनवाई रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में बादशाह को 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे सुनवाई के लिए पानीपत में बुलाया गया है।