Chambal River: मुरैना। चंबल नदी में स्नान करने उतरे 18 वर्षीय युवक को तेज बहाव बहा ले गया। हादसा मुरैना जिले के चिन्नोनी इलाके के कर्जन घाट पर हुआ। युवक राजस्थान के भरतपुर से बाबू महाराज धार्मिक स्थल पर अपने देवताओं को स्नान कराने आया था।
घटना रविवार दोपहर की है। ग्रामीणों ने युवक को पानी (Chambal River) में बहते देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। इसके बाद SDRF टीम को बुलाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। लेकिन करीब 20 घंटे बीत जाने के बाद भी युवक का कोई पता नहीं चल सका है।
कौन है युवक?
डूबे युवक की पहचान भरतपुर निवासी निशांत पुरी (18) के रूप में हुई है। दर्शन करने के बाद वह चंबल नदी (Chambal River) में स्नान करने गया और अचानक तेज धारा में बह गया।
पुलिस का बयान
चिन्नोनी थाना प्रभारी शंभुदयाल बॉथम ने बताया कि “युवक निशांत पुरी राजस्थान का रहने वाला है। रविवार शाम से SDRF टीम नदी में तलाश कर रही है। अभी तक युवक का पता नहीं चला। रेस्क्यू जारी है।”