CM Mohan Yadav’s Visit To Ashoknagar: अशोकनगर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को अशोकनगर जिले के रूसल्ला गांव का दौरा करेंगे। इस अवसर पर वे पूर्व सांसद डॉ. केपी यादव के पिता स्वर्गीय रघुवीर सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।
मुख्यमंत्री दोपहर 12:20 बजे भोपाल से हेलीकॉप्टर के माध्यम से रवाना होंगे। लगभग 1:00 बजे रूसल्ला गांव पहुंचेंगे। कार्यक्रम स्थल के पास एक किलोमीटर दूर हेलीपेड तैयार किया गया है, जहां से वे कार के माध्यम से कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे।
फूलों की वर्षा से होगा भव्य स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के स्वागत को लेकर रूसल्ला गांव में विशेष तैयारियां की गई हैं। उनके आगमन पर मार्ग में स्थानीय नागरिक पारंपरिक अंदाज़ में स्वागत करेंगे, वहीं जेसीबी मशीन से पुष्पवर्षा कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम स्थल पर एक जनसभा का आयोजन भी किया गया है, जहां मुख्यमंत्री जनता को संबोधित करेंगे। डॉ. यादव का रूसल्ला में कुल एक घंटा 20 मिनट का प्रवास निर्धारित है। वे दोपहर 2:20 बजे पुनः हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना होंगे। इस महत्वपूर्ण दौरे को सफल बनाने के लिए बीते कई दिनों से प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों की टीम तैयारियों में जुटी हुई थी।
गुरुवार देर रात कलेक्टर आदित्य सिंह एवं पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।