Cricket World Cup 2025: इंदौर | एक शर्मनाक घटना सामने आई है जिसने इंदौर की छवि को इंटरनेशनल लेवल पर खराब कर दिया है। ऑस्ट्रेलियाई टीम की दो महिला खिलाड़ी, जो महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप में हिस्सा लेने शहर में आई थीं, छेड़छाड़ की घटना का शिकार हुईं।
कैफे जाते वक्त हुई वारदात
जानकारी के मुताबिक, दोनों महिला खिलाड़ी होटल रेडिसन ब्लू से पैदल एक कैफे जा रही थीं। इसी दौरान खजराना रोड पर बाइक सवार युवक ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने न केवल पीछा किया बल्कि एक खिलाड़ी को गलत तरीके से छूने की कोशिश भी की।
डरी-सहमी खिलाड़ियों ने तत्काल अपनी टीम के सिक्योरिटी ऑफिसर डैनी सिमंस को लाइव लोकेशन और SOS सिग्नल भेजा। कुछ ही मिनटों में भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों देशों की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं।
आरोपी अकील गिरफ्तार
एमआईजी पुलिस ने सिक्योरिटी ऑफिसर की शिकायत पर बीएनएस की धारा 74 और 78 के तहत केस दर्ज कर आरोपी अकील को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी खजराना निवासी है ।
सुरक्षा इंतजाम पर उठे सवाल
घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त होटल रेडिसन ब्लू के आसपास सुरक्षा के नाम पर केवल कागजी इंतजाम थे। न वहां महिला पुलिसकर्मी तैनात थीं, न पर्याप्त बल मौजूद था। विदेशी खिलाड़ियों की मौजूदगी के बावजूद पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था नाकाम साबित हुई।
कमिश्नर ने लगाई फटकार
घटना के बाद पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने इंटेलिजेंस टीम को कड़ी फटकार लगाई और विजयनगर, एमआईजी, खजराना, परदेशीपुरा और कनाडिया थाना पुलिस की संयुक्त टीम बनाई। जांच में यह सामने आया कि खिलाड़ी अकेले होटल से बाहर निकली थीं और रास्ते में कोई सुरक्षा तैनात नहीं थी।
महिला अफसरों ने दर्ज किए बयान
एसीपी हिमानी मिश्रा और एसआई निधि रघुवंशी ने दोनों खिलाड़ियों से मुलाकात कर बयान दर्ज किए। खिलाड़ियों ने अंग्रेजी में लिखे आवेदन में पूरी वारदात बताई। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी शराब के नशे में था और बार-बार उन्हें छूने की कोशिश कर रहा था। एक स्थानीय व्यक्ति की सूझबूझ से बाइक का नंबर नोट किया गया, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।
READ MORE: अशोकनगर में मंगेतर पर दुष्कर्म का आरोप, शादी का झांसा देकर बनाए संबंध…