Dindori News : डिंडोरी जिले के मेहंदवानी थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की रात एक सनसनीखेज हत्या ने पूरे गांव को दहशत में डाल दिया। कोड़ाझिर गांव में अपने मकान में अकेले सो रहे 55 वर्षीय सुबल शाह धुर्वे की किसी अज्ञात हमलावर ने धारदार हथियार से हत्या कर दी। कान के पास वार इतना गहरा था कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
Read More: मुरैना में बिजली समाधान योजना से 2260 उपभोक्ताओं को राहत
दरवाजा नहीं होने का मिला फायदा
परिवार के अनुसार रात करीब 11:30 बजे हल्की आवाज सुनाई दी। जब पत्नी और बच्चों ने बाहर आकर देखा तो सुबल खून से लथपथ पड़े थे। घर का एक हिस्सा बिना दरवाजे का था, जहां से आरोपी आसानी से अंदर घुसा। घर गांव की बस्ती से थोड़ा दूर था और आसपास सिर्फ एक मकान होने के कारण किसी को चीख-पुकार भी सुनाई नहीं दी। हमलावर वार करके चुपचाप अंधेरे में गायब हो गया।
परिजन दूसरे कमरे में सो रहे थे
घटना के वक्त सुबल की पत्नी, बेटा और बेटी दूसरे कमरे में सो रहे थे। सुबह होते ही परिजनों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मेहंदवानी पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
Read More: मध्यप्रदेश में ठंड का प्रकोप बढ़ा, भोपाल का 84 साल पुराना रिकॉर्ड टूटा
हत्या के कारणों की जांच
थाना प्रभारी श्याम सुंदर उसराठे ने बताया कि अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 302 के तहत केस दर्ज किया गया है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हत्या व्यक्तिगत रंजिश, चोरी या किसी पुराने विवाद से जुड़ी है या नहीं।
पुलिस की तलाश जारी
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में सर्च कर रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके पर जांच में जुटी है। आरोपी के जल्द पकड़ में आने की उम्मीद जताई जा रही है।
Read More: तिरपाल से ढंके कंटेनर में लकड़ी की तस्करी का खुलासा