Electricity Company Disconnected 400 Illegal Connections: शिवपुरी रोड स्थित बिजली घर के सामने मंगलवार दोपहर अफरा-तफरी मच गई। बता दें विद्युत विभाग की टीम ने बालापुरा रोड तिराहे के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए सैकड़ों अवैध कनेक्शन काट दिए और तारों को ज़ब्त कर लिया।
अवैध कनेक्शन से सप्लाई
बताया जा रहा है कि जब्त किए गए तारों के माध्यम से वार्ड क्रमांक 5 की बस्ती में रहने वाले लोग लंबे समय से अवैध रूप से बिजली की आपूर्ति ले रहे थे। जैसे ही बिजली कंपनी की टीम ने कार्रवाई कर इन कनेक्शनों को काटा, पूरे बालापुरा क्षेत्र की बिजली सप्लाई बाधित हो गई।
इससे नाराज़ स्थानीय लोग बड़ी संख्या में बिजली घर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात करीब आधे घंटे तक ठप रहा।
कार्रवाई के बाद इलाके में हंगामा
मौके पर पुलिस बल की मौजूदगी के बावजूद प्रदर्शन कर रहे लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। नाराज भीड़ ने बिजली कंपनी की कार्रवाई का विरोध करते हुए कंपनी के पिकअप वाहन में लादे गए जब्त तारों को उतार लिया। स्थिति को संभालने में अधिकारियों को खासी मशक्कत करनी पड़ी, लेकिन तनावग्रस्त माहौल देर तक बना रहा।
जेई का बयान
बिजली कंपनी के जूनियर इंजीनियर (जेई) अक्षय सिंह ने बताया कि विभाग की ओर से अवैध कनेक्शन हटाने और बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है।
मंगलवार को धानमिल और बालापुरा इलाके में बड़ी संख्या में अवैध कनेक्शन काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने बिल का भुगतान नहीं किया है या जो बिना अनुमति बिजली का उपयोग कर रहे हैं, उन सभी पर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।