Guna News: गुना जिले के मृगवास थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्थान सीमा से दो तस्करों को गिरफ्तार किया है, जो अवैध रूप से स्मैक की तस्करी कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से 20.14 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
साथ ही तस्करी में उपयोग की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है, जिसकी कीमत लगभग 70 हजार रुपये है। कुल मिलाकर 2.70 लाख रुपये का मादक पदार्थ व अन्य सामान जब्त किया गया है।
पुलिस ने ऐसे बिछाया था जाल
इस कार्रवाई की शुरुआत मुखबिर की सूचना से हुई, जिसमें बताया गया था कि दो युवक राजस्थान की ओर से स्मैक लेकर बाइक पर मध्यप्रदेश में प्रवेश कर रहे हैं। सूचना मिलते ही मृगवास पुलिस की टीम ने सानई चौकी से रवाना होकर झिरी तिराहे पर घेराबंदी की।
कुछ ही देर में बताए गए हुलिए के अनुसार दो युवक बाइक पर आते दिखे, जिन्हें रोककर पूछताछ की गई। पूछताछ में युवकों ने अपना नाम सूरज शर्मा (23) निवासी छत्री फक्कड़ कॉलोनी, शिवपुरी और सत्येन्द्र सिंह उर्फ दीपू (48) निवासी सुभाष कॉलोनी, शिवपुरी बताया।
20.14 ग्राम स्मैक बरामद
पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली, तो 20.14 ग्राम स्मैक बरामद हुई। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी के पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह स्मैक कहां से लाई गई थी और किन इलाकों में सप्लाई की जानी थी। पुलिस को संदेह है कि दोनों आरोपी किसी बड़े ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हो सकते हैं।
READ MORE: मध्यप्रदेश का ये ज़िला निकला No.1, जानिए किसने मारी बाज़ी, कौन रह गया सबसे पीछे?