ग्वालियर : एक युवक ने अपनी पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी ने 315 बोर के कट्टे से एक के बाद एक पांच गोलियां चलाईं। इनमें से चार गोलियां महिला को लगीं, जबकि एक सड़क पर जा धंसी। गोली लगने के बाद पत्नी तड़पती रही। इसी दौरान आरोपी पति हाथ में कट्टा लिए ‘अरविंद ठाकुर’ नाम की फेसबुक आईडी से लाइव आकर वारदात का कबूलनामा करता रहा।
फेसबुक लाइव के दौरान आरोपी ने लगाए गंभीर आरोप
वारदात के तुरंत बाद आरोपी ने फेसबुक पर लाइव आकर अपना पक्ष रखा। उसने पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए।
वीडियो में आरोपी कहता है, “भाइयों, इसने मुझ पर अपने बॉयफ्रेंड अंकुश पाठक और कल्लू के कहने पर झूठा केस दर्ज कराया है। यह महिला बेहद झूठी है। इसके कई लोगों से संबंध हैं। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।”
टियर गैस फायरिंग के बाद आरोपी गिरफ्तार
घटना के कुछ देर बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नियंत्रण पाया। आरोपी को काबू में करने के लिए टियर गैस का इस्तेमाल करना पड़ा, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उधर, घायल महिला को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया। वहीं, उसके कथित बॉयफ्रेंड्स अंकुश और कल्लू भी अस्पताल पहुंच गए।
अस्पताल में अंकुश ने बताया, “हम एसपी ऑफिस में अरविंद परिहार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर लौट रहे थे। तभी रास्ते में अरविंद ने हमला कर दिया। हम डरकर वहां से भाग गए। उसी दौरान उसने नंदिनी को गोली मार दी।”
बॉयफ्रेंड का दावा
घटना 13 सितंबर (शुक्रवार) दोपहर की है, जब नंदिनी अपने दो साथियों अंकुश पाठक और कल्लू पंचाल के साथ थी। इसी दौरान आरोपी अरविंद ने रास्ता रोककर नंदिनी पर 315 बोर का कट्टा तान दिया। हालात बिगड़ते देख अंकुश और कल्लू मौके से भाग गए। बाद में जब नंदिनी को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, तो दोनों युवक भी वहां पहुंच गए।
अस्पताल में अंकुश ने बताया कि वे एसपी ऑफिस में अरविंद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराकर लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हमला हुआ।
चौथे बॉयफ्रेंड की हत्या में जा चुकी है जेल
आरोपी अरविंद द्वारा दिए गए आवेदनों के मुताबिक, नंदिनी केवट झांसी के चिरगांव की रहने वाली थी। अरविंद से उसका पांचवां प्रेम संबंध था। इससे पहले उसकी शादी लगभग 10 साल पहले दतिया के कैरोना धार गांव निवासी गोटीराम केवट से हुई थी। शादी के बाद उसके अपने पति के कुछ दोस्तों छोटू केवट, निमलेश सेन और फिरोज खान से भी संबंध रहे।
साल 2017 में नंदिनी ने अपने चौथे प्रेमी के साथ मिलकर बॉयफ्रेंड निमलेश सेन की हत्या कर दी थी। यह वारदात दतिया में हुई थी। हत्या के आरोप में नंदिनी को 4 साल 6 महीने जेल की सजा भुगतनी पड़ी। वर्ष 2022 में रिहा होने के बाद वह ग्वालियर आ गई, जहां उसने एक ब्यूटी पार्लर खोल लिया था।
थानों में दर्ज हुए कई मामले
वर्ष 2022-23 में नंदिनी केवट की ठेकेदार अरविंद परिहार से जान पहचान हुई, जिसके बाद दोनों के बीच प्यार हुआ। उन्होंने लव मैरिज कर ली। शादी के बाद परिवारों से अलग होकर वे मुरार के ऑरेंजवुड इलाके में किराए के फ्लैट में 2 से 3 साल तक साथ रहे।
अपराधी अरविंद ने पूछताछ में बताया कि बिना परिवार को बताए 2023 में मुरार के आर्य समाज मंदिर में नंदिनी से शादी की थी। हालांकि, बिना तलाक लिए ही दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में थे। कुछ ही समय बाद उनके बीच विवाद शुरू हो गए।
इन विवादों के चलते नंदिनी ने सिरोल थाना और विश्वविद्यालय थाना में अरविंद के खिलाफ तीन मामले दर्ज कराए, जिनमें 17 नवंबर 2024 को सिरोल थाने में दर्ज एक केस भी शामिल है, जिसमें अरविंद पर कार से कुचलने का आरोप है।