IND vs AUS T20: कैनबरा। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया। बुधवार को खेले गए मैच में बार-बार हो रही बारिश के कारण खेल दो बार बाधित हुआ और आखिरकार मुकाबला बेनतीजा घोषित कर दिया गया।
मैच रोके जाने तक टीम इंडिया ने 9.4 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर 97 रन बना लिए थे। कप्तान सूर्यकुमार यादव बेहतरीन लय में नजर आए और 39 रन पर नाबाद रहे, जबकि शुभमन गिल ने 37 रन की पारी खेली। दोनों के बीच शानदार साझेदारी देखने को मिली। वहीं, ओपनर अभिषेक शर्मा 19 रन बनाकर नाथन एलिस की गेंद पर टिम डेविड के हाथों कैच आउट हुए।
बारिश रुकने की उम्मीद के बावजूद मौसम ने साथ नहीं दिया, जिससे मैच को रद्द करना पड़ा। अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का दूसरा टी20 मुकाबला 31 अक्टूबर को मेलबर्न में खेला जाएगा।
इससे पहले वनडे सीरीज में भारत को 1-2 से हार का सामना करना पड़ा था। हालांकि, सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 9 विकेट से जीत दर्ज की थी, जिसमें रोहित शर्मा (121 रन) और विराट कोहली (74 रन नाबाद) ने शानदार पारियां खेली थीं।
READ MORE: कैसी है श्रेयस अय्यर की हालत ? परिवार जल्द पहुंचेगा ऑस्ट्रेलिया…