Hockey Asia Cup 2025 Final: भारत ने मेंस हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब अपने नाम कर लिया है। रविवार को बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डिफेंडिंग चैंपियन साउथ कोरिया को 4-1 से करारी शिकस्त दी। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने चौथी बार एशिया कप का ताज अपने सिर सजाया। साथ ही 2026 में होने वाले हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
भारत ने बनाई अजेय बढ़त
भारत ने फाइनल मैच की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सुखजीत सिंह ने पहले ही मिनट में गोल करके टीम को बढ़त दिला दी। इसके बाद दूसरे क्वार्टर में दिलप्रीत सिंह ने गोल करके स्कोर 2-0 कर दिया। दिलप्रीत यहीं नहीं रुके, उन्होंने तीसरे क्वार्टर में एक और शानदार गोल दागा जिससे भारत की पकड़ मजबूत हो गई। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 4-0 कर दिया। हालाँकि, दक्षिण कोरिया की ओर से एकमात्र सांत्वना गोल सोन द्यून ने किया।
चौथी बार बना एशिया कप विजेता
टीम इंडिया ने एशिया कप के फाइनल में 5 बार की चैंपियन साउथ कोरिया को हराकर चौथी बार खिताब अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने 2017 में मलेशिया को फाइनल में शिकस्त देकर एशिया कप जीता था। दिलचस्प बात यह रही कि कोरिया दूसरी बार रनर-अप बनी है। 2007 में भी उसे फाइनल में भारत से ही हार झेलनी पड़ी थी।
पहले ही मिनट में सुखजीत का गोल
मैच की शुरुआत से ही टीम इंडिया ने आक्रामक रुख अपनाया। पहले क्वार्टर के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार फील्ड गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी। 9वें मिनट में भारत को एक सुनहरा मौका मिला जब उसे पेनल्टी स्ट्रोक मिला, लेकिन जुगराज सिंह गोल करने में नाकाम रहे। इसके बावजूद पहले क्वार्टर के अंत तक भारत ने 1-0 की बढ़त बनाए रखी ।