Morena News: मुरैना। जिले में अवैध शराब कारोबार ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। 2021 के जहरीली शराब कांड के बाद जहां अवैध कारोबार पर लगाम लगी थी। वहीं अब फिर से तस्कर सक्रिय हो गए हैं। पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, जबकि आबकारी विभाग की भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
लोगों का कहना है कि भोपाल के बाद सबसे महंगे शराब ठेके मुरैना में हैं। इसलिए अवैध कारोबारियों के लिए यहां कमाई का बड़ा दायरा बना हुआ है।
2021 हादसे की याद (Morena News)
जनवरी 2021 में मुरैना के छैरा गांव में जहरीली शराब पीने से 24 लोगों की मौत हो गई थी। कई पीड़ितों की पहले आंखों की रोशनी गई। फिर उनकी जान चली गई। उस समय सरकार ने तत्कालीन कलेक्टर और एसपी को हटाया था। अब फिर से हालात वैसी ही दिशा में जाते दिख रहे हैं।
एसपी समीर सौरभ ने कहा:
“अवैध शराब की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए जिले के सभी थानों को निर्देश दिए गए हैं। अब तक 219 आरोपी गिरफ्तार किए और करीब 2.81 करोड़ की शराब जब्त की है। अभियान लगातार जारी रहेगा।”
आबकारी प्रभारी जितेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा:
“पुलिस के पास बल ज्यादा होता है, हमारे पास नहीं। ग्रामीण क्षेत्रों में तस्करों से विरोध झेलना पड़ता है, गोलीबारी की आशंका रहती है। सीमित संसाधनों में जितनी सख्त कार्रवाई हो सकती है, कर रहे हैं। आगे भी जारी रहेगी।”