MP 70th Foundation Day :भोपाल। मध्य प्रदेश 1 नवंबर को अपना 70वां स्थापना दिवस मनाएगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय आयोजन भोपाल के लाल परेड ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम ‘उद्योग और रोजगार’ रखी गई है, जिसके तहत राज्य की प्रगति, सांस्कृतिक विरासत और नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा।
तीन दिन चलेगा भव्य आयोजन
कार्यक्रम में बहुरंगी शिल्प मेला, नाटक, जनजातीय लोक नृत्य, सुगम संगीत और ड्रोन शो मुख्य आकर्षण रहेंगे। मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) पहली बार तकनीकी मार्गदर्शन दे रही है। ड्रोन शो में MP की स्थापत्य कला, आध्यात्मिक विरासत, पर्यटन और जनजातीय सभ्यता को आधुनिक तकनीक के जरिए दिखाया जाएगा।
मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि इस अवसर पर आत्मनिर्भर भारत और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश की योजनाओं, नवाचारों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाए। कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राही भी शामिल होंगे।
‘विरासत से विकास तक’ प्रदर्शनी
इस आयोजन में ‘विरासत से विकास तक’ थीम पर विशेष प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें जन नायकों के जीवन, सम्राट विक्रमादित्य-अयोध्या के सिक्के, मंदिर स्थापत्य और भारतीय ऋषि परंपरा को दिखाया जाएगा। साथ ही वन मेला, ड्रोन टेक वर्कशॉप, पारंपरिक कला प्रदर्शनी और देशज व्यंजनों का मेला भी आकर्षण का केंद्र होंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में जुबिन नौटियाल की प्रस्तुति
1 नवंबर को ‘अभ्युदय मध्य प्रदेश’ कार्यक्रम के तहत पार्श्व गायक जुबिन नौटियाल भक्ति पदों की प्रस्तुति देंगे। इस दिन ड्रोन शो और आतिशबाजी से आकाश जगमगाएगा। वहीं 2 और 3 नवंबर को महानाट्य ‘सम्राट विक्रमादित्य’ और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी।
READ MORE: रिनिया गांव में हिंसा का मामला दर्ज, हत्या के बाद भड़की थी आगजनी..