Chambalkichugli.com

MP Accident: श्रद्धालुओं से भरी बस होटल में घुसी, 25 से अधिक घायल

Shivpuri News

MP Accident: ओंकारेश्वर। मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर-मोरटक्का सड़क मार्ग पर गुरुवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित निजी होटल में जा घुसी। हादसे में 25 से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

होटल का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त

हादसा ऋतंभरा जी के आश्रम के सामने हुआ, जब बस क्रमांक एमएच-40 वाय 6568 ओंकारेश्वर से इंदौर की ओर जा रही थी। बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस का अचानक संतुलन बिगड़ गया और ड्राइवर उसे नियंत्रित नहीं कर पाया। बस सड़क किनारे स्थित हरिराम यादव के होटल में जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि होटल का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और यात्रियों को बस से बाहर निकालकर ओंकारेश्वर के शासकीय अस्पताल पहुँचाया। जिन यात्रियों की हालत गंभीर थी, उन्हें खंडवा और इंदौर रेफर किया गया।

पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई

थाना प्रभारी अनोख सिंधिया अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। होटल मालिक हरिराम यादव ने बताया कि “बस इतनी तेजी से आई कि होटल की दीवार तोड़ते हुए अंदर घुस गई। भगवान की कृपा से मैं बच गया। बस में बैठे कई श्रद्धालु घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुँचाया गया।”

आखिर क्या है वजह

स्थानीय लोगों का कहना है कि सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के दौरान ओंकारेश्वर से मोरटक्का मार्ग पर निर्माण कार्य जारी है। कई स्थानों पर सड़क संकरी है और गड्ढे साथ ही अधूरे निर्माण कार्य खुले पड़े हैं। लोग दावा कर रहे हैं कि सड़क की दुर्दशा के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *