MP Accident News : बड़वानी। मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में नर्मदा परिक्रमा करने वाले यात्रियों से भरी स्लीपर बस पलटने से बड़ा हादसा हो गया। बोकराटा–खेतिया मार्ग पर शुक्रवार सुबह डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर खाई की तरफ झुकते हुए पलट गई। हादसे में 30 से अधिक तीर्थयात्री घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और पुरुष शामिल हैं।
घटना सुबह करीब 9:30 बजे ग्राम बायगौर के पास सामने आई। बस एमपी 46 जेडपी 7986 बोकराटा से खेतिया की ओर जा रही थी। यात्रियों का दल ओंकारेश्वर से बड़वानी पहुंचने के बाद महाराष्ट्र स्थित प्रकाशपुर के लिए निकला था। गुरुवार शाम रोहिणी तीर्थ पर आरती और पूजन के बाद रात में बोकराटा में रुके थे।
हादसे के तुरंत बाद ग्रामीणों ने राहत कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल तीर्थयात्रियों को खेतिया अस्पताल भेजा गया। कई यात्रियों का मौके पर प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल किसी मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं है। बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। पानसेमल से क्रेन बुलाई गई है ताकि बस को सीधा किया जा सके और मार्ग साफ हो सके।
दुर्घटना स्थल पहाड़ी और घुमावदार क्षेत्र में है। मोबाइल नेटवर्क की कमी से पुलिस और राहत दल को संपर्क में परेशानी आ रही है। बस में यात्रियों की कुल संख्या और सभी यात्रियों का विस्तृत विवरण मिलने का इंतजार है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
READ MORE: लव जिहाद पीड़िता का अंतिम संस्कार होते ही खंडवा में उबाल, माहौल बिगड़ने का खतरा