MP CM Mohan Yadav Govt Loan : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार एक नवंबर को होने वाले स्थापना दिवस से पहले 5200 करोड़ रुपए का नया कर्ज लेने जा रही है। यह कर्ज मंगलवार को लिया जाएगा, जिसका भुगतान 29 अक्टूबर को सरकार को होगा। बताया जा रहा है कि इस राशि का उपयोग लाड़ली बहना योजना, विकास परियोजनाओं और स्थापना दिवस से जुड़ी तैयारियों के भुगतान के लिए किया जाएगा।
सरकार द्वारा लिए जा रहे इस कर्ज में पहली किश्त 2700 करोड़ रुपए और दूसरी 2500 करोड़ रुपए की होगी। यह चालू वित्त वर्ष का 20वां और 21वां कर्ज होगा। इस ऋण के साथ ही मौजूदा वित्त वर्ष में राज्य का कुल कर्ज बढ़कर 42,600 करोड़ रुपए तक पहुंच जाएगा।
जानकारी के अनुसार, पहली 2700 करोड़ की राशि 21 साल के लिए ली जा रही है, जिसका ब्याज अक्टूबर 2046 तक चुकाना होगा। वहीं दूसरी 2500 करोड़ की राशि 22 साल के लिए होगी, जिसका ब्याज भुगतान अक्टूबर 2047 तक किया जाएगा।
सरकार का कहना है कि यह कर्ज केंद्र सरकार की अनुमति से भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के माध्यम से लिया जा रहा है। यह राशि “कैपिटल एक्सपेंडिचर ऑन प्रोडक्टिव स्कीम” के तहत स्वीकृत की गई है। इन योजनाओं में सिंचाई परियोजनाएं, पावर प्रोजेक्ट्स और कम्युनिटी डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स शामिल हैं।
देवउठनी एकादशी और मध्य प्रदेश स्थापना दिवस से पहले सरकार इस बड़े कर्ज के जरिए विभिन्न परियोजनाओं और जनकल्याण योजनाओं के भुगतान पूरे करने की तैयारी में है।
READ MORE: मध्य प्रदेश के 44 जिलों में चक्रवात ‘मोन्था’ का असर, कई जगहों पर भारी बारिश का अलर्ट जारी