MP Farmers Relief: भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसानों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है। अतिवृष्टि, बाढ़, पीला मोजैक और कीट प्रकोप से फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने अब तक प्रदेश के 23 लाख 81 हजार से अधिक किसानों को लगभग 1802 करोड़ रुपए की राहत राशि वितरित की है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आरबीसी 6(4) के तहत दी गई यह राहत राशि किसानों के लिए बड़ी मदद साबित हुई है। उन्होंने कहा कि यह राशि पिछले वित्त वर्ष 2024-25 में वितरित 660.57 करोड़ रुपए से करीब तीन गुना अधिक है।
डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए हर संभव कदम उठाए हैं। वित्त वर्ष 2021-22 में 1590.74 करोड़, 2022-23 में 726.15 करोड़ और 2023-24 में 758.62 करोड़ रुपए राहत राशि के रूप में किसानों को दी गई थी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अतिवृष्टि, बाढ़, पीला मोजैक और कीट व्याधि से प्रभावित 23.81 लाख किसानों को 1623.51 करोड़ रुपए तथा प्राकृतिक आपदा से हुई अन्य क्षतियों की पूर्ति के लिए 178.45 करोड़ रुपए वितरित किए गए हैं। इस प्रकार कुल 1802 करोड़ रुपए की राशि किसानों तक पहुंचाई गई है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा, “अन्नदाता किसानों के लिए सरकार के खजाने में धन की कोई कमी नहीं है। किसान किसी भी प्राकृतिक आपदा में अकेले नहीं रहेंगे। उनकी हर मुश्किल में सरकार उनके साथ है।”
उन्होंने आगे कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी, बिजली, शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, फसलों पर समर्थन मूल्य और फसल बीमा की राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया गया है।
READ MORE: MP सरकार का बड़ा ऐलान, लाड़ली बहनों के खातों में फिर आएंगे ₹1500