MP Foundation Day 2025: मध्यप्रदेश अपने 70वें स्थापना दिवस पर ऐतिहासिक जश्न के लिए तैयार है. 1 नवंबर को भोपाल स्थित लाल परेड ग्राउंड में भारत का शानदार ड्रोन शो देखने को मिलेगा. नई दिल्ली की बॉटलैब डायनेमिक्स टीम लगभग 2 हजार ड्रोन के साथ 15 मिनट का अनोखा प्रदर्शन करेगी जिसमें ‘मध्यप्रदेश के विकास की विरासत’ को शानदार विजुअल्स के जरिए दिखाया जाएगा.
ड्रोन शो में महाकाल मंदिर का शिखर, ज्योतिर्लिंग की दिव्य छवि, सिंहस्थ 2028 का विजन, भारतीय मानचित्र में जिलावार मध्यप्रदेश, अभ्युदय मध्यप्रदेश 2047 का सूर्योदय दृश्य, नर्मदा नदी की लहरें, खेत और ग्रामीण जीवन, बाघ और जंगल जैसे प्राकृतिक दृश्य भी दिखाई देंगे. इसके अलावा ट्रैक्टर, खेत, उद्योग, हाईवे, मेट्रो, हवाई जहाज और स्मार्ट सिटी मॉडल भी आसमान में नजर आएंगे.
शो में मांडना कला, आदिवासी नृत्य, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का लोगो और डोगला वेधशाला उज्जैन सहित सौर ऊर्जा संयंत्र जैसी आकृतियाँ प्रदर्शित होंगी. ड्रोन ‘जय जवान जय किसान जय विज्ञान जय अनुसंधान’ जैसे प्रेरक संदेश भी दिखाएंगे. साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव की आकृतियाँ भी लाइट स्पेक्टेकल का हिस्सा बनेंगी. (MP Foundation Day 2025)