MP News: मध्य प्रदेश में शिवपुरी जिला अस्पताल से चोरी हुए नवजात शिशु को सागर पुलिस ने सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस ने झांसी रूट पर चल रही एक बस में संदिग्ध महिला को पकड़कर बच्चे को रेस्क्यू किया। महिला ने पूछताछ में शिशु चोरी करने की बात कबूल की। डॉक्टरों की टीम ने जांच के बाद बताया कि बच्चा पूरी तरह स्वस्थ है।
कैसे चला बड़ा सर्च ऑपरेशन
शिशु चोरी की सूचना मिलते ही आईजी सागर हिमानी खन्ना ने पूरे जिले में सर्च ऑपरेशन के निर्देश दिए। एएसपी लोकेश सिन्हा की अगुवाई में 300 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को अलर्ट किया गया। शिवपुरी पुलिस से मिली महिला की तस्वीर और CCTV फुटेज सभी नाकों, थानों और गश्ती दलों को भेजी गई।
स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम और साइबर सेल ने महिला की लोकेशन और मूवमेंट ट्रैक करने में अहम भूमिका निभाई। बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और हाइवे पर सख्त चेकिंग की गई।
बस में ऐसे हुई महिला की पहचान
कैंट थाना क्षेत्र के भैंसा नाका पर पुलिस ने झांसी से सागर आ रही बस को रोका। जांच में एक संदिग्ध महिला बच्चे के साथ मिली। फोटो और फुटेज मिलाने पर उसकी पहचान पुख्ता हुई। पूछताछ में उसने नवजात चोरी करने की बात स्वीकार कर ली।
महिला को हिरासत में लेकर शिशु को सुरक्षित कंट्रोल रूम लाया गया। शिवपुरी पुलिस टीम भी सागर पहुंच गई है और आगे की जांच जारी है।
READ MORE : महिला DSP की करतूत, दोस्त के घर में की मोबाइल और 2 लाख की चोरी, CCTV फुटेज देख उड़े पुलिस के होश