MP News: भोपाल। ईदगाह हिल्स स्थित गुरुनानक हायर सेकेंडरी स्कूल में मंगलवार दोपहर 6वीं कक्षा के 12 वर्षीय छात्र के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार का मामला सामने आया है। परिवार ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल सुरजीत कौर ने बच्चे को थप्पड़ मारे, गाली दी, भविष्य खराब करने की धमकी दी।
शिकायत के बाद शाहजहांनाबाद थाने में स्कूल प्रिंसिपल और प्रबंधन के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
Read More: मुरैना में बिजली समाधान योजना से 2260 उपभोक्ताओं को राहत
चेहरे पर 10 से 15 थप्पड़ों के निशान
छात्र के पिता ने बताया कि मंगलवार दोपहर 2 बजकर 8 मिनट पर स्कूल से कॉल आया कि बेटे की तबीयत खराब है और तुरंत स्कूल पहुंचें। जब वे पहुंचे तो बच्चा अस्त-व्यस्त हालत में मिला। उसके चेहरे पर सूजन, लाल निशान थे। वह सांस लेने में दिक्कत के बाद बेहोश हो गया। परिवार उसे तुरंत चिरायु अस्पताल ले गया, जहां कुछ देर बाद होश आया।
होश में आने के बाद बच्चे ने बताया कि सहपाठी से विवाद होने पर क्लास टीचर उसे प्रिंसिपल के पास ले गईं। यहां प्रिंसिपल सुरजीत कौर ने कॉरिडोर में ही उसे 10 से 15 बार थप्पड़ मारे।
Read More: हॉक फोर्स इंस्पेक्टर Ashish Sharma शहीद, CM ने दी श्रद्धांजलि
पहले भी देती थीं धमकियां
पिता का कहना है कि प्रिंसिपल पहले भी उनके बेटे को बुलाकर टीसी देने और साल खराब कर देने की धमकी देती थीं। घटना के बाद जब पिता ने बात करने की कोशिश की तो प्रिंसिपल ने उनसे भी बदसलूकी की और स्कूल से जबरदस्ती बाहर निकाल दिया।
शिकायत के अनुसार, बेटे के साथ उसी स्कूल में 9वीं में पढ़ने वाली बेटी को भी ऑनलाइन क्लास वाले व्हाट्सऐप ग्रुप से हटा दिया गया है।
Read More: तिरपाल से ढंके कंटेनर में लकड़ी की तस्करी का खुलासा
मां का आरोप
छात्र की मां ने बताया कि उन्हें दोपहर 2 बजकर 3 मिनट पर टीचर प्रज्ञा सोनी का कॉल आया कि प्रिंसिपल बुला रही हैं। स्कूल पहुंचने पर बच्चा बेहोशी की स्थिति में मिला। मां का कहना है कि उन्होंने दूसरे बच्चे के पेरेंट्स को बुलाने की बात कही, लेकिन टीचर्स ने मना कर दिया।
इसी बीच प्रिंसिपल बाहर आईं और मां से कहा आपका बच्चा गुंडा बनेगा। यह कहकर उन्होंने परिवार को स्कूल से बाहर कर दिया। परिवार ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की है।
स्कूल प्रबंधन से संपर्क की कोशिश
घटना के बाद प्रिंसिपल सुरजीत कौर से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। स्कूल प्रबंधन ने भी घटना पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
शाहजहांनाबाद थाना प्रभारी यूपीएस चौहान ने बताया कि शिकायत मिली है। गुरुवार को स्कूल के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जाएगी, उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Read More: कोचिंग जाने का बहाना बनाकर निकली छात्रा, माता-पिता की रोक-टोक से थी नाराज