Chambalkichugli.com

MP Weather: चक्रवाती दबाव से 24 अक्टूबर तक बरसात के आसार, नवंबर से बढ़ेगी ठंड

MP Weather Update

MP Weather: मध्य प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती दबाव के असर से राज्य के कई हिस्सों में अगले चार दिनों तक हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 24 अक्टूबर तक भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सागर और नर्मदापुरम संभाग के जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।

दक्षिणी जिलों में बारिश का अलर्ट

मंगलवार को हरदा, बैतूल, छिंदवाड़ा, सिवनी, मंडला, डिंडोरी, पांढुर्णा और बालाघाट में बारिश के साथ बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। 22 अक्टूबर को चक्रवात का असर बढ़ने से इंदौर, भोपाल, राजगढ़, शाजापुर, खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास, सीहोर, विदिशा, रायसेन, नरसिंहपुर, दमोह और जबलपुर समेत 30 से अधिक जिलों में मौसम बिगड़ सकता है।

बूंदाबांदी की संभावना

दिवाली के दौरान झाबुआ, अलीराजपुर, सिवनी, मंडला, बालाघाट और डिंडोरी में बादल छाए रहे थे। आने वाले दिनों में कुछ जगहों पर हल्की फुहारें या बूंदाबांदी देखने को मिल सकती हैं। दिन में हल्की धूप और रात में ठंडक का असर रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, नवंबर के दूसरे सप्ताह से सर्दी तेज होनी शुरू होगी।

रात के तापमान में गिरावट दर्ज

राज्य में बीते दो दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। भोपाल में 17.2 डिग्री, इंदौर में 20.2, ग्वालियर में 20.5 और जबलपुर में 18 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। नौगांव (छतरपुर) में सबसे कम 16.3 डिग्री और राजगढ़ में 16.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

रिकॉर्ड ब्रेक सर्दी की संभावना

मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि इस साल सर्दी लंबी और कड़ाके की रह सकती है। नवंबर से फरवरी तक तापमान में लगातार गिरावट बने रहने की संभावना है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह ठंड 2010 के बाद सबसे सख्त हो सकती है, क्योंकि उत्तर-पश्चिम भारत में पश्चिमी विक्षोभ अधिक सक्रिय रहेंगे और ला-नीना की स्थिति बनने के संकेत मिले हैं।

READ MORE : जहरीले सिरप से गई 24 बच्चों की जान, न्यायिक हिरासत में कंपनी मालिक रंगनाथन..

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *